संजीवनी दीवाली फ़ेस्ट: गीता धामी रहीं चीफ गेस्ट, कहा- सरकार की ‘वन डिस्ट्रिक्ट टू प्रोडेक्ट’ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में हो रही मददगार 

TheNewsAdda

देहरादून: सिविल सर्विस ऑफ़िसर्स वाइव्स एसोसिएशन( Civil Services Officers Wives Association) द्वारा ओल्ड मसूरी रोड, देहरादून स्थित सिविल सर्विस इंस्टीट्यूट (Civil Services Institute, Dehradun) में आयोजित संजीवनी दिवाली फेस्ट – 2022 (Sanjivani Diwali Fest 2022) का रविवार को समापन हुआ। इस समापन समारोह के अवसर पर सीएम पुष्कर सिंह धामी की पत्नी गीता धामी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से आए करीब 70 स्टालों का अवलोकन किया, जिसमें उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों एवं खानपान को प्रमुखता से दर्शाया गया था। इस दौरान उन्होंने स्थानीय उत्पादों की खरीदारी की एवं उससे संबंधित जानकारियां भी प्राप्त की। 

गीता धामी ने संजीवनी द्वारा आयोजित फेस्ट की खूब सराहना करते हुए कहा कि जहां एक ओर समस्त अधिकारी उत्तराखंड के विकास में अपनी अहम भूमिका निभा रहे हैं, वहीं आप सभी महिलाएं समाज सेवा एवं अंत्योदय के भाव के साथ राज्य एवं देश के विकास में अपना सहयोग कर रही हैं।

 उन्होंने कहा कि संजीवनी संस्थान द्वारा आयोजित मेला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने की ओर एक कदम है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर स्वयं अपने परिवारों का भरण पोषण कर रही हैं और राज्य सरकार द्वारा “वन डिस्ट्रिक्ट टू प्रोडक्ट” (One District Two Products) से भी स्थानीय उत्पादों को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि अन्य वर्षो की भांति इस वर्ष भी संजीवनी दिवाली फेस्ट दो दिनों तक चला। इस साल मेला वोकल फॉर लोकल, आत्मनिर्भर भारत एवं महिला सशक्तिकरण थीम पर केंद्रित रहा। इस दौरान राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह द्वारा निर्मित उत्पादों को स्टालों के माध्यम दिखाया गया।

इनमें पौड़ी जिले में बने मँड़ुवे के बिस्कुट, पहाड़ी फलों जैसे माल्टा, संतरा के जूस, घरों में निर्मित अचार, नैनीताल जिले के स्थानीय उत्पादों, विकासनगर क्षेत्र में निर्मित स्टॉल, शॉल, मफलर, स्वेटर, उत्तरकाशी में निर्मित पंखी, पूजा सामान, पिथौरागढ़ जिले से ऐपण डिजाइन साड़ियाँ एवं तांबे के बर्तन प्रदर्शित एवं बिक्री के लिए लगाए गए। जबकि जोशीमठ की राजमा, पहाड़ी अंजीर के उत्पाद, रिंगाल के उत्पाद, हाथ से बनी मोमबत्ती, मिट्टी के बर्तन, दीए, रिंगाल के उत्पादों, गाय के गोबर से बने उत्पाद, पेंटिंग और हरिद्वार में दिव्यांजन बच्चों द्वारा निर्मित सजावट सामग्री, मोमबत्ती आदि के विशेष उत्पादों को जगह दी गई थी। साथ ही मेले में लगाए गए स्टाल अधिकांश महिलाओं द्वारा संचालित किए गए।

इस अवसर पर संस्था की अध्यक्ष डॉ हरलीन कौर संधु, संजीवनी संस्था की सचिव रश्मि बर्द्धन, उपाध्यक्ष डॉ. अलकनंदा अशोक, कोषाध्यक्ष अंजलि सिन्हा, अंशु पांडे, अनुराधा सुधांशु, आकांक्षा सिन्हा, मथानी फैनई, गुंजन यादव, हरिका राजेश, रजनी तोमर, शिखा पांडे, विनीता कुंवर एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।


TheNewsAdda
error: Content is protected !!