
देहरादून: ऊर्जा निगम के कर्मचारी अपनी 14 सूत्रीय माँगों को लेकर 26-27 जुलाई को हड़ताल पर जा रहे हैं। 26 जुलाई की मध्य रात्रि 12 बजे से शुरू हो रही हड़ताल को लेकर ऊर्जा निगम कर्मचारियों के संयुक्त मोर्चा ने आम लोगों को दीया-बाती, मोमबत्ती, मोबाइल, टॉर्च आदि चार्ज रखने को कह दिया है ताकि किसी अप्रिय घटना का सामना न करना पड़े।
अब उत्तराखंड जनरल ओबीसी एम्पलाइज एसोसिएशन खुलकर ऊर्जा निगम कर्मियों के समर्थन में उतर आई है। एसोसिएशन ने कहा है कि सोमवार को ऊर्जा निगम कर्मियों द्वारा अपनी जायज मांगों के प्रति चलाये जा रहे सांकेतिक आन्दोलन को समर्थन देने हेतु सोमवार सुबह 11 बजे प्रान्तीय कार्यकारिणी की पूरी टीम, गढ़वाल मंडल के पदाधिकारियों तथा जनपद देहरादून की कार्यकारिणी UJVNL मुख्यालय पर जाकर ऊर्जा निगम के आंदोलित कर्मियों का समर्थन करेगी।
एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक जोशी ने आह्लान किया है कि सभी पदाधिकारी कृपया अनिवार्यतः 11.00 बजे UJVNL मुख्यालय, जी0एम0एस0 रोड पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने को कहा है।