News Buzzमनोरंजनसमाज

सेवा संकल्प फाउंडेशन की संस्थापक गीता धामी ने की प्रेस कांफ्रेंस: कहा- उत्तरायणी कौथिक महोत्सव में जुटेंगे 13 जिलों के कारीगर व लोक कलाकार; गवर्नर, सीएम के हाथों मिलेगा नंदा शिखर सम्मान

सेवा संकल्प फाउंडेशन के तत्वावधान में परेड ग्राउंड में 05 से 08 फरवरी तक सजेगा उत्तरायणी कौथिक महोत्सव–2026

Share now
  • लोकसंस्कृति और परंपराओं के संरक्षण का मंच बनेगा उत्तरायणी कौथिक महोत्सव

प्रेरणादायी व्यक्तित्वों को मिलेगा ‘नंदा शिखर सम्मान’, राज्यपाल और मुख्यमंत्री करेंगे सम्मानित

वोकल फॉर लोकल को मिलेगा बढ़ावा, 13 जिलों के कारीगर लगाएंगे स्टॉल

देहरादून। चार दिवसीय उत्तरायणी कौथिक महोत्सव–2026 के संबंध में आज देहरादून स्थित प्रेस क्लब, सेवा संकल्प फाउंडेशन की संस्थापक गीता धामी ने एक प्रेस वार्ता की। उन्होंने महोत्सव की संपूर्ण रूपरेखा, उद्देश्य, तिथियाँ एवं कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी साझा की।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गीता धामी ने बताया कि परेड ग्राउन्ड में 05 फरवरी से 08 फरवरी तक चलने वाले महोत्सव के माध्यम से प्रदेश के उन प्रेरणादायी व्यक्तित्वों को मंच और सम्मान प्रदान किया जाएगा, जिन्होंने साहस, परिश्रम, संकल्प और प्रतिभा से समाज, गांव और प्रदेश को नई पहचान दिलाई है। ऐसे विशिष्ट व्यक्तित्वों को “नंदा शिखर सम्मान” से सम्मानित किया जाएगा। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी “नंदा शिखर सम्मान” देंगे।

उत्तरायणी कौथिक महोत्सव–2026 की एक विशिष्ट पहचान यह है कि प्रदेश के 13 जनपदों से आए कारीगर, किसान, शिल्पकार, लोक कलाकार, लघु उद्यमी एवं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएँ एक ही मंच पर अपने उत्पादों और कला का प्रदर्शन करेंगी। लगभग 100 स्टॉल पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे प्रतिभागियों को सशक्त बाजार और आत्मनिर्भरता का अवसर प्राप्त होगा। यह पहल ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर उत्तराखंड’ की भावना को और मजबूती प्रदान करेगी।

महोत्सव के दौरान उत्तराखंड के पारंपरिक खानपान, स्थानीय उत्पादों, मिलेट्स, हस्तशिल्प एवं लोकसंस्कृति का जीवंत संगम देखने को मिलेगा। साथ ही बच्चों के लिए सांस्कृतिक व रचनात्मक प्रतियोगिताएँ तथा महिलाओं एवं बेटियों के लिए आत्म-सुरक्षा और सशक्तिकरण से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

महोत्सव की शुरुआत गुरुवार प्रातः 11 बजे परेड ग्राउंड, देहरादून से निकलने वाली शोभायात्रा से होगी। शोभायात्रा में मां नंदा देवी एवं गोलज्यू महाराज के साथ अन्य देवी-देवताओं की डोलियाँ, ढोल-नगाड़ों की गूंज के साथ जौनसारी, गढ़वाली, कुमाऊँनी, गोर्खाली व पंजाबी वेशभूषा में लोकसंस्कृति का अनुपम दृश्य प्रस्तुत होगा।

चार दिवसीय महोत्सव के दौरान देश-प्रदेश का नाम रोशन करने वाले सुप्रसिद्ध लोक कलाकारों की प्रस्तुतियाँ आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इनमें गढ़रत्न नरेन्द्र सिंह नेगी, पवनदीप राजन, ललित मोहन जोशी, बी.के. सामंत, सौरभ मैठाणी, गोविंद दिगारी, खुशी जोशी, इंदर आर्या एवं रेशमा शाह सहित अनेक प्रतिष्ठित कलाकार सहभागिता करेंगे। यह महोत्सव उत्तराखंड की गौरवशाली परंपराओं, समृद्ध लोकसंस्कृति, लोककला, लोकगीतों एवं लोकजीवन के संरक्षण, संवर्धन और पुनर्जीवन का एक सशक्त प्रयास है। इसका प्रमुख उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ते हुए लोकविरासत को जीवंत बनाए रखना है।

इस दौरान सेवा संकल्प फाउंडेशन की संस्थापक गीता धामी ने देवभूमि उत्तराखंड की आम जनता, मीडिया एवं संस्कृति प्रेमियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में शामिल हों जिससे इस भव्य सांस्कृतिक आयोजन के प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ सके और उत्तराखंड की अनूठी लोकविरासत को जीवंत बनाए रखने में सहयोग करें। प्रेस वार्ता में दायित्वधारी गीताराम गौड़ समेत फाउंडेशन से जुड़े अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Show More

The News Adda

The News अड्डा एक प्रयास है बिना किसी पूर्वाग्रह के बेबाक़ी से ख़बर को ख़बर की तरह कहने का आख़िर खबर जब किसी के लिये अचार और किसी के सामने लाचार बनती दिखे तब कोई तो अड्डा हो जहां से ख़बर का सही रास्ता भी दिखे और विमर्श का मज़बूत मंच भी मिले. आख़िर ख़बर ही जीवन है.

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!