
New Delhi: देश में कृषि वैज्ञानिकों की प्रमुख संस्था, राष्ट्रीय कृषि विज्ञान अकादमी (NAAS) ने अपने स्थापना दिवस के अवसर पर गुरुवार को पद्म पुरस्कार विजेताओं, NAAS फेलो, किसानों, कृषि-उद्यमियों और मीडिया हस्तियों को उनके संबंधित क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया।
नई दिल्ली में आयोजित समारोह में कृषि पत्रकारिता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान और उपलब्धियों के लिए रूरल वॉयस के एडिटर-इन-चीफ हरवीर सिंह को सम्मानित किया गया।
आउटलुक (हिंदी) के पूर्व संपादक हरवीर सिंह अमर उजाला, दैनिक भास्कर और हिन्दुस्तान जैसे मीडिया समूहों में शीर्ष संपादकीय पदों पर रह चुके हैं। उन्हें कृषि, ग्रामीण विकास और आर्थिक मुद्दों की गहरी समझ रखने वाले पत्रकार के रूप में जाना जाता है। कृषि पत्रकारिता में उनके विशेष योगदान के लिए 2001 में उन्हें संयुक्त राष्ट्र खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) ने वर्ल्ड फूड डे अवार्ड तथा 2002 में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) ने चौधरी चरण सिंह पुरस्कार से सम्मानित किया था।
राष्ट्रीय कृषि विज्ञान अकादमी के अध्यक्ष डॉ. हिमांशु पाठक ने कहा कि यह राष्ट्रीय मीडिया में कृषि क्षेत्र को स्थान दिलाने के लिए लंबे समय से किए जा रहे हरवीर सिंह और प्रभुदत्त मिश्रा के प्रयासों का सम्मान है। वर्ष 1990 में स्थापित राष्ट्रीय कृषि विज्ञान अकादमी (NAAS) ने इस साल अपनी स्थापना के 35 वर्ष पूरे कर लिए हैं। गत 4-5 जून को दिल्ली में अकादमी की 32वीं वार्षिक आम सभा और स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया गया।
इस मौक पर डॉ. पी.के. जोशी (उपाध्यक्ष, एनएएएस), डॉ. अशोक के. सिंह (सचिव, एनएएएस) समेत देश के कई जाने-माने कृषि वैज्ञानिक उपस्थित थे।