
1..2..3..4 ऑल गर्ल पॉवर
UPSC CSE 2022 final result, Ishita Kishore rank 1: देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा सिविल सर्विसेज परीक्षा का फाइनल रिजल्ट घोषित कर दिया गया है। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2022 का रिजल्ट जारी कर दिया है। पिछली बार की तरह इस बार भी यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में लड़कियों ने बाजी मार ली है। इस बार इशिता किशोर ने ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल किया है। जबकि गरिमा लोहिया दूसरी रैंक, उमा हरती एन को रैंक 3 और स्मृति मिश्रा ने देश में चौथा स्थान हासिल किया है। यानी इस बार टॉप 4 रैंक लड़कियों के हाथ आए हैं और टॉप 10 में कुल छह लड़कियां टॉपर बनी हैं।
ज्ञात हो कि पिछली बार की ऑल इंडिया टॉपर श्रुति शर्मा रहीं थी। जबकि दूसरे स्थान पर अंकिता अग्रवाल और थर्ड रैंक गामिनी सिंगला ने हासिल किया था।
सिविल सेवा परीक्षा का रिजल्ट आप UPSC की ऑफिशियल वेबसाइट upsc.gov.in पर चेक कर सकते हैं। इस परीक्षा में टॉप 4 में लड़कियां ही रहीं। ज्ञात हो कि फाइनल रिजल्ट में इस बार कुल 933 कैंडिडेट्स का चयन हुआ है। कैटेगरी के लिहाज से सीटों की बात करें तो 345 कैंडिडेट्स सामान्य श्रेणी (GEN), 99 कैंडिडेट्स आर्थिक रूप से पिछड़े (EWS), 263 अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), 154 अनुसूचित जाति( SC) और 72 अनुसूचित जनजाति (ST) कैटेगरी से चुने गए हैं। जबकि 178 कैंडिडेट्स की रिजर्व लिस्ट भी तैयार की गई है।
जिनका चयन हुआ है उनमें IAS पदों पर चयन के लिए 180 कैंडिडेट्स शॉर्टलिस्ट किए गए हैं। जबकि आईएफएस के लिए 38, आईपीएस के लिए 200 कैंडिडेट्स सिलेक्ट हुए हैं।

UPSC CSE 2022: टॉप 10 कैंडिडेट्स
- इशिता किशोर
- गरिमा लोहिया
- उमा हरति एन
- स्मृति मिश्रा
- मयूर हजारिका
- गहना नव्या जेम्स
- वसीम अहमद
- अनिरुद्ध यादव
- कनिका गोयल
- राहुल श्रीवास्तव
दरअसल 1011 पदों के लिए निकली भर्ती
UPSC ने 03 चरणों में सिविल सेवा 2022 के उम्मीदवारों के पर्सनल इंटरव्यू किए थे, जिसका तीसरा और फाइनल फेज 18 मई 2023 को समाप्त हुआ था। UPSC द्वारा घोषित सिविल सेवा मेन 2022 रिजल्ट के अनुसार, सिविल सेवा प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा में सफल होने वाले लगभग 2,529 उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया था। जबकि प्री एग्जाम पांच जून 2022 को हुआ था जिसका रिजल्ट 22 जून को आया था। वहीं सितंबर 16 से 25 के बीच मुख्य परीक्षा हुई थी जिला रिजल्ट 6 दिसंबर 2022 को घोषित किया गया था।
फिर जामिया का जलवा
इस बार यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के जामिया रेजिडेंशियल फ्री कोचिंग से एससी, एसटी और माइनॉरिटी के कुल 23 कैंडिडेट्स सिलेक्ट हुए हैं जिनमें 12 लड़कियां और 11 लड़के शामिल हैं।