न्यूज़ 360

खटीमा से कांग्रेस ने भरी परिवर्तन की हुंकार: सौ दिन में लोकायुक्त का वादा भूली भाजपा, रोज़गार पर फ़ेल, राज्य को बनाया राजनीतिक लेबोरेटरी, सत्ता में आने पर लोकायुक्त के साथ आधुनिक उत्तराखंड बनाएँगे

Share now

  • भ्रष्टाचार मुक्त राज्य निर्माण के लिए लोकायुक्त के साथ आधुनिक उत्तराखंड बनाएंगे: कांग्रेस
    कांग्रेस सत्ता में आते ही पहले साल में ही सभी विभागों में रिक्त पड़े पदों में नौजवानों को नौकरी देगी: हरीश रावत
    सौ दिन में लोकायुक्त लाने का वादा था आज तक नहीं आया, जनता भाजपा का चाल-चरित्र-चेहरा समझ चुकी, राज्य को राजनीतिक प्रयोगशाला बना डाला: प्रीतम सिंह
  • यात्रा देवभूमि की जनता को भ्रष्ट और निकम्मी सरकार से निजात दिलाने के लिए: देवेन्द्र यादव
  • प्रदेश की जनता परिवर्तन का मन बना चुकी, 2022 में राज्य से भाजपा का सूपड़ा साफ होगा: गणेश गोदियाल
  • उत्तराखंड को खंड-खंड करने वाली भाजपा को अपने पांच साल का हिसाब जनता को देना होगा, इस सरकार से उत्तराखंड सम्भल नहीं रहा, तीन मुख्यमंत्री बदलने के बाद भी आज देवभूमि बदहाल: भुवन कापड़ी

खटीमा: कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा शुक्रवार को खटीमा स्थित शहीद स्मारक में राज्य आंदोलन के शहीदों को पुष्पांजलि के साथ शुरू हुई। इस दौरान राज्य निर्माण के लिए अपनी शहादत देने वाले शहीदों को नमन किया गया। उसके बाद रामलीला मैदान में विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। सभा में आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया गया। साथ ही भ्रष्टाचार मुक्त राज्य निर्माण के लिए लोकायुक्त के साथ आधुनिक उत्तराखंड बनाने वादा किया गया।
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने कहा कि उत्तराखंड के निर्माण में राज्य आंदोलनकारियों के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। कांग्रेस पार्टी आज जिस धरती से परिवर्तन यात्रा का शुभारंभ कर रही है यह वीरों की धरती रही है। उत्तराखंड की जनता महंगाई और बेरोजगारी से परेशान है। इसके बावजूद डबल इंजन की भाजपा सरकार को आम जनता से कोई लेना देना नहीं है। ये यात्रा देवभूमि की जनता को भ्रष्ट और निकम्मी सरकार से निजात दिलाने के लिए है। युवा बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं तो किसान अपने हक के लिए सड़कों पर हैं। कमजोर तबके का जीना दूभर हो गया है।


पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तथा चुनाव प्रचार कमेटी अध्यक्ष हरीश रावत ने कहा कि राज्य निर्माण का रास्ता दिखाने वाली वीरों की भूमि को वह नमन करते हैं। कांग्रेस पार्टी उत्तराखंड को राज्य आंदोलनकारियों और शहीदों के सपनों का राज्य बनाना चाहती है, इसीलिए शहीदों की भूमि खटीमा से परिवर्तन यात्रा शुरू करने का निर्णय लिया। रावत ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार में उत्तराखंड के साथ पूरा देश परेशान है। दिल्ली के चारों ओर किसानों की ललकार है और हम खटीमा से हुंकार भर रहे हैं। यह सरकार किसानों को बर्बाद कर देना चाहती है। गरीबों के चूल्हे में प्रधानमंत्री मोदी ने महंगाई की आग लगा रखी है। राहुल गांधी जनता के इस दर्द को बखूबी समझते हुए केंद्र सरकार को लगातार कटघरे में खड़ा कर रहे हैं। राज्य का युवा बेरोजगारी से परेशान है। विभिन्न सरकारी विभागों में 22000 से अधिक पद खाली पड़े हैं। फिर भी यह सरकार युवाओं को नौकरी नहीं दे रही है। कांग्रेस सत्ता में आते ही पहले साल में ही सभी विभागों में रिक्त पड़े पदों में नौजवानों को नौकरी देगी। भ्रष्टाचार मुक्त सरकार देने के साथ ही महिला आर्थिक सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के साथ ही प्रदेश की जनता परिवर्तन का मन बना चुकी है। 2022 में राज्य से भाजपा का सूपड़ा साफ हो जाएगा।
नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि साढ़े चार सालों में बीजेपी सरकार ने हालात बद से बदतर कर दिए। सौ दिन में लोकायुक्त लाने का वादा था आज तक नहीं आया। प्रदेश की जनता भाजपा का चाल-चरित्र सब समझ चुकी है। बीजेपी ने राज्य को राजनीतिक प्रयोगशाला बनाकर रख दिया है।
कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष भुवन कापड़ी ने कहा कि पूरी तरह उत्तराखंड को खंड-खंड करने वाली भाजपा को अपने पांच साल के शासन का हिसाब जनता को देना होगा। इस सरकार से उत्तराखंड सम्भल नहीं पा रहा है। तीन मुख्यमंत्री बदलने के बाद भी आज देवभूमि बदहाल है।
परिवर्तन यात्रा में मुख्य रूप से प्रदेश सह प्रभारी दीपिका पांडे सिंह, राजेश धर्माणी, राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, कार्यकारी अध्यक्ष तिलक राज बेहड़, प्रोफेसर जीत राम, रंजीत रावत, प्रकाश जोशी, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सरिता आर्या, प्रदेश मीडिया प्रभारी जरिता लैतफलांग, प्रदेश प्रवक्ता दीपक बल्यूटिया, डॉ महेंद्र पाल, हेमेश खर्कवाल, मनोज तिवारी, आनंद रावत, हरीश धामी, आदेश चौहान, गणेश उपाध्याय, प्रीत ग्रोवर, खजान पांडे, महेश शर्मा, लवि चिलवाल आदि मौजूद रहे।

Show More

The News Adda

The News अड्डा एक प्रयास है बिना किसी पूर्वाग्रह के बेबाक़ी से ख़बर को ख़बर की तरह कहने का आख़िर खबर जब किसी के लिये अचार और किसी के सामने लाचार बनती दिखे तब कोई तो अड्डा हो जहां से ख़बर का सही रास्ता भी दिखे और विमर्श का मज़बूत मंच भी मिले. आख़िर ख़बर ही जीवन है.

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!