
देहरादून: पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के कैंपेन कमांडर हरीश रावत ने गुरुवार को फिर बाग़ियों पर हमला बोला। हरदा ने कहा कि कुछ भाजपा सरकार के मंत्री और विधायक बड़ी व्यग्रता और जोर शोर से, हर संभव उपायों से कांग्रेस का दरवाजा पीट रहे हैं। हरदा ने कहा कि हमारे दरवाजे बंद नहीं हैं लेकिन जिन लोगों ने भाजपा की बुरी गत कर डाली है उनको पार्टी में लेने पर हमें संकोच जरूर है।
दरअसल यह इशारों इशारों में हरदा का बाग़ियों पर तीखा निशाना है। हरदा लगातार कांग्रेस से बगावत कर जाने वालों को उज्याडू बल्द कहकर भाजपा की सियासी खेती बरबाद करने का आरोप लगाते आये हैं। अब रावत ने नए सिरे से ऐसे नेताओं को भाजपा की कुगच करने वाला करार दिया है। हरदा ने भाजपा पर पैसे के दम पर खरीद फ़रोख़्त कर दलबदल कराने का गंभीर आरोप भी लगाया है। हरदा ने कहा कि उन लोगोँ के लिए दरवाजे खुले हैं जिनको स्वीकारने को कार्यकर्ताओं की बाँहें भी आगे बढ़ी हुई हैं। लेकिन कार्यकर्ता का गला घोटकर बाग़ियों को स्वीकारा नहीं जाएगा।
यहां पढ़िए हरदा ने क्या कहा हूबहू:
कुछ #विधायक व मंत्री, कांग्रेस में सम्मिलित होने के लिए बड़ी व्यग्रता व जोर-जोर से, हर संभव उपायों से दरवाजा खटखटा रहे हैं। हमारे दरवाजे बंद नहीं हैं, मगर कुछ लोग जिन्होंने भाजपा की कुगत की है उनको कांग्रेस में, लेने में हमें संकोच जरूर है। फिर जिन कार्यकर्ताओं ने 2017 की भीषणतम राजनैतिक आपदा से उबार कर कांग्रेस को इस लायक बनाया है कि #कांग्रेस पार्टी में आने के लिये, #भाजपा में भगदड़ मची हुई है तो आखिर उन कार्यकर्ताओं का हित भी तो देखना पड़ेगा। यहां हमारे पास चुनावी समर में विजय होने की संभावनाओं वाले लोग हैं, उन क्षेत्रों में हम उन कार्यकर्ताओं के हित को संरक्षित करेंगे। पार्टी को अपने निष्ठावान कार्यकर्ताओं पर भरोसा है। हम भाजपा नहीं हैं जो पैसों से खरीदकर के भी दल-बदल करवाएं और अपने कार्यकर्ताओं का गला काटने में संकोच न करें। कांग्रेस पार्टी उन्हीं लोगों को पार्टी में शामिल कर रही है जिनका स्वागत करने के लिए कार्यकर्ताओं की बाहें भी आगे बढ़ी हुई हैं।



