ग्रेड पे का अब तक उलझा गणित सीएम धामी ने यूं सुलझाया: 20 साल सेवाकाल पूरा कर चुके 1500 पुलिसकर्मियों को दिवाली तोहफा, बाक़ियों के लिए भी खुल गया रास्ता, कार्मिक महासंघ ने किया वेलकम

TheNewsAdda

देहरादून: पुलिस ग्रेड पे के लगातार उलझते जा रहे पेंच और बार-बार पुलिस परिजनों के सड़कों पर उतरने से हो रही सरकार और पुलिस महकमे की फजीहत से सीएम पुष्कर सिंह धामी ने अब बचा लिया है। गुरुवार को पुलिस स्मृति दिवस परेड को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऐलान किया कि 2001 बैच के पुलिस कर्मियों को 4600 Grade Pay दिया जाएगा।

जाहिर है सीएम धामी के इस बड़े ऐलान से पुलिस कर्मियों की एक बड़ी और लटकती आ रही मांग पर मुहर लग गई है तथा 20 साल से कम सर्विस वाले पुलिस कर्मियों के लिए वेतन विसंगति समिति के माध्यम से रास्ता खोल दिया गया है। सीएम धामी की इस घोषणा का फायदा वर्ष 2001 बैच के 1500 सिपाहियों को मिलेगा। इसी के साथ ग्रेड पे बढ़ोत्तरी के बाद सरकारी खजाने पर इस साल 4.6 करोड़ रुपये और अगले साल से 15 करोड़ रुपये का वित्तीय भार पड़ेगा। जाहिर है ग्रेड पे की मांग लगातार तेज होती जा रही थी और इसे पूरी कराने को लेकर 2001 बैच के सिपाहियों के परिवारजन दो बार सड़को पर भी उतर चुके।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वर्ष 2001 बैच के सिपाहियों की सेवा के 20 साल इस साल अक्टूबर में पूरे हो गए हैं। लिहाजा इन पुलिसकर्मियों का ग्रेड पे इसी माह से ही 4600 कर दिया जाएगा। जबकि 2001 के बाद के बैच के सिपाहियों के ग्रेड पे पर फैसला वेतन समिति के जरिए होगा। इसी मौके पर सीएम धामी ने शहीद पुलिसकर्मियों के नाम पर स्कूल और सड़क मार्गों का नामकरण करने की भी घोषणा की। साथ ही अपराधियों पर घोषित की जाने वाली इनामी राशि को बढ़ाने का भी ऐलान किया।

आइए समझते हैं आखिर क्या है ग्रेड पे का गणित?

दरअसल उत्तराखंड पुलिस में सिपाहियों को भर्ती के समय 2000 रुपये ग्रेड पे मिलता है। जबकि पूरे सेवाकाल में पुलिस कर्मियों को तीन एसीपी (एश्योर्ड करियर प्रोग्रेशन) मिलती हैं। पहले एसीपी का फायदा 10, 16 और 26 साल में मिलता था जिसके तहत 10 साल बाद सिपाहियों को हेड कांस्टेबल का 2400 ग्रेड पे और 16 साल बाद दारोगा का 4600 ग्रेड पे मिलता था। फिर चाहे उनका प्रमोशन हो या न हो। तीसरा ग्रेड पे 4800 रुपये था, जो निरीक्षक का है। लेकिन सातवां वेतनमान लगने के बाद एसीपी की पुराना व्यवस्था भी बदल दी गई। नई व्यवस्था में एसीपी का लाभ देने की अवधि 10, 20 व 30 वर्ष कर दी गई। इसके साथ ही दूसरे ग्रेड पे (जो 20 वर्ष की सेवा के बाद दिया जाना है) की राशि 4600 की बजाय 2800 कर दी गई।लिहाजा इसी का विरोध पुलिसकर्मियों के परिजन काफी समय से कर रहे थे।

अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस माँग को मंजूर कर न केवल 20 साल की सेवा अवधि पूरी कर चुके पुलिस कर्मियों को दिवाली गिफ्ट दिया है बल्कि उसके बाद के बैच के पुलिस कर्मियों के साथ-साथ अन्य विभागों के अफसरों-कार्मिकों को भी अपनी लंबित माँगों को लेकर नई ऊर्जा और आश्वस्ति दे दी है। उत्तराखंड अधिकारी-कार्मिक-शिक्षक महासंघ ने पुलिस कर्मियों को ग्रेड पे 4600 की अनुमन्यता की घोषणा के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया है। साथ ही महासंघ के साथ-साथ समस्त पुलिस परिवारों को भी उनके संघर्ष की जीत पर बधाई दी है।

महासंघ ने बयान जारी कर कहा है कि निश्चित रूप से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस परिवारों की पीड़ा को समझते हुए कार्मिक हित में एक सकारात्मक व बड़ा निर्णय लेकर अपने दूरदर्शी सकारात्मक दृष्टिकोण का परिचय दिया है। महासंघ के कार्यकारी अध्यक्ष दीपक जोशी ने कहा है कि पुलिस परिवारों के इस संघर्ष में हम लोग सदैव उनके साथ रहे हैं और इस निर्णय के लिये प्रदेश के मुखिया पुष्कर सिंह धामी की महासंघ की तरफ से भूरि-भूरि प्रशंसा की जाती है। जोशी ने कहा कि आज युवा मुख्यमंत्री ने अपनी ऊर्जा और सकारात्मक सोच प्रदर्शित कर हम तमाम कार्मिक संगठनों को नई आश्वस्ति दे दी है कि तमाम जायज़ा लंबित माँगों का वह तेजी से निपटारा करेंगे।


TheNewsAdda

TNA

जरूर देखें

03 May 2023 2.22 pm

TheNewsAddaधामी कैबिनेट…

11 Feb 2023 5.16 pm

TheNewsAddaUttarakhand News: एक तरफ…

06 Aug 2021 6.53 am

TheNewsAdda एसडीसी फाउंडेशन…

error: Content is protected !!