News Buzzन्यूज़ 360

5 साल में 35 हजार नौकरियां, UCC और भ्रष्टाचार के खात्मे पर धामी का फोकस; CM ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

मुख्यमंत्री बोले- युवाओं को योग्यता के आधार पर रोजगार, भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस और महिलाओं को समान अधिकार देना सरकार की प्राथमिकता

Share now

CM धामी ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां: 35 हजार नौकरियां, UCC और भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि उत्तराखंड में युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने से लेकर महिलाओं के सशक्तीकरण और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने तक कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले पांच वर्षों में प्रदेश के 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाना और युवाओं को उनकी मेहनत तथा योग्यता के आधार पर अवसर उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री मंगलवार को देहरादून में आईएसबीटी के निकट एक होटल में HNN न्यूज चैनल की ओर से आयोजित ‘उत्तराखंड उदय कॉन्क्लेव’ में प्रतिभाग कर रहे थे। विभिन्न विषयों पर पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने राज्य सरकार के फैसलों, विकास योजनाओं और भविष्य की प्राथमिकताओं को सामने रखा।

नकल विरोधी कानून से भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। सरकार का प्रयास है कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे और योग्य अभ्यर्थियों को उनके परिश्रम का उचित परिणाम मिले। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

UCC को बताया महिला अधिकारों की दिशा में अहम कदम

समान नागरिक संहिता (UCC) का उल्लेख करते हुए धामी ने कहा कि उत्तराखंड इसे लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। उनके अनुसार, यह महिलाओं को समान अधिकार और कानूनी मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को केवल अधिकारों तक सीमित रखने के बजाय उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से महिलाओं को रोजगार, स्वरोजगार और आजीविका बढ़ाने वाली योजनाओं से जोड़ा जा रहा है।

भ्रष्टाचार की शिकायत के लिए हेल्पलाइन 1064

मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की नीति को दोहराते हुए कहा कि प्रदेश में जीरो टॉलरेंस के सिद्धांत पर काम किया जा रहा है। भ्रष्टाचार की शिकायतों के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 उपलब्ध कराया गया है, जिसके माध्यम से नागरिक अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। भ्रष्टाचार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

चारधाम यात्रा में 59 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे 

चारधाम यात्रा को प्रदेश की आस्था और पर्यटन अर्थव्यवस्था से जोड़ते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष यात्रा में 59 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। उन्होंने इसे उत्तराखंड के प्रति श्रद्धालुओं के विश्वास का प्रमाण बताया।

धामी के अनुसार, सरकार यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सड़क, स्वास्थ्य, यातायात और सुरक्षा सुविधाओं को बेहतर कर रही है। इसके साथ ही अन्य धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा हों।

विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे। शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी सुविधाओं, पर्यटन विस्तार, युवाओं के रोजगार और महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को संरक्षित रखते हुए विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों के जरिए उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने की प्रतिबद्धता जताई।

Show More

The News Adda

The News अड्डा एक प्रयास है बिना किसी पूर्वाग्रह के बेबाक़ी से ख़बर को ख़बर की तरह कहने का आख़िर खबर जब किसी के लिये अचार और किसी के सामने लाचार बनती दिखे तब कोई तो अड्डा हो जहां से ख़बर का सही रास्ता भी दिखे और विमर्श का मज़बूत मंच भी मिले. आख़िर ख़बर ही जीवन है.

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!