
- उत्तराखंड में मिशन 2027: सैलजा ने छह दिन में क्या साधा? कांग्रेस के दिग्गजों के साथ चुनावी रणनीति पर मंथन
- सैलजा के दौरे से कांग्रेस में कितना मजबूत हुआ एकजुटता का संदेश? 2027 से पहले भाजपा के खिलाफ आंदोलन की तैयारी
Adda Politics, Dehradun। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव-2027 की राजनीतिक बिसात पर भाजपा और कांग्रेस के बीच दांव-पेंच तेज हो गए हैं। सत्ता में तीसरी पारी के लिए भाजपा दावे ठोक रही है तो कांग्रेस ने भी सत्ता से अपना वनवास खत्म करने के लिए चुनावी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। भाजपा जब हरिद्वार में विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित कर रही, तब कांग्रेस महासचिव और प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा का छह दिवसीय उत्तराखंड दौरा कई मायनों में महत्वपूर्ण करार दिया जा रहा है। 17 से 22 नवंबर तक चले इस दौरे में उन्होंने कुमाऊं से लेकर गढ़वाल तक कार्यकर्ताओं से संवाद किया, संगठन की जमीनी स्थिति का फीडबैक लिया और भाजपा सरकार के खिलाफ पार्टी के अभियान को धार देने की कोशिश की।
सैलजा के दौरे का समापन रविवार को देहरादून में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ हुई अहम बैठक के साथ हुआ। इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक का राजनीतिक संदेश साफ था कि कांग्रेस 2027 की लड़ाई के लिए संगठन को सक्रिय करने के साथ अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को एक साझा रणनीति के तहत मैदान में उतारना चाहती है।
टनकपुर से थराली तक छह दिन का सियासी दौरा, सैलजा और कांग्रेस की रणनीति?
उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा का यह दौरा पार्टी की चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दौरे के माध्यम से सैलजा ने कुमाऊं और गढ़वाल के कई विधानसभा क्षेत्रों के स्थानीय मुद्दों को उठाया और कार्यकर्ताओं की सक्रियता तथा टिकट के दावेदारों के दमखम का आकलन भी किया।
सैलजा का दौरा
* 17 नवंबर, टनकपुर: कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर दौरे की शुरुआत।
* 18 नवंबर, लोहाघाट: जनसभा को संबोधित किया। इसके बाद पिथौरागढ़ में हस्ताक्षर अभियान और कार्यकर्ता बैठक में भाग लिया।
* 19 नवंबर, बेरीनाग: गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक संवाद।
* 20 नवंबर, बागेश्वर: कार्यकर्ताओं के साथ बैठक और संगठन की मजबूती पर चर्चा। इस दौरान पूर्व सीएम हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य में माला पहनाने को लेकर पहले आप- पहले आप वाला कथित विवाद भी सामने आया था।
* 21 नवंबर, थराली: गढ़वाल मंडल के कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में भागीदारी। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल भी साथ रहे।
* 22 नवंबर, देहरादून: प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ आने वाले कार्यक्रमों और 2027 के चुनाव की रणनीति पर मंथन।
थराली में भाजपा पर सीधा हमला, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी बने सियासी हथियार
सैलजा के दौरे का सबसे मुखर राजनीतिक पड़ाव 21 नवंबर को चमोली जिले का थराली विधानसभा क्षेत्र रहा। यहां आयोजित गढ़वाल मंडल कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में उन्होंने भाजपा सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि जनता परिवर्तन का मन बना चुकी है और भाजपा सरकार की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है।
कुमारी सैलजा ने खनन, भ्रष्टाचार और जमीनों से जुड़े मामलों को लेकर धामी सरकार पर आरोप लगाए। उन्होंने सरकारी जमीनों की बिक्री से जुड़े मामलों की जांच की मांग भी उठाई। साथ ही थराली के विकास और ब्लॉक मुख्यालय तक जाने वाली सड़क की स्थिति पर सवाल खड़े किए।
सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सरकार के खिलाफ लड़ाई में कांग्रेस की एकजुटता को जरूरी बताया। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने बेरोजगारी और नकल माफिया का मुद्दा उठाया, जबकि कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य करन माहरा ने अंकिता भंडारी हत्याकांड और कथित वीआईपी प्रकरण को लेकर सरकार को घेरा।
बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला ने बदरीनाथ में चंदा चोरी और केदारनाथ में सोने से जुड़े विवादों पर सवाल उठाए। पूर्व विधायक डॉ. जीतराम ने महंगाई, पलायन, बेरोजगारी और स्वास्थ्य-शिक्षा सुविधाओं की कमी को मुद्दा बनाया।
दरअसल, यह सम्मेलन इसलिए भी अहम रहा क्योंकि कांग्रेस ने यहां स्थानीय विकास के सवालों को प्रदेशव्यापी राजनीतिक मुद्दों से जोड़ने की कोशिश की। इससे पार्टी की रणनीति का एक संकेत मिलता है कि 2027 की लड़ाई में भ्रष्टाचार के आरोपों के साथ बेरोजगारी, पलायन, स्वास्थ्य, शिक्षा और क्षेत्रीय विकास को प्रमुखता दी जाएगी।
देहरादून में एक मंच पर कांग्रेसी दिग्गज, दूरियां पाटने में कामयाब होगी पार्टी?
रविवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में हुई बैठक कुमारी सैलजा के दौरे का सबसे महत्वपूर्ण राजनीतिक पड़ाव रही। इसमें प्रदेश प्रभारी ने वरिष्ठ नेताओं से प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और जमीनी स्तर पर संगठन की गतिविधियों का फीडबैक लिया।
बैठक में जिन प्रमुख चेहरों की मौजूदगी रही, वह अपने आप में राजनीतिक महत्व रखती है।
* गणेश गोदियाल – प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष
* यशपाल आर्य – नेता प्रतिपक्ष
* हरीश रावत – पूर्व मुख्यमंत्री
* प्रीतम सिंह – चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष
* डॉ. हरक सिंह रावत – चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष
* करन माहरा – कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य
* गुरदीप सिंह सप्पल – कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य
* भुवन कापड़ी – उपनेता प्रतिपक्ष
* सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव – प्रदेश सह प्रभारी
* प्रकाश जोशी – पश्चिम बंगाल प्रभारी
दरअसल, राजनीतिक रूप से इस बैठक का महत्व इसलिए बढ़ जाता है क्योंकि उत्तराखंड कांग्रेस में अलग-अलग समय पर नेतृत्व, चुनावी चेहरे और संगठनात्मक प्राथमिकताओं को लेकर चर्चाएं होती रही हैं। ऐसे में सैलजा की मौजूदगी में वरिष्ठ नेताओं का एक साथ बैठना संगठन के भीतर समन्वय बनाने की कोशिश के रूप में देखा जा सकता है। कांग्रेस के सामने असली चुनौती इस साझा मंच को बूथ स्तर तक सक्रियता और चुनावी तालमेल में बदलने की है।
26 नवंबर को लोकभवन कूच: कांग्रेस का अगला बड़ा शक्ति प्रदर्शन
सैलजा के दौरे के साथ ही कांग्रेस ने अपने अगले राजनीतिक कार्यक्रम की जमीन भी तैयार कर ली है। पार्टी ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर 10 नवंबर से प्रदेशव्यापी हस्ताक्षर अभियान शुरू किया था। अब इस अभियान को 26 नवंबर को लोकभवन कूच के रूप में परिणति देने की तैयारी है। पार्टी ने जिला, महानगर और ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों को 23 नवंबर तक हस्ताक्षरयुक्त बैनर और पोस्टर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में जमा करने के निर्देश दिए हैं। 26 नवंबर को प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा और पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रदेशभर से आने वाले कार्यकर्ताओं के साथ लोकभवन कूच करेंगे। इसके बाद राज्यपाल को हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपा जाएगा।
यह कार्यक्रम कांग्रेस के लिए अपनी राजनीतिक ताकत और सरकार के खिलाफ जनसमर्थन प्रदर्शित करने का अवसर होगा। खास बात यह है कि सैलजा के दौरे में जनसंवाद और संगठनात्मक बैठकों के साथ इस अभियान को भी लगातार राजनीतिक प्राथमिकता दी गई।
भाजपा भी मिशन 2027 में जुटी, हरिद्वार में विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति का मंथन
कांग्रेस के इस दौरे को भाजपा की चुनावी तैयारियों के समानांतर भी देखना होगा। भाजपा ने 21 और 22 नवंबर को हरिद्वार में अपनी विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित की, जिसमें 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति और सांगठनिक कार्यक्रमों पर मंथन हुआ।

बैठक में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी राम माधव और सह प्रभारी बांसुरी स्वराज समेत पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए। स्वाभाविक ही यह बैठक विधानसभा चुनाव के लिहाज से भाजपा के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
कांग्रेस के सामने चुनावी मैदान में एकजुटता की असल चुनौती!
कुमारी सैलजा के छह दिवसीय दौरे से कांग्रेस की प्राथमिकताएं काफी हद तक स्पष्ट होती हैं। पार्टी तीन मोर्चों पर आगे बढ़ने की कोशिश कर रही है।
पहला, संगठन की मजबूती: कुमाऊं से गढ़वाल तक कार्यकर्ताओं के साथ संवाद और वरिष्ठ नेताओं से फीडबैक लेकर संगठन की जमीनी स्थिति को समझना।
दूसरा, जनमुद्दों पर सरकार को घेरना: भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महिला सुरक्षा, पलायन, महंगाई, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे मुद्दों को प्रदेशव्यापी आंदोलन का आधार बनाना।
तीसरा, 2027 की चुनावी तैयारी: पार्टी की विचारधारा को जनता तक पहुंचाने, नेताओं के बीच समन्वय बढ़ाने और कार्यकर्ताओं को चुनावी अभियान के लिए सक्रिय करना।
प्रदेश कांग्रेस की 22 नवंबर की बैठक में भी इन्हीं मुद्दों को लेकर जनसंवाद, जनजागरण, हस्ताक्षर अभियान और आंदोलनात्मक कार्यक्रमों को तेज करने पर जोर दिया गया। लेकिन कांग्रेस के लिए सबसे बड़ा सवाल अभी भी यही है कि क्या पार्टी अपने वरिष्ठ नेताओं की राजनीतिक सक्रियता को एक साझा चुनावी नेतृत्व में बदल पाएगी? क्या जनमुद्दों पर आंदोलन को गांव, ब्लॉक और बूथ स्तर तक पहुंचाया जा सकेगा? और क्या भाजपा के मुकाबले कांग्रेस जनता के सामने कोई स्पष्ट वैकल्पिक राजनीतिक एजेंडा रख पाएगी?
सैलजा का छह दिवसीय दौरा इन सवालों की शुरुआत जरूर करता है, लेकिन इनके जवाब आने वाले महीनों में कांग्रेस के संगठनात्मक प्रदर्शन और राजनीतिक रणनीति से ही मिलेंगे। हरदा- आर्य फूलमाला एपिसोड ने इन चिंताओं को मिटाने के बजाय कहीं न कहीं और अधिक बल देने का काम किया है।



