Adda स्पेशलNews Buzzन्यूज़ 360समाज

प्रवासी उत्तराखंडियों से विकास की नई उड़ान! गांवों को संवारने से लेकर निवेश तक, धामी सरकार ने मांगा साथ

तीसरे प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन में मुख्यमंत्री का आह्वान- अपनी जड़ों से जुड़ें, अनुभव और सामर्थ्य से देवभूमि के विकास में भागीदार बनें; 30 प्रवासियों ने गोद लिए पैतृक गांव, विजन-2047 पर विशेषज्ञों ने दिए सुझाव, युवाओं को सुनाई संघर्ष से सफलता तक की कहानी

Share now
  • उत्तराखंड के विकास में अब प्रवासियों की बारी! 30 गांव गोद, विजन-2047 में निवेश और विशेषज्ञता पर मंथन
  • प्रवासी उत्तराखंडियों से सीएम धामी की अपील: गांवों में लौटें, निवेश करें और युवाओं को दें नई उड़ान

देहरादून। उत्तराखंड से बाहर रहकर देश-दुनिया में अपनी पहचान बनाने वाले प्रवासी उत्तराखंडी अब अपनी जन्मभूमि के विकास में भी भागीदार बनने को तैयार हैं। कोई अपने पैतृक गांव को संवारने की पहल कर रहा है तो कोई अपने तकनीकी ज्ञान, अनुभव, निवेश और उद्यमशीलता से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने का इच्छुक है। प्रवासियों के इसी सामर्थ्य को राज्य की विकास यात्रा से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित तीसरे प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन में विकसित उत्तराखंड के निर्माण के लिए सामूहिक सहभागिता का संदेश सामने आया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रवासी उत्तराखंडियों को राज्य की अमूल्य निधि बताते हुए कहा कि उनकी प्रतिभा, अनुभव, ज्ञान और संसाधनों का लाभ प्रदेश के विकास को नई गति दे सकता है। उन्होंने प्रवासियों से अपनी संस्कृति, परंपराओं और जड़ों से जुड़े रहने के साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, बागवानी, पर्यटन, उद्यमिता और स्वरोजगार के क्षेत्रों में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। सम्मेलन में अपने पैतृक गांवों को गोद लेकर उनके विकास में योगदान देने की पहल करने वाले 30 प्रवासियों का मुख्यमंत्री ने विशेष आभार जताया।

दून विश्वविद्यालय में शुक्रवार को आयोजित सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे प्रवासी उत्तराखंडियों, विषय विशेषज्ञों, उद्यमियों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों ने विकसित उत्तराखंड के रोडमैप पर विचार साझा किए। सम्मेलन के विभिन्न सत्रों में जहां राज्य के विकास के लिए प्रवासियों की भूमिका, निवेश और विशेषज्ञता के उपयोग पर चर्चा हुई, वहीं युवाओं को संघर्ष, नवाचार और उद्यमिता के रास्ते आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।

गांवों से जुड़ाव, विकास में भागीदारी का नया मॉडल

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रवासी उत्तराखंडी जहां भी रहते हैं, अपनी मातृभूमि से उनका भावनात्मक जुड़ाव बना रहता है। सम्मेलन में ऐसा अनुभव हो रहा है, जैसे एक ही परिवार के सदस्य लंबे समय बाद अपने घर लौटकर एक स्थान पर एकत्र हुए हों। उन्होंने कहा कि प्रवासी समाज केवल उत्तराखंड की पहचान को देश-दुनिया में आगे बढ़ाने का काम नहीं कर रहा, बल्कि प्रदेश के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

अपने पैतृक गांवों को गोद लेकर विकास कार्यों में सहयोग देने वाले 30 प्रवासियों की पहल को मुख्यमंत्री ने सामाजिक उत्तरदायित्व और मातृभूमि के प्रति समर्पण का उदाहरण बताया। सीएम धामी ने विश्वास जताया कि इससे दूसरे प्रवासी भी अपने गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी सुविधाओं और आजीविका के अवसर बढ़ाने के लिए प्रेरित होंगे।

उन्होंने राज्य की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू की गई है और सख्त नकल विरोधी कानून के माध्यम से भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है तथा 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। प्रदेश में 3.5 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

कृषि और बागवानी को रोजगार से जोड़ने के लिए एप्पल, कीवी और तिमुर मिशन को आगे बढ़ाया जा रहा है। स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग के लिए शुरू किए गए हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड से छह करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क, रेल और हवाई संपर्क के विस्तार के साथ सौंग, जमरानी और लखवाड़ बांध जैसी परियोजनाओं पर भी काम किया जा रहा है। किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर, पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार और हेलीपोर्ट निर्माण की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार योजनाएं बना सकती है और उनका क्रियान्वयन सुनिश्चित कर सकती है, लेकिन विकास की व्यापकता और समृद्धि समाज के सभी वर्गों की सामूहिक भागीदारी से ही संभव है।

विजन-2047 में प्रवासियों की विशेषज्ञता का उपयोग करने पर जोर

सम्मेलन के दूसरे सत्र में विकसित उत्तराखंड के विजन डॉक्यूमेंट-2047 पर विस्तार से चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने प्रदेश की प्राकृतिक संपदा, औषधीय पौधों, सहकारिता, पर्यटन, शहरी विकास और बेहतर मार्केटिंग को आर्थिक प्रगति के महत्वपूर्ण आधार के रूप में रेखांकित किया।

सत्र की अध्यक्षता करते हुए प्रमुख सचिव डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम ने कहा कि राज्य सरकार विजन डॉक्यूमेंट-2047 को सामने रखकर तीन चरणों में विकास की रणनीति पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि आधारभूत ढांचे को मजबूत करने से लेकर तीव्र और सतत विकास के लक्ष्यों तक पहुंचने की योजना तैयार की गई है। जिलों के बीच विकास की असमानता को देखते हुए जिला स्तर पर भी अलग-अलग विजन डॉक्यूमेंट तैयार किए जा रहे हैं।

जीबी पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान के पूर्व निदेशक पद्मश्री प्रो. एएन पुरोहित ने विजन डॉक्यूमेंट को उत्कृष्ट बताते हुए औषधीय पौधों की वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के प्राकृतिक संसाधनों का बेहतर उपयोग प्रदेश को आर्थिक रूप से मजबूत बना सकता है।

केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय के एलआईएनएसी के महानिदेशक डॉ. मनोज कुमार ने सहकारिता मॉडल के माध्यम से विकास को गति देने की बात कही। उन्होंने सरकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित करने पर भी जोर दिया।

आईआईएफटी के पूर्व कुलपति प्रो. मनोज पंत ने शहरी सुधारों पर ध्यान देने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि पर्यावरण, फल, खाद्य उत्पाद और पर्यटन उत्तराखंड की प्रमुख ताकत हैं। डिश टीवी के सीओ एवं कार्यकारी निदेशक मनोज डोभाल ने कहा कि स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता के साथ उनकी मार्केटिंग पर भी विशेष ध्यान देना होगा।

पीएचडीसीसीआई के सीईओ एवं महासचिव डॉ. रणजीत मेहता ने प्रवासी विशेषज्ञों और युवाओं को जोड़ने के लिए एक ऐसा प्लेटफॉर्म बनाने का सुझाव दिया, जहां विशेषज्ञ अपने अनुभव और ज्ञान से नई पीढ़ी का मार्गदर्शन कर सकें।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भी प्रवासियों को राज्य का वास्तविक ब्रांड एंबेसडर बताते हुए कहा कि उनकी तकनीकी विशेषज्ञता, उद्यमशीलता और निवेश से विकसित उत्तराखंड के संकल्प को गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि अक्टूबर 2022 में प्रवासी उत्तराखंड प्रकोष्ठ और अप्रैल 2025 में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में प्रवासी उत्तराखंड परिषद का गठन किया गया। प्रवासियों के पंजीकरण और सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए वेबसाइट भी विकसित की गई है।

संघर्ष से सफलता तक की कहानियों ने युवाओं को दिखाई राह

सम्मेलन का तीसरा सत्र युवाओं के लिए प्रेरणादायी रहा। देश-दुनिया में अपनी पहचान बनाने वाले प्रवासी उत्तराखंडियों ने अपने संघर्ष और सफलता के अनुभव साझा करते हुए युवाओं को चुनौतियां स्वीकारने, नए अवसर तलाशने और अपने सपनों के लिए मेहनत करने का संदेश दिया।

चमोली के थराली क्षेत्र के सामान्य परिवार से निकलकर कैंब्रिज तक पहुंचे वैज्ञानिक डॉ. भगवती प्रसाद जोशी ने अपनी संघर्ष यात्रा साझा की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी क्षेत्रों में क्रांतिकारी परिवर्तन हो रहे हैं और युवाओं को नए क्षेत्रों में उत्साह के साथ काम करना चाहिए।

टिहरी की जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण ने दिल्ली में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद रिवर्स पलायन कर अपने क्षेत्र में काम करने का अनुभव साझा किया। उन्होंने युवाओं से कंफर्ट जोन से बाहर निकलकर खुद को चुनौती देने और ठोस काम करने का आह्वान किया।

पिथौरागढ़ जैसे सीमांत क्षेत्र से अपनी आईटी कंपनी के माध्यम से शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में काम कर रहे जितेंद्र हनेरू ने युवाओं को पढ़ाई के दौरान ही स्टार्टअप की दिशा में प्रयास शुरू करने की सलाह दी। उद्यमी राजेश राणा ने टिहरी के सेम मुखेम से निकलकर कई देशों तक कारोबार फैलाने की अपनी यात्रा साझा की। उन्होंने कहा कि परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालना और छोटे काम से शुरुआत करने में संकोच नहीं करना चाहिए।

पुरोला के सेवक नौटियाल ने उद्यमिता को युवाओं के लिए संभावनाओं से भरा क्षेत्र बताया। अभिनेत्री रूप दुर्गापाल ने इंजीनियरिंग की नौकरी छोड़कर अभिनय की दुनिया में आने के अपने अनुभव साझा किए और युवाओं तथा अभिभावकों के बीच करियर को लेकर खुले संवाद की जरूरत बताई। लोक कलाकार कविलास नेगी ने लोकगीतों के महत्व को रेखांकित किया।

इस सत्र में दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल और यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने भी नई पीढ़ी की क्षमताओं और तकनीकी ज्ञान पर विचार रखे। बैटरी इनोवेशन सेंटर की स्थापना को लेकर उद्यमी शैलेश उप्रेती का रिकॉर्डेड संदेश भी प्रसारित किया गया।

अपनी जड़ों और पहचान को लेकर नई पीढ़ी में बढ़ा आत्मविश्वास

सम्मेलन में प्रसार भारती के अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध गीतकार प्रसून जोशी ने उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और नई पीढ़ी के आत्मविश्वास पर महत्वपूर्ण बात कही। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी की अपनी बोली-भाषा पर भले ही पहले जैसी पकड़ न हो, लेकिन अपनी पहचान को लेकर उसका आत्मविश्वास पिछली पीढ़ी से अधिक है। उन्होंने अपनी कविता ‘ये उत्तराखंड का उदय है’ के माध्यम से प्रदेश की विकास यात्रा और सांस्कृतिक गौरव को अभिव्यक्त किया।

केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के सचिव सुधांश पंत ने अपने पैतृक गांव का उदाहरण देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री के प्रयासों से तीन साल पहले उनके पिथौरागढ़ स्थित गांव तक सड़क पहुंची। अब वह अपने 120 वर्ष पुराने पैतृक आवास का जीर्णोद्धार करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जन्मभूमि हम सभी के लिए स्वर्ग के समान है और सेवानिवृत्ति के बाद वह अपना समय जन्मभूमि को समर्पित करना चाहते हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने राज्य गठन के समय और वर्तमान उत्तराखंड के बीच सड़क संपर्क की स्थिति में आए बदलाव का उल्लेख किया। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने प्रदेश की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को उत्तराखंड की विशिष्ट पहचान बताया। दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट ने भी प्रवासियों से अपनी जन्मभूमि के प्रति जुड़ाव बनाए रखने की अपील की। अभिनेत्री एवं उत्तराखंड की बेटी चित्रांशी रावत ने पहाड़ के युवाओं की प्रतिभा और जीवटता की सराहना की।

मुख्यमंत्री आवास में लोकसंस्कृति के रंग, नंदा राजजात की प्रस्तुति ने मोहा मन

सम्मेलन के समापन के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में प्रवासी उत्तराखंडियों के सम्मान में रात्रिभोज आयोजित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रवासियों से आत्मीय संवाद किया और राज्य की विकास यात्रा में उनके योगदान की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासी उत्तराखंडी प्रदेश की पहचान और गौरव हैं। वे जहां भी रहते हैं, अपनी संस्कृति, परंपराओं और जीवन मूल्यों को अपने साथ लेकर चलते हैं। उन्होंने नई पीढ़ी को उत्तराखंड की भाषा, बोली, लोकगीतों और लोकनृत्यों से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया।

इस अवसर पर उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और आध्यात्मिक विरासत पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। विशेष रूप से मां नंदा देवी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता से जुड़ी नंदा राजजात की भव्य प्रस्तुति ने अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नंदा राजजात जैसी परंपराएं हमारी आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गौरव की प्रतीक हैं।

विकास और विरासत को जोड़ने की चुनौती

तीसरे प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन का व्यापक संदेश यही रहा कि राज्य के बाहर रह रहे उत्तराखंडियों का ज्ञान, अनुभव, निवेश और वैश्विक संपर्क प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। गांवों को गोद लेने की पहल से लेकर विजन-2047 पर विशेषज्ञों के सुझाव और युवाओं को प्रेरित करने वाली संघर्ष गाथाओं तक, सम्मेलन में प्रवासी समाज की भागीदारी के कई रास्ते सामने आए।

हालांकि, इन सुझावों और संकल्पों को धरातल पर उतारना अब महत्वपूर्ण होगा। प्रवासी उत्तराखंडियों के पंजीकरण, विशेषज्ञता के उपयोग, निवेश प्रस्तावों के समन्वय और गांवों के विकास के लिए सरकार की ठोस कार्ययोजना इस पहल को स्थायी परिणाम दे सकती है। साथ ही नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना भी उतना ही जरूरी है।

दरअसल, विकसित उत्तराखंड का लक्ष्य केवल बुनियादी ढांचे और आर्थिक आंकड़ों में वृद्धि तक सीमित नहीं है। इसमें पहाड़ के गांवों की खुशहाली, स्थानीय युवाओं के लिए अवसर, सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण और प्रवासी समाज की सक्रिय भागीदारी भी शामिल है। सम्मेलन ने इसी साझा जिम्मेदारी को एक मंच पर लाने का प्रयास किया।

Show More

The News Adda

The News अड्डा एक प्रयास है बिना किसी पूर्वाग्रह के बेबाक़ी से ख़बर को ख़बर की तरह कहने का आख़िर खबर जब किसी के लिये अचार और किसी के सामने लाचार बनती दिखे तब कोई तो अड्डा हो जहां से ख़बर का सही रास्ता भी दिखे और विमर्श का मज़बूत मंच भी मिले. आख़िर ख़बर ही जीवन है.

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!