दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह 10 बजे देशवासियों को संबोधित करने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से ट्विट कर पीएम के देश को संबोधित करने की जानकारी साझा की गई है। इससे पहले मोदी ने जून में राष्ट्र को संबोधित करते हुए सबके लिए मुफ़्त टीकाकरण का ऐलान किया था। अब जब फिर से पीएम मोदी राष्ट्र को संबोधित कर रहे हैं तब यह तथ्य जानना बेहद जरूरी है कि देश कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में जीत के करीब खड़ा है।एक दिन पूर्व ही भारत ने 100 करोड़ टीकाकरण का लक्ष्य हासिल किया है। भारत ने नौ माह में यह मुक़ाम हासिल किया है।
माना जा रहा है कि टीकाकरण को लेकर हासिल इसी उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज देश को संबोधित करेंगे। साथ ही कोरोना के खिलाफ भारत की लड़ाई को लेकर महत्वपूर्ण मैसेज भी दे सकते हैं और केन्द्र सरकार के स्तर पर भविष्य में उठाए जाने वाले किसी नए कदम का खुलासा भी कर सकते हैं।
टीकाकरण की दौड़ में 100 करोड़ डोज देने का ऐतिहासिक पड़ाव पार करने वाला चीन के बाद भारत दूसरा देश बन गया है। गुरुवार की सुबह भारत ने कोविड के खिलाफ टीकाकरण अभियान के तहत एक अरब लोगों को वैक्सीन डोज दे दी। लक्ष्य है कि 31 दिसंबर 2021 तक भारत के 94.4 करोड़ टीका लगाने योग्य सभी वयस्कों को डोज दिया जाए। ज्ञात रहे कि 100 करोड़ कोविड वैक्सीन के लक्ष्य में पहली और दूसरी दोनों डोज शामिल हैं।
भारत में टीकाकरण अभियान
देश में 16 जनवरी से कोविड टीकाकरण अभियान की शुरुआत हुई थी। पिछले 9 माह में एक अरब कोविड-19 वैक्सीन डोज लगाने का आंकड़ा पार कर लिया गया है।
जानिए पिछले नौ माह में कैसे भारत इस पड़ाव तक पहुँचा?
- 85 दिनों में लगे 1 से 10 करोड़ डोज
- अगले 45 दिनों में 10 से 20 करोड़ डोज
- अगले 29 दिनों 20 से 30 करोड़ डोज
- अगले 24 दिनों में 30 से 40 करोड़ डोज
- अगले 20 दिनों में 40 से 50 करोड़ डोज
- अगले 19 दिनों में 50 से 60 करोड़ डोज
- अगले 13 दिनों में 60 से 70 करोड़ डोज
- अगले 12 दिनों में 70 से 80 करोड़ डोज
- अगले 13 दिनों में 80 से 90 करोड़ डोज
- अगले 18 दिन, 90 से 100 करोड़ डोज दिए गए।