News Buzzन्यूज़ 360समाज

Kargil Vijay Diwas 2026: कारगिल के अमर शहीदों के सम्मान में दौड़ा देहरादून, CM धामी ने दिखाई ‘Run for Kargil Heroes’ को हरी झंडी

Kargil Vijay Diwas 2026: देहरादून में 'Run for Kargil Heroes' मैराथन, CM धामी ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि, युवाओं से किया राष्ट्रनिर्माण का आह्वान

Share now

देहरादून। कारगिल विजय दिवस 2026 की पूर्व संध्या पर उत्तराखंड की राजधानी देहरादून शनिवार को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगी नजर आई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गढ़ीकैंट स्थित शौर्य स्थल (चीड़बाग) से ‘Run for Kargil Heroes’ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे पहले उन्होंने कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

मैराथन में बड़ी संख्या में युवाओं, पूर्व सैनिकों, महिलाओं, एनसीसी कैडेट्स और नागरिकों ने भाग लिया। तिरंगे और देशभक्ति के नारों के बीच निकली यह दौड़ पूरे शहर में राष्ट्रप्रेम का संदेश देती दिखाई दी।

कारगिल युद्ध भारतीय सेना के शौर्य का स्वर्णिम अध्याय: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कारगिल युद्ध भारतीय सैन्य इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। भारतीय सेना के वीर जवानों ने दुर्गम चोटियों पर अद्भुत साहस और पराक्रम दिखाते हुए देश को ऐतिहासिक विजय दिलाई। उन्होंने कहा कि इस युद्ध ने दुनिया के सामने भारत की सैन्य शक्ति के साथ-साथ उसकी कूटनीतिक क्षमता को भी स्थापित किया।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने कारगिल युद्ध में निर्णायक सफलता हासिल की और देश की आन-बान-शान की रक्षा करने वाले वीर जवान हमेशा देशवासियों के लिए प्रेरणा बने रहेंगे।

युवाओं से राष्ट्रनिर्माण में योगदान देने की अपील

मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे कारगिल के वीर सैनिकों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रनिर्माण, समाजसेवा और देशभक्ति के मार्ग पर आगे बढ़ें तथा अपने कर्तव्यों का समर्पण भाव से निर्वहन करें।

गांधी पार्क में हुआ समापन, विजेताओं को किया सम्मानित

‘Run for Kargil Heroes’ मैराथन का समापन गांधी पार्क में हुआ। यहां कैबिनेट मंत्री एवं सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी*तथा कैबिनेट मंत्री खजान दास ने विभिन्न वर्गों के विजेताओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ भी ली।

इन प्रतिभागियों ने विभिन्न वर्गों में मारी बाजी

मैराथन में एनसीसी, भूतपूर्व सैनिक, सीनियर सिटीजन, दिव्यांग, पुरुष, महिला तथा उच्च शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं सहित विभिन्न श्रेणियों में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विजेताओं को सम्मानित कर उनके प्रदर्शन की सराहना की गई।

कार्यक्रम में रहे ये प्रमुख लोग मौजूद

इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, कैबिनेट मंत्री खजान दास, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी (सेवानिवृत्त कर्नल) ओम प्रकाश फस्वाण, जिला क्रीड़ा अधिकारी सबाली गुरंग, बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, एनसीसी कैडेट्स, युवा, मातृशक्ति और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Show More

The News Adda

The News अड्डा एक प्रयास है बिना किसी पूर्वाग्रह के बेबाक़ी से ख़बर को ख़बर की तरह कहने का आख़िर खबर जब किसी के लिये अचार और किसी के सामने लाचार बनती दिखे तब कोई तो अड्डा हो जहां से ख़बर का सही रास्ता भी दिखे और विमर्श का मज़बूत मंच भी मिले. आख़िर ख़बर ही जीवन है.

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!