News Buzzन्यूज़ 360

Uttarakhand Job News: 101 युवाओं को मिली सरकारी नौकरी, CM धामी ने बांटे नियुक्ति पत्र; 5 साल में 34 हजार से ज्यादा भर्तियों का दावा

सरकारी नौकरी का इंतजार खत्म! उत्तराखंड में 101 युवाओं को नियुक्ति पत्र, CM धामी बोले- 5 साल में 34 हजार से ज्यादा भर्तियां

Share now
  • Uttarakhand Job News: 101 युवाओं को सरकारी नौकरी, CM धामी ने बांटे नियुक्ति पत्र
Uttarakhand Job News: उत्तराखंड के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी से जुड़ी बड़ी खबर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में पशुपालन विभाग और गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग के 101 नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें 88 पशुधन प्रसार अधिकारी और 13 गन्ना पर्यवेक्षक शामिल हैं।

नियुक्ति पत्र मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त कार्मिकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह नियुक्ति उनके परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि अब उनकी जिम्मेदारी केवल सरकारी सेवा तक सीमित नहीं है, बल्कि वे जनसेवा की महत्वपूर्ण यात्रा भी शुरू कर रहे हैं।

5 साल में 34 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी: CM धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। उनके अनुसार अब सरकारी नौकरियां सिफारिश या पहचान के आधार पर नहीं, बल्कि युवाओं की मेहनत और प्रतिभा के आधार पर मिल रही हैं।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवा सरकारी नौकरी पाने में सफल रहे हैं। उन्होंने इसे पारदर्शी भर्ती व्यवस्था और युवाओं को उनकी प्रतिभा के आधार पर अवसर देने की सरकार की प्रतिबद्धता का परिणाम बताया।

 पशुपालन और गन्ना विभाग से सीधे जुड़ी ग्रामीण अर्थव्यवस्था

मुख्यमंत्री ने कहा कि पशुपालन तथा गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग उत्तराखंड की ग्रामीण अर्थव्यवस्था से सीधे जुड़े हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में पशुपालन हजारों परिवारों की आजीविका के साथ-साथ महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और गांवों की समृद्धि का महत्वपूर्ण आधार है।

राज्य सरकार की ओर से मुख्यमंत्री आंचल अमृत योजना, मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना और मुख्यमंत्री राज्य पशुधन मिशन के माध्यम से पशुपालन और डेयरी क्षेत्र को बढ़ावा दिया जा रहा है।

पशुपालकों को अनुदान पर गाय, बकरी, भेड़ और मुर्गी पालन की इकाइयां उपलब्ध कराने के साथ पशुओं के कृत्रिम गर्भाधान, टीकाकरण और बेहतर पशु चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

 गन्ना किसानों के लिए ऑनलाइन सर्वे और क्लीनिक की व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गन्ना किसानों के हितों के प्रति भी प्रतिबद्ध है। गन्ना सर्वेक्षण की व्यवस्था को ऑनलाइन और पारदर्शी बनाया गया है। किसानों को नई तकनीक, उन्नत गन्ना प्रजातियों और वैज्ञानिक खेती की जानकारी देने के लिए गन्ना क्लीनिक एवं परामर्श केंद्र शुरू किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में गन्ना किसानों को उत्तर प्रदेश की तुलना में 5 रुपये प्रति कुंतल अधिक गन्ना मूल्य दिया जा रहा है।

 नवनियुक्त अधिकारियों को CM की दो टूक- जनता को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें

मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त कार्मिकों से कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।

उन्होंने कहा कि किसानों और पशुपालकों से संवाद कर उनकी समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए संवेदनशीलता से काम करना जरूरी है। आम नागरिक को अपने काम के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

मुख्यमंत्री ने कार्मिकों से ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि’ के मंत्र को आत्मसात करते हुए ईमानदारी, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ दायित्व निभाने का आह्वान किया।

 ‘विकसित भारत-2047’ में उत्तराखंड की भूमिका

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ‘विकसित भारत-2047’ के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उत्तराखंड भी इस राष्ट्रीय संकल्प में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने नवनियुक्त कार्मिकों से सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण में अपना शत-प्रतिशत योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, गणेश जोशी, खजानदास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक सविता कपूर, दुर्गेश्वर लाल, सचिव एस.एन. पाण्डेय सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


Uttarakhand Government Jobs: एक नजर में

* कुल नियुक्ति पत्र: 101
* पशुधन प्रसार अधिकारी: 88
* गन्ना पर्यवेक्षक: 13
* पिछले पांच वर्षों में सरकारी नौकरी: 34 हजार से अधिक युवाओं को नौकरी मिलने का मुख्यमंत्री का दावा
* गन्ना मूल्य: उत्तराखंड में उत्तर प्रदेश की तुलना में 5 रुपये प्रति कुंतल अधिक
* भर्ती व्यवस्था: सख्त नकल विरोधी कानून और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया पर जोर

Show More

The News Adda

The News अड्डा एक प्रयास है बिना किसी पूर्वाग्रह के बेबाक़ी से ख़बर को ख़बर की तरह कहने का आख़िर खबर जब किसी के लिये अचार और किसी के सामने लाचार बनती दिखे तब कोई तो अड्डा हो जहां से ख़बर का सही रास्ता भी दिखे और विमर्श का मज़बूत मंच भी मिले. आख़िर ख़बर ही जीवन है.

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!