
- गढ़वाल को एक दिन में दो बड़ी सौगातें: 18 जुलाई से रामनगर-देहरादून सीधी ट्रेन, लालढांग-चिल्लरखाल मार्ग पर अधिकांश वाहनों को मिली अनुमति

देहरादून। गढ़वाल क्षेत्र के लिए मंगलवार को दो बड़ी राहत भरी खबरें सामने आई हैं। पहली, 18 जुलाई से रामनगर-देहरादून के बीच सीधी ट्रेन सेवा शुरू होने जा रही है। दूसरी, लालढांग-चिल्लरखाल मार्ग पर अधिकांश आवश्यक वाहनों के संचालन का रास्ता साफ हो गया है।गढ़वाल लोकसभा सांसद अनिल बलूनी ने इन दोनों फैसलों को क्षेत्र के विकास, पर्यटन और आम लोगों की सुविधा के लिए ऐतिहासिक बताया है।
सांसद अनिल बलूनी ने बताया कि लंबे समय से चली आ रही मांग के बाद अब रामनगर और देहरादून के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने जा रही है। यह ट्रेन 18 जुलाई से प्रारंभ होगी और शुरुआती चरण में सप्ताह में दो दिन संचालित होगी। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर इसे सप्ताह में चार या पांच दिन तक चलाने पर भी विचार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कॉर्बेट नेशनल पार्क के प्रवेश द्वार के रूप में पहचान रखने वाला रामनगर उत्तराखंड का प्रमुख पर्यटन केंद्र है। नई ट्रेन सेवा से स्थानीय लोगों को देहरादून आने-जाने में सुविधा मिलेगी। वहीं देशभर से आने वाले पर्यटक और श्रद्धालु भी कॉर्बेट पार्क सहित उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थलों तक अधिक आसानी से पहुंच सकेंगे।
सांसद ने इस रेल सेवा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार उत्तराखंड में रेल संपर्क को लगातार मजबूत कर रही है।
लालढांग-चिल्लरखाल मार्ग पर अधिकांश वाहनों को मिली राहत
दिन की दूसरी बड़ी उपलब्धि के रूप में सांसद ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट की सेंट्रल एम्पावर्ड कमेटी (CEC) ने लालढांग-चिल्लरखाल मार्ग पर “कमर्शियल वाहन” शब्द को लेकर बनी असमंजस की स्थिति को स्पष्ट कर दिया है। इसके बाद इस मार्ग पर अधिकांश जरूरी वाहनों के संचालन का रास्ता खुल गया है।
निर्णय के अनुसार अब इस मार्ग पर सरकारी बसें, जीएमओयू (GMOU) की बसें, सवारी वाहन, स्कूल बसें, किसानों के ट्रैक्टर तथा भवन निर्माण सामग्री ले जाने वाले वाहनों के संचालन को मंजूरी मिल गई है।
इस फैसले से गढ़वाल क्षेत्र के हजारों लोगों, विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों को राहत मिलेगी। लंबे समय से इस मार्ग पर वाहनों के संचालन को लेकर बनी व्यावहारिक समस्याओं के समाधान की उम्मीद भी बढ़ गई है।
विकास और पर्यटन को मिलेगी नई रफ्तार
अनिल बलूनी ने कहा कि धनगढ़ी पुल के लोकार्पण के बाद अब ये दोनों फैसले गढ़वाल के विकास, पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और बेहतर यातायात व्यवस्था को नई गति देंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लिए यह महत्वपूर्ण उपलब्धि है और आने वाले समय में इसका व्यापक लाभ लोगों को मिलेगा।
उन्होंने इन दोनों जनहितकारी निर्णयों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, सेंट्रल एम्पावर्ड कमेटी (CEC) तथा संबंधित अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए गढ़वाल और रामनगर क्षेत्र की जनता को शुभकामनाएं दीं।



