न्यूज़ 360

जेपी नड्डा ने देवभूमि में किया चुनाव प्रचार, सीएम धामी के साथ गिनाई 10 साल की उपलब्धियां, टिहरी पर कोर ग्रुप मीटिंग, कल हरिद्वार में रोड शो

Share now
  • विकासनगर में नड्डा की रैली में लगे नारे- अबकी बार 400 पर
  • बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और सीएम पुष्कर सिंह धामी को भारी भीड़ से मिला जीत का आश्वासन
  • भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर आए
  • जे पी नड्डा ने अपने दौरे के पहले दिन आज पिथौरागढ़ और विकासनगर में चुनावी जनसभा को संबोधित कीं
  • पांच अप्रैल को हरिद्वार में जेपी नड्डा का होगा TSR के समर्थन में रोड शो
  • भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा साधु संतों के साथ भी बैठक कर लेंगे आशीर्वाद
  • इसके बाद हरिद्वार लोकसभा के त्रिदेव सम्मेलन को संबोधित करेंगे जेपी नड्डा
  • त्रिदेव सम्मेलन में भाजपा के लगभग 14 हजार कार्यकर्ता रहेंगे मौजूद

Uttarakhand News: लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने उत्तराखंड में ताबड़तोड़ चुनाव प्रचार अभियान शुरू कर दिया है जिसका आगाज रुद्रपुर में बड़ी रैली कर खुद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कर दिया था। गुरूवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और सीएम पुष्कर सिंह धामी ने टिहरी लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी माला राज्य लक्ष्मी शाह के समर्थन में विकासनगर में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान जेपी नड्डा और सीएम पुष्कर सिंह धामी ने लोगों से प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने की अपील की।

शाम को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में हुई टिहरी लोकसभा क्षेत्र की कोर कमेटी बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट प्रदेश, महामंत्री संगठन अजय कुमार, राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, टिहरी लोकसभा से प्रत्याशी माला राजलक्ष्मी शाह, टिहरी लोकसभा के प्रभारी विनय रोहिल्ला, टिहरी लोकसभा के विधायक, पदाधिकारी एवं अन्य अपेक्षित कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। बैठक में पार्टी अध्यक्ष ने टिहरी सीट को लेकर प्रचार अभियान का फीडबैक लिया और मोदी सरकार की उपलब्धियों को जन जन तक लेकर जाने का संदेश दिया।

  • तीन दिन तक बूथ स्तर के कार्यक्रम आयोजित करेगी भाजपा
  • राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दिये मत प्रतिशत बढ़ाने के अहम सुझाव

टिहरी लोकसभा क्षेत्र की कोर कमेटी बैठक में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने मतदाता संपर्क अभियान मे तेजी के लिए सुझाव दिये जिसमे सभी कार्यक्रम बूथ स्तर पर आयोजित करने की हिदायत दी गयी। मत प्रतिशत बढ़ाने की दिशा मे भी महत्वपूर्ण सुझाव दिये गए।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि आगामी तीन दिन बूथ स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। पार्टी की ओर से युवा मतदाता सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इसके अलावा पन्ना प्रमुख और बूथ अध्यक्ष के साथ बैठक आयोजित की जायेगी और ये सभी कार्यक्रम अब बूथ पर केंद्रित होंगे ।


  • भाजपा अध्यक्ष नड्डा और सीएम धामी ने गिनाई मोदी सरकार की 10 साल की उपलब्धियां
  • भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विपक्षी गठबंधन पर किया हमला, कांग्रेस को लिया आड़े हाथ

विकासनगर जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और देवी-देवताओं की भूमि है, पड़ोसी राज्य हिमाचल भी देवभूमि है। यह कर्म भूमि भी है और वीरों की भूमि भी है। उन्होंने कहा कि जब-जब देश पर खतरा आया तब उत्तराखंड के वीरों ने दुश्मनों को मुँह तोड़ जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि जब मैं वीरभूमि बोलता हूँ तो दिल को बहुत संतोष भी मिलता है। वन रैंक – वन पेंशन को अगर किसी ने लागू किया तो वह प्रधानमंत्री मोदी ने किया। उन्होंने कहा कि पहले राजनीति होती थी भाई को भाई से लड़ाओ, जातिगत, तुष्टीकरण की राजनीति होती थी। यह परिपाटी कांग्रेस ने 70 साल तक चलाई लेकिन मोदी ने यह परिपाटी बदल दी है। अब राजनीति की परिभाषा बदल गयी है। अब सिर्फ मोदी के नेतृत्व में विकासवाद की राजनीति चलेगी यानी पॉलिटिक्स ऑफ परफॉर्मेंस की राजनीति करनी होगी। तुष्टीकरण, जातिवाद पर अब राजनीति नहीं चलेगी।


उन्होंने कहा कि, कुछ दिनों पहले जातिगत जनगणना की बात चली, हमने भी कहा कि इससे हमारा कोई दुराव नहीं है लेकिन जातियों के आधार पर देश को बांटना अच्छी बात नहीं है। पीएम मोदी ने ‘ज्ञान’ की बात कही। यानी गरीब, यूथ, अन्नदाता और नारी शक्ति, जब इन चारों की बात होगी तो देश अपने आप आगे बढ़ जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले घरों में बिजली नहीं थी, बच्चों के पढ़ने की सुविधा नहीं थी लेकिन आपने मोदी को आशीर्वाद दिया तो उन्होंने 1000 दिन के अंदर 18 हजार गांव में बिजली पहुँचा दी। पहले पानी के लिए लोगों को कई मील चलना पड़ता था आज हर घर नल, हर घर जल पहुँच रहा है, यह मोदी ने साकार किया।

जेपी नड्डा ने कहा कि आज से दस साल पहले महिलाओं को खुले में शौच के लिए जाना पड़ता था। आज देश में 12 करोड़ इज्जत घर बनाये गए हैं। उन्होंने कहा कि पहले गांव में सड़के नहीं होती थी। आज हर जगह सड़क है, ये बदलता भारत है। 10 साल पहले हमारी बहनें, जंगल में पांच बजे सुबह जाकर लकड़ी काटा करती थी, फिर चूल्हा जलाती थी। आज हमारी बहनों को मोदी ने 10 करोड़ गैस कनेक्शन दिए।


उन्होंने कहा कि ऐसे में याद रखना कि 2019 में जब आपने पीएम मोदी को आशीर्वाद दिया तो भारत 11 नंबर की अर्थव्यवस्था थी, इस बीच कोविड आया, लेकिन इतने प्रतिकूल परिस्थितियों के बाद आज हमारी अर्थव्यवस्था 5वें नंबर पर है। उन्होंने कहा कि आप मोदी को जिताएं, 2027 में हमारी अर्थव्यवस्था तीसरे नम्बर पर होगी। आज 25 करोड़ लोग गरीबी की रेखा से ऊपर आ गए हैं। आवास योजना के अंतर्गत पीएम मोदी ने आज 4 करोड़ पक्के घर बनाकर दिए हैं। एक लाख घर उत्तराखंड में बने हैं। आज देश के 55 करोड़ लोगों को 5 लाख तक स्वास्थ्य बीमा, आयुष्मान योजना में प्रदान किया जा रहा है। हमारी उत्तराखंड की सरकार ने भी अटल आयुष्मान शुरू कर बचे हुए लोगों को इसका लाभ दिया है।
उन्होंने कहा कि पहले बॉर्डर के गांव को देश का अंतिम गांव कहा जाता था, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा यह प्रथम गांव हैं। आज 758 करोड़ रुपये वाइब्रेंट विलेज के लिए खर्च हो रहे हैं। ऋषिकेश से कर्णप्रयाग के लिए रेल लाइन का कार्य तेजी से चल रहा है। चारधाम की सड़क के लिए 12 हजार करोड़ रुपये खर्च हो रहे। उत्तराखंड के धामों का विकास किया जा रहा है। देहरादून से दिल्ली, लखनऊ के लिए वंदे भारत ट्रेन चल रही है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आज उत्तराखंड तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का होगा, यह आज साकार हो रहा है।
उन्होंने कहा,”आजकल यह इंडी अलायंस की बात हो रही है। ये गठबंधन किस बात का है? ये अलायंस भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए है। कांग्रेस ने आकाश, पाताल, जल, धरती हर जगह तमाम घोटाले किये। राहुल गांधी, सोनिया गांधी बेल पर हैं। अखिलेश पर तमाम आरोप हैं, केसीआर की बेटी पर घोटाले के आरोप हैं। अरविंद केजरीवाल और उनकी टीम जेल में हैं, क्यूंकि ये सब भ्रष्टाचारियों का जमावड़ा है। ये सभी परिवारवादी पार्टियां हैं लेकिन भाजपा में ऐसा नही होता। यहां एक चाय वाला प्रधानमंत्री बनता है। उन्होंने लोगों से भाजपा को भारी बहुमत से जीताने का आह्वान किया।”

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में एक सशक्त सरकार आई है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का मान-सम्मान और पहचान पूरे विश्व में बढ़ी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने इस बार विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड बनाने के लिए 400 पार का लक्ष्य दिया है और यह 400 पार का लक्ष्य विकसित भारत बनाने के लिए है।

उन्होंने कहा कि केंद्र की सरकार ने बहुत सारे काम उत्तराखंड में किये हैं और हम लोगों ने केंद्र के नेतृत्व में बहुत से कार्यों को राज्य में आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 सालों की अगर बात करें तो 2 लाख करोड़ से ज्यादा की योजनाएं उत्तराखंड के लिए स्वीकृत हुई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने समान नागरिक संहिता को राज्य में लागू किया है। नकल विरोधी, दंगा विरोधी कानून के साथ ही प्रदेश में सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा है। इसके अलावा, गरीब परिवारों को साल में तीन नि:शुल्क सिलेंडर हमारी सरकार दे रही है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 साल में पीएम मोदी के नेतृत्व में देश में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं और इस बार जनता मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए तैयार है।

इस अवसर पर टिहरी सीट से भाजपा प्रत्याशी माला राज लक्ष्मी शाह, भाजपा प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक, तीरथ सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, धन सिंह रावत विधायक मुन्ना सिंह चौहान, सहदेव सिंह पुंडीर, जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान, भाजपा के वरिष्ठ नेता राम शरण नौटियाल आदि उपस्थित रहे।


भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देव सिंह मैदान, पिथौरागढ़ में अल्मोड़ा लोकसभा के अंतर्गत आयोजित जनसभा में प्रतिभाग किया।

इस दौरान भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी नड्डा ने कहा कि देवभूमि और वीरभूमि उत्तराखंड में आने का सौभाग्य मिला। इस भूमि में हम देवताओं को पूजते हैं, यहां का हर व्यक्ति देवतुल्य है। ये भूमि देश की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर रही है। वीरों, जवानों के साथ वन रैंक वन पेंशन लागू कर प्रधानमंत्री द्वारा ही न्याय किया गया है। प्रधानमंत्री जी ने शताब्दी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक बताया है। उनके कहे अनुसार आज वो धरातल में दिख रहा है और उत्तराखंड से विकास की नई गंगा बह रही है।

जेपी नड्डा ने कहा कि एक ओर हमारी सरकार है जिसने उत्तराखंड के दर्द को समझा, राज्य के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी, युवाओं की आकांक्षाओ को पूर्ण एवं महिलाओं का सशक्तिकरण किया, राज्य को मुख्यधारा में लाने का काम किया। और दूसरी ओर वह विपक्षी दल है जिसने दशकों तक उत्तराखंड के साथ धोखा किया। घोटाले किए, विकास की जगह राज्य का विनाश किया। उन्होंने कहा कांग्रेस ने कोयला घोटाला, बोफोर्स घोटाला, पनडुब्बी घोटला, अगस्ता वेस्टलैंड घोटाला, 2G, 3G घोटाला, कॉमनवेल्थ गेम्स घोटाला किया है। उन्होंने कहा कांग्रेस ने जल, नभ, थल, के साथ ही पाताल में भी घोटाले किए हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि 2014 और 2019 में उत्तराखंड राज्य ने पांचों लोकसभा सीट भाजपा को देने का काम किया जिसके फलस्वरूप कोरोना जैसी महामारी, यूक्रेन रूस युद्ध के बाद भी ब्रिटेन को पछाड़ भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। उन्होंने कहा तीसरी बार श्री अजय टम्टा जी एवं सभी पांच सीटों से भाजपा प्रत्याशीयो को विजय बनाकर भेजेंगे तो भारत 2028 में तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जायेगा। उन्होंने कहा इलेक्ट्रॉनिक गुड्स के एक्सपर्ट में भारत 6 गुना आगे बढ़ गया है। आज सबके हाथ में जो मोबाइल है उसमें मेड इन इंडिया लिखा हुआ होगा ये आत्मनिर्भर भारत का उदाहरण है। 97 प्रतिशत मोबाइलों का निर्माण भारत में हो रहा है।

जेपी नड्डा ने कहा कि आज भारत इस्पात उत्पादन में विश्व में दूसरे स्थान पर है। गाड़ियां के निर्माण एवं मार्केटिंग में भारत ने जापान को पीछे छोड़ दिया है। ऑटोमोबाइल में भारत विश्व का तीसरा सबसे बड़ा बाजार बन गया है। सबसे सस्ती एवं कारगर दवाई आज भारत के उद्योगपति बना रहे हैं। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 4 करोड़ पक्के घर गरीबों को दिए गए हैं। जिसमे से क़रीब एक लाख घर उत्तराखंड में दिए हैं और 11 हज़ार घर पिथौरागढ़ जिले में बने हैं। उज्ज्वला योजना के अंतर्गत देश में 11 करोड़ गैस कनेक्शन तो उत्तराखंड में 1 लाख कनेक्शन दिए गए हैं। देश में 11 करोड़ 30 लाख लोगो को हर घर नल, नल से जल पहुंचाया गया है। उत्तराखंड में 12 लाख घरों और पिथौरागढ़ में 2 लाख 40 हजार घरों में हर घर नल, जल पहुंचाया है। देश में 11 करोड़ इज्जत घर बनाए गए हैं। जिसमें से 5 लाख 30 हज़ार इज्जत घर उत्तराखंड में बने हैं। आज आयुष्मान योजना के अंतर्गत देश की 55 करोड़ गरीब जनता को प्रति वर्ष 5 लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा प्रदान किया जा रहा है। हर गरीब का इलाज हो रहा है। स्वास्थ्य क्षेत्र का बजट 250 करोड़ से बढ़कर 500 करोड़ हो गया है। पिथौरागढ़, अल्मोड़ा में मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे है। ड्रिंकिंग वाटर के लिए 1200 करोड़ खर्च हो रहा है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का उत्तराखंड से विशेष प्यार है। प्रधानमंत्री ने सीएम धामी को विशेष प्यार से राज्य के विकास हेतु 41 हज़ार करोड रुपए का सेंट्रल फंड दिया, जिससे राज्य का स्वर्णिम विकास जारी है। इसके साथ ही देहरादून दिल्ली, देहरादून लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरूवात की गई है। ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल लाइन के लिए 16 हज़ार करोड़ रूपए खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा उत्तराखंड के विकास के लिए हजारों करोड़ों की विकास योजनायो को आगे बढ़ाया जा रहा है। जो कांग्रेस के राज में कभी संभव नहीं थी। उन्होंने कहा कि गांव गांव पक्की सड़कें आ रही हैं। ये नया और विकास का उत्तराखंड है। उत्तराखंड राज्य यूनिफॉर्म सिविल कोड में भी सबसे आगे चल रहा है। प्रधानमंत्री ने राजनीति की संस्कृति को बदलते हुए देश के अंतिम गांव को देश का पहला गांव बनाया है। पिथौरागढ़ के 27 गांव को वाइब्रेंट विलेज में चयनित कर उनका विकास कार्य जारी है

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जेपी नड्डा का देवभूमि उत्तराखंड की समस्त जनता की ओर से पिथौरागढ़ पधारने पर स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा के नेतृत्व में भाजपा अटक से कटक और कश्मीर से कन्याकुमारी तक अपना प्रसार, एवं संगठन का विस्तार कर चुकी है। भाजपा के बिना भारतीय राजनीति की कल्पना नहीं की जा सकती है। जेपी नड्डा का व्यवहार, विनम्र व्यक्तित्व से हम सभी कार्यकर्ताओ को प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों का शंखनाद हो चुका है। प्रधानमंत्री और अध्यक्ष नड्डा ने विकसित उत्तराखंड और विकसित भारत के संकल्प को सिद्ध करने के लिए 4 जून को 400 पार पहुंचने का नारा दिया है। उन्होंने कहा ये 400 पार का नारा मोदी की गारंटी और विकास की चाबी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 400 पार का लक्ष्य विकसित भारत, दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति, बनाने का लक्ष्य है। जनता के आशीर्वाद से अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ लोकसभा सीट के साथ ही उत्तराखंड की पांचों सीटों पर भाजपा को प्रचंड बहुमत से विजय दिलाकर प्रधानमंत्री के संकल्प को सिद्ध करने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि दूसरी पार्टियां दूर-दूर तक मैदान में दिखाई नहीं दे रही हैं। जनता के आशीर्वाद से आने वाले परिणामो से विपक्ष भली भांति परिचित है। इसलिए विपक्षी पार्टियों को इस बार कोई टिकट लेने वाला भी नहीं मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष का उत्तराखंड से विशेष नाता है इसलिए अब हम सभी उत्तराखंड वासियों की जिम्मेदारी है कि अल्मोड़ा लोक सभा से श्री अजय टम्टा जी एवं राज्य की सभी लोकसभा सीटों से भारी मतों से भाजपा प्रत्याशियों को विजय बनाना है।

इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, लोकसभा प्रत्याशी अजय टम्टा, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, जिला अध्यक्ष गिरीश जोशी, पूर्व कैबिनेट मंत्री बिशन सिंह चुफाल, विधायक फ़कीर राम टम्टा, सुरेश गढ़िया एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

Show More

The News Adda

The News अड्डा एक प्रयास है बिना किसी पूर्वाग्रह के बेबाक़ी से ख़बर को ख़बर की तरह कहने का आख़िर खबर जब किसी के लिये अचार और किसी के सामने लाचार बनती दिखे तब कोई तो अड्डा हो जहां से ख़बर का सही रास्ता भी दिखे और विमर्श का मज़बूत मंच भी मिले. आख़िर ख़बर ही जीवन है.

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!