
विपक्ष हार से नहीं लेता सबक, भाजपा जीत की भी करती है समीक्षा: महेंद्र भट्ट
- विकसित भारत और श्रेष्ठ उत्तराखंड निर्माण के लिए है यह जनादेश: भट्ट
- लोकसभा में रही 60 विधानसभा सीटों पर बढ़त जो 2022 के चुनाव में जितिन 47 सीटों के मुकाबले 13 अधिक: भट्ट
- धामी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार के कामों पर जनता ने लगाई मुहर दिया आशीर्वाद: भट्ट
देहरादून: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 उत्तराखंड के लिहाज से अहम है और चुनाव ऐतिहासिक होने के साथ विकसित भारत के निर्माण एवं श्रेष्ठ उत्तराखण्ड की दिशा में आगे बढ़ने का जनादेश है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी प्रत्याशियों को मिले अपार समर्थन के लिए कार्यकर्ताओं एवं देवभूमि के मतदाताओं का आभार जताया।
भाजपा मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भाजपा संगठन मातृ शक्ति, युवाओं, बुजुर्गों, सैनिकों एवम पूर्व सैनिकों, किसानों, श्रमिकों, सरकारी एवम गैर सरकारी कर्मचारियों समेत समाज के सभी वर्गों को उनके अमूल्य समर्थन के लिए आभार जताया।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि यह जनादेश बताता है कि प्रधानमंत्री मोदी एवं भाजपा देश की जनता का दिल जीतने में सफल रहे हैं। उन्होंने कहा कि 1962 के बाद पहली बार देश में कोई गठबंधन लगातार तीसरी बार जनता का विश्वास जीतने में सफल रहा है। यह जनादेश, देवभूमि की महान जनता द्वारा राज्य की पांचों सीटों पर कमल खिलाने की हैट्रिक लगाने के लिए भी याद किया जाएगा । इसके अलावा यह जातिवादी, तुष्टिकरण वाली और हवा हवाई घोषणाओं की आड़ में सत्ता हथियाने वालों की साजिश के असफल करने के लिए है। वहीं भ्रष्टाचार, परिवारवाद और राष्ट्रविरोधी ताकतों को परास्त करने के लिए है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह जनादेश पीएम मोदी के मार्गदर्शन और सीएम धामी के नेतृत्व में राज्य की डबल इंजन सरकार के कामों पर जनता का आशीर्वाद है। वहीं राज्य के तीव्र गति से विकास मार्ग पर आगे बढ़ने और देवभूमि का स्वरूप बनाए रखने वाले साहसिक निर्णयों के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के कार्यों पर जनता ने मुहर लगाई है। भट्ट ने कहा कि राज्य में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा लिये कड़े साहसिक निर्णयों एवं प्रदेश में हो रहे चहुंमुखी विकास पर जनता ने अपनी मुहर लगाकर आशीर्वाद दिया है। कहा, अब तक सामने आए आंकड़े भी हमारे लिए संतोषजनक और उत्साहवृद्धन करने वाले हैं।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि 2022 में संपन्न हुए अंतिम चुनावों के मुकाबले इस बार के लोकसभा चुनाव में हम कुल 60 विधानसभा सीटों पर आगे रहे हैं जो पिछली 47 सीटों के मुकाबले 13 अधिक है। वहीं दो लोकसभा सीटों गढ़वाल एवं अल्मोड़ा की सभी 14-14 विधानसभा सीटों पर भाजपा आगे रही है।
महेंद्र भट्ट ने बताया कि नैनीताल-उधमसिंहनगर लोकसभा क्षेत्र में मात्र एक विधानसभा क्षेत्र जसपुर में भाजपा पीछे रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि टिहरी लोकसभा सीट पर 11 विधानसभा में हमने जीत दर्ज की है। इसमें भी बीजेपी अपनी एक ही सीट को हारी है, अन्य दो विधानसभा क्षेत्रों में एक सीट यमुनोत्री से निर्दलीय विधायक आते हैं और दूसरी सीट चकराता कांग्रेस की रही है ।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हरिद्वार में भी 2022 के प्रदर्शन को बेहतर करते हुए पार्टी ने 14 विधानसभा सीटों में से 8 विधानसभा सीटों पर बढ़त बनाई है। उन्होंने कहा कि कम मतदान के बावजूद राज्य की 5 लोकसभा सीटों पर इस बार भाजपा को मिली जीत का अंतर 2019 के मुकाबले लगभग बराबर है। इस बार विपक्षी कांग्रेस के मुकाबले भाजपा को राज्य में कुल 11,68,697 मत अधिक मिले हैं, जबकि पिछली बार लगभग 12,69,770 मत अधिक हासिल हुए थे ।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि 2 लोकसभा सीटों पर विगत चुनाव के लगभग बराबर ही वोटों के अंतर से जीत हासिल हुई है । टिहरी में लगभग 3,00,586 के मुकाबले इस बार, 2,72,493 वोटों के अंतर से हम जीते हैं और नैनीताल -उधमसिंहनगर में 2019 के 3,39,996 के मुकाबले इस बार भी 3,34,548 मतों के अंतर से जीत मिली है। अल्मोड़ा सीट पर बीजेपी प्रत्याशी अजय टम्टा पिछले चुनाव के 2,32,936 मतों के मुकाबले इस बार 2,44,097 मतों के अंतर से विजयी हुए हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने माना कि मात्र गढ़वाल एवं हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र में भाजपा की जीत का अंतर कुछ कम हुआ है लेकिन वह भी दोनों जगह डेढ़ लाख से ऊपर है । जबकि दोनों स्थानों पर भाजपा उम्मीदवार नए थे। महेंद्र भट्ट ने कहा कि हमारे सांसदों एवं सरकार के कामों के आधार पर जनता लगातार रिकॉर्ड मतों से जीत सुनिश्चित कर रही है जिसमें टिहरी सांसद महारानी माला राज्यलक्ष्मी शाह ने चौथी बार लगातार जीत दर्ज की है। वहीं अल्मोड़ा से अजय टम्टा लगातार तीसरी बार एवं नैनीताल से अजय भट्ट दूसरी बार जनता की उम्मीदों पर खरे उतरे हैं।
भट्ट ने कहा कि कुछ सवाल इस जनादेश को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे हैं। हमारा स्पष्ट कहना है कि चुनाव पूर्व लोकसभा में एनडीए गठबंधन की 350 सीटें थी, जिसको देखते हुए ही लक्ष्य को बढ़कर 400 पर रखा गया। बेशक 400 पार नही हो पाया हो, लेकिन लगातार तीसरी बार एनडीए सरकार का आना ऐतिहासिक उपलब्धि है।
उन्होंने कहा ,”भाजपा की अकेले इंडी गठबंधन की कुल 234 सीटों के मुक़ाबले 240 सीटें मिली हैं और 1962 के बाद पहली बार किसी राजनीतिक दल एवं उसके चुनाव पूर्व हुए गठबंधन को लगातार तीसरी बार स्पष्ट जनादेश मिला है। महेंद्र भट्ट ने कहा,”हमारी जीत को कमतर बताने वाले सभी विपक्षी दल मिलकर भी अकेले अकेले भाजपा से अधिक सीट लाने में भी असफल रहे हैं और लगातार तीसरी बार पराजित होने वाले स्थानीय कांग्रेस नेता, पड़ोसी राज्यों के नतीजों पर जश्न मना रहे हैं ।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा, ‘पार्टी विद डिफरेंस’ है तभी तो विपक्ष अपनी हार से भी सबक नही लेता है और हम जीत की भी समीक्षा करते हैं। उन्होंने कहा कि इस लोकसभा चुनाव में शानदार जीत के बावजूद पार्टी विधानसभावार विश्लेषण करेगी ताकि उन 10 शेष हारी हुई सीटों पर भी भविष्य में कमल खिलाया जाए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की पत्रकारों के साथ वार्ता के दौरान पार्टी के प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान, प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी, कमलेश रमन, गीता ठाकुर , सुनीता विद्यार्थी और संजीव वर्मा उपस्थित रहे।