
Dehradun News। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने अवैध प्लॉटिंग और नियमों के विपरीत हो रहे निर्माणों के खिलाफ सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सहसपुर, डालनवाला और पौंधा क्षेत्र में एक साथ अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान सहसपुर में करीब 100 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया गया, जबकि डालनवाला और पौंधा में कई अवैध एवं मानचित्र के विपरीत बने बहुमंजिला निर्माणों को सील कर दिया गया।

MDDA के अनुसार, उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के निर्देश पर प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण और प्लॉटिंग की लगातार निगरानी की जा रही है। जहां भी नियमों का उल्लंघन पाया जा रहा है, वहां सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है।
सहसपुर में 100 बीघा अवैध प्लॉटिंग पर चला बुलडोजर
प्राधिकरण की टीम ने नए हाईवे के निकट जाटोवाला, सहसपुर में अभिषेक बलूनी, दीपक सैनी एवं अन्य द्वारा लगभग 100 बीघा भूमि पर बिना स्वीकृति विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। मौके पर प्लॉटिंग के लिए बनाई गई सड़कें और अन्य अवैध विकास कार्यों को जेसीबी की मदद से हटाया गया।
डालनवाला में दो अवैध निर्माण सील
डालनवाला क्षेत्र में कोरोनेशन अस्पताल के समीप अनुराधा सिंह एवं राजीव यादव द्वारा किए गए अवैध निर्माण को सील किया गया। इसी क्षेत्र में जगदीश एवं अन्य के निर्माण पर भी प्राधिकरण ने कार्रवाई करते हुए सीलिंग की कार्रवाई की।
पौंधा में दो बहुमंजिला भवनों पर कार्रवाई
फुलसैनी रोड, पौंधा में शुभम गोयल द्वारा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत बनाए जा रहे दो बहुमंजिला निर्माणों को भी MDDA ने सील कर दिया। प्राधिकरण का कहना है कि मानचित्र से अलग निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
संपत्ति खरीदने से पहले जांच लें वैधानिक स्थिति
MDDA ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी भूखंड या मकान की खरीद से पहले उसके स्वीकृत ले-आउट, मानचित्र और अन्य आवश्यक अनुमतियों की जांच अवश्य कर लें। अवैध कॉलोनियों या बिना अनुमति विकसित प्लॉटिंग में निवेश भविष्य में आर्थिक और कानूनी परेशानी का कारण बन सकता है।
पुलिस की मौजूदगी में चला अभियान
ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई पुलिस बल की मौजूदगी में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। अभियान में प्राधिकरण के क्षेत्रीय अभियंता, अवर अभियंता, सुपरवाइजर और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
क्या बोले MDDA उपाध्यक्ष?
MDDA उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में सुनियोजित विकास सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अवैध प्लॉटिंग, बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण और स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किए जा रहे निर्माण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं और अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
सचिव ने भी दी चेतावनी
MDDA सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि प्राधिकरण की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। शिकायत मिलने के साथ-साथ स्वयं चिन्हित किए गए मामलों में भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने नागरिकों से संपत्ति खरीदने से पहले सभी आवश्यक वैधानिक दस्तावेजों की जांच करने की अपील की।



