News Buzzन्यूज़ 360मनोरंजनसमाज

9.91 लाख खातों में सुबह वन-क्लिक से भेजे 147 करोड़, शाम को ‘हनुमान अंश’ देख बाबा नीब करौरी की भक्ति में दिखे CM धामी, फ़िल्म की टैक्स फ्री

फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की संत परंपरा ने हमेशा समाज को सत्य, सेवा, करुणा और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाया है। बाबा नीब करौरी महाराज का जीवन भी इसी महान परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण है।

Share now
  • CM Dhami News: 9.91 लाख पेंशनधारकों को 147 करोड़, फिर बाबा नीब करौरी की भक्ति में दिखे धामी; पढ़िए पूरा अपडेट

Update: मुख्यमंत्री धामी ने ‘हनुमान अंश’ फिल्म को उत्तराखंड में टैक्स फ्री करने की घोषणा की

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बाबा नीब करौरी महाराज के आध्यात्मिक जीवन एवं संदेश पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ को उत्तराखंड में टैक्स फ्री करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने फिल्म की विषयवस्तु एवं बाबा नीब करौरी महाराज के आध्यात्मिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी फिल्में प्रदेश की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का शुक्रवार का दिन जनकल्याण और आध्यात्मिक सरोकारों से जुड़ी दो महत्वपूर्ण गतिविधियों के नाम रहा। एक ओर मुख्यमंत्री ने वन-क्लिक के जरिए राज्य के करीब 9.92 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थियों के खातों में अगस्त माह की पेंशन की 147 करोड़ 05 लाख रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की, वहीं दूसरी ओर उन्होंने बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन और आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी और संत परंपरा, सेवा एवं मानव कल्याण के संदेश को रेखांकित किया।

 वन-क्लिक से 9.91 लाख लाभार्थियों को पेंशन

मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने समाज कल्याण विभाग की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत अगस्त 2026 की पेंशन किस्त का वन-क्लिक के माध्यम से भुगतान किया। इसके तहत 9 लाख 91 हजार 914 लाभार्थियों के खातों में 147 करोड़ 05 लाख 51 हजार रुपये की धनराशि भेजी गई।

अगस्त माह में ही विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत 5,605 नए लाभार्थियों की पेंशन स्वीकृत  की गई है। इनमें वृद्धावस्था पेंशन के 3,945, विधवा पेंशन के 1,000, दिव्यांग पेंशन के 416, किसान पेंशन के 106, परित्यक्ता पेंशन के 23 तथा भरण-पोषण अनुदान के 115 लाभार्थी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कमजोर, जरूरतमंद और वंचित वर्गों को सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेंशन योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए।

 आधार नहीं बन पाने वालों के लिए अकाउंट बेस्ड पेमेंट

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि जिन पात्र लाभार्थियों का किसी कारणवश आधार नहीं बन पा रहा है, उन्हें चिन्हित किया जाए और उनके लिए अकाउंट बेस्ड पेमेंट की व्यवस्था की जाए, ताकि आधार संबंधी समस्या के कारण कोई पात्र व्यक्ति पेंशन के लाभ से वंचित न रहे।

प्रस्तुतीकरण में बताया गया कि कुल पेंशन लाभार्थियों में 2 लाख 14 हजार 711 लाभार्थी राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) के तहत तथा 7 लाख 77 हजार 203 लाभार्थी राज्य स्तर पर आच्छादित हैं। अगस्त माह के भुगतान में करीब 140 करोड़ 11 लाख रुपये राज्यांश और 6 करोड़ 94 लाख रुपये केंद्रांश शामिल है।

 पेंशन के बाद ‘हनुमान अंश’ देखने पहुंचे CM धामी

इसी दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हाथीबड़कला स्थित सेंट्रियो मॉल के सिनेमा हॉल पहुंचे और बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन, भक्ति, सेवा और आध्यात्मिक यात्रा से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी गीता धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक प्रदीप बत्रा सहित विभिन्न दायित्वधारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की संत परंपरा ने हमेशा समाज को सत्य, सेवा, करुणा और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाया है। बाबा नीब करौरी महाराज का जीवन भी इसी महान परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि बाबा की भक्ति, मानव सेवा और सभी के प्रति प्रेम का संदेश आज भी प्रासंगिक है। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड को महान संतों और आध्यात्मिक परंपराओं की भूमि बताते हुए कहा कि कैंची धाम आज विश्वभर में श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है।


‘हनुमान अंश’ में संत परंपरा और लोककल्याण का संदेश

मुख्यमंत्री ने फिल्म ‘हनुमान अंश’ को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा को नई पीढ़ी से जोड़ने वाला रचनात्मक प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि फिल्म बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन से जुड़े ईश्वर के प्रति श्रद्धा, मानव सेवा, करुणा, प्रेम, विनम्रता और लोककल्याण जैसे मूल्यों को सामने लाने का प्रयास करती है।

उन्होंने फिल्म के निर्माता और पूरी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति और संत परंपरा पर आधारित सकारात्मक एवं प्रेरणादायी फिल्मों से समाज में सेवा, संस्कार और मानवीय मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ती है।

‘हनुमान अंश’ का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है और फिल्म में शोभिनव सतैया सहित अन्य कलाकारों ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं। फिल्म हिंदी में 7 अगस्त 2026 को देशभर में रिलीज हुई थी।

मुख्यमंत्री धामी की शुक्रवार की गतिविधियों में एक तरफ सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के जरिए जरूरतमंदों तक आर्थिक सहायता पहुंचाने का संदेश दिखा, तो दूसरी ओर बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन और सेवा भावना से जुड़े आध्यात्मिक मूल्यों के प्रति उनका जुड़ाव भी सामने आया।

 

Show More

The News Adda

The News अड्डा एक प्रयास है बिना किसी पूर्वाग्रह के बेबाक़ी से ख़बर को ख़बर की तरह कहने का आख़िर खबर जब किसी के लिये अचार और किसी के सामने लाचार बनती दिखे तब कोई तो अड्डा हो जहां से ख़बर का सही रास्ता भी दिखे और विमर्श का मज़बूत मंच भी मिले. आख़िर ख़बर ही जीवन है.

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!