News BuzzPURE पॉलिटिक्सन्यूज़ 360शिक्षा

Rahul Gandhi Dehradun: ‘पेपर लीक ने युवाओं का भविष्य लूटा’, देहरादून में राहुल गांधी का बड़ा हमला; मंच पर रो पड़े रिया के पिता ने की एक ही मांग

'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में राहुल गांधी ने पेपर लीक, भर्ती घोटालों और परीक्षा प्रणाली पर सरकार को घेरा। रिया के पिता की भावुक अपील ने पूरे सभागार को रुला दिया।

Share now
  • Rahul Gandhi Dehradun: ‘पेपर लीक में पूरा सिस्टम शामिल’, देहरादून में छात्रों के बीच राहुल गांधी का बड़ा हमला, मंच पर छलका रिया के पिता का दर्द
फोटो: कांग्रेस यूट्यूब चैनल से

देहरादून। राजस्थान के कोटा में छात्रों से संवाद के बाद शुक्रवार शाम लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी देहरादून पहुंचे, जहां उन्होंने ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से सीधा संवाद किया। कार्यक्रम का केंद्र बिंदु लगातार सामने आ रहे पेपर लीक, भर्ती घोटाले और युवाओं के भविष्य पर मंडराते संकट रहे। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि “पेपर लीक में ऊपर से नीचे तक पूरा सिस्टम शामिल है।” वहीं मंच पर एक छात्रा रिया के पिता के भावुक होकर रो पड़ने से कार्यक्रम का सबसे मार्मिक पल सामने आया।

‘युवाओं के सामने दो रास्ते- मेहनत या पेपर लीक’राहुल गांधी ने कहा कि आज देश का युवा दो रास्तों के बीच खड़ा है। पहला रास्ता मेहनत का है और दूसरा भ्रष्टाचार तथा पेपर लीक का। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि किसी के पास पैसा और पहुंच है तो वह पेपर लीक के जरिए व्यवस्था का फायदा उठा सकता है, जबकि मेहनत करने वाले लाखों युवाओं के सपने टूट जाते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में छात्र वर्षों तक दिन-रात 8 से 10 घंटे मेहनत करते हैं। पूरा परिवार आर्थिक और मानसिक संघर्ष झेलता है, लेकिन एक पेपर लीक उस पूरी मेहनत पर पानी फेर देता है।

‘पूरा सिस्टम युवाओं की मेहनत का मजाक बना रहा है’

राहुल गांधी ने परीक्षा प्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि पेपर लीक किसी एक व्यक्ति की गलती नहीं बल्कि पूरी व्यवस्था की विफलता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कोचिंग माफिया से लेकर परीक्षा एजेंसियों और मंत्रालय तक पूरी व्यवस्था युवाओं की मेहनत के साथ खिलवाड़ कर रही है। उनके अनुसार यह भ्रष्ट तंत्र लाखों परिवारों का आर्थिक और मानसिक शोषण कर रहा है।

रिया के पिता मंच पर रो पड़े, बोले- ‘बेटी ने कहा था… पापा, हमारे साथ धोखा हुआ’

कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब आया जब पेपर लीक से प्रभावित छात्रा रिया के पिता राजेश मल्ल मंच पर अपनी बेटी की कहानी सुनाते हुए फफक पड़े।

उन्होंने बताया कि परीक्षा देकर लौटने के बाद रिया बेहद खुश थी और उसे भरोसा था कि उसका चयन होगा। लेकिन जब पेपर लीक की खबर सामने आई तो उसकी दुनिया बदल गई।

राजेश गुरुंग ने बताया कि उनकी बेटी ने उनसे सिर्फ एक बात कही थी—

“पापा… हमारे साथ धोखा हुआ है।”

उन्होंने कहा कि दोबारा परीक्षा की घोषणा के बाद रिया मानसिक रूप से टूट गई थी। वह सवाल करती थी कि परीक्षा केंद्र में छात्रों के टॉप्स तक उतरवा दिए जाते हैं, इतनी सख्ती होती है, फिर भी पेपर कैसे लीक हो जाता है।

अपनी बात कहते-कहते राजेश मल्ल मंच पर रो पड़े। उन्होंने राहुल गांधी से अपील की कि भविष्य में किसी दूसरे परिवार के साथ ऐसा अन्याय न हो, इसके लिए वे संसद में आवाज़ उठाए। 

छात्रों ने सुनाई वर्षों की मेहनत बर्बाद होने की कहानी

संवाद के दौरान कई छात्रों ने अपने अनुभव साझा किए।

* एक छात्रा ने बताया कि 2020 में परीक्षा देकर बाहर निकली तो पता चला कि पेपर लीक हो गया।
* दूसरी छात्रा ने कहा कि 2025 की पटवारी भर्ती परीक्षा दोबारा देनी पड़ी क्योंकि प्रश्नपत्र लीक हो गया था।
* छात्रों ने आरोप लगाया कि निजी संस्थानों का विस्तार हो रहा है, जबकि योग्य अभ्यर्थियों को सरकारी संस्थानों में अवसर नहीं मिल रहे।

ऑनलाइन शिक्षक अविनाश शर्मा ने उठाए तीखे सवाल

ऑनलाइन कोचिंग शिक्षक अविनाश शर्मा ने कहा कि देश में पेपर लीक अब एक उद्योग का रूप ले चुका है।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब हर जगह सीसीटीवी और निगरानी व्यवस्था मौजूद है तो आखिर प्रश्नपत्र कैसे लीक हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा में किसी प्रश्न पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए छात्रों से शुल्क लिया जाता है, जबकि पेपर लीक होने की जिम्मेदारी कोई नहीं लेता।

उन्होंने यह भी कहा कि पेपर लीक का असर केवल एक छात्र पर नहीं बल्कि पूरे परिवार और अगली पीढ़ी पर पड़ता है।

राहुल गांधी ने बताए समाधान

राहुल गांधी ने परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की मांग करते हुए कहा कि—

* परीक्षा प्रणाली पूरी तरह स्टूडेंट्स सेंट्रिक हो।
* प्रश्नपत्रों की सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित की जाए।
* परीक्षा प्रक्रिया में रैंडमाइजेशन लागू हो।
* विश्वविद्यालय और शिक्षा संस्थान राजनीतिक हस्तक्षेप से मुक्त हों।
* कुलपतियों की नियुक्ति राजनीतिक आधार पर नहीं बल्कि योग्यता के आधार पर हो।
* परीक्षाएं निजी कंपनियों के बजाय सरकार की जिम्मेदारी हों।
* पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ तत्काल और कड़ी कार्रवाई हो।
* पेपर लीक से प्रभावित छात्रों को उचित मुआवजा दिया जाए।

देहरादून में राहुल गांधी के दौरे से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह

करीब साढ़े चार साल बाद राहुल गांधी के देहरादून दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बारिश के बावजूद बन्नू स्कूल परिसर में बड़ी संख्या में छात्र और कार्यकर्ता जुटे। कार्यक्रम के दौरान पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं का मुद्दा पूरे संवाद का केंद्र बना रहा।

क्यों अहम है यह कार्यक्रम?

उत्तराखंड पिछले कुछ वर्षों में भर्ती परीक्षाओं और पेपर लीक मामलों को लेकर लगातार चर्चा में रहा। हालांकि राज्य की पुष्कर सिंह धामी सरकार सख्त नक़ल विरोधी कानून के चलते नक़ल रहित परीक्षा तंत्र बनाने तथा सौ से ज़्यादा नकल माफिया सलाखों के पीछे डालने का दावा कर रही है, जबकि कांग्रेस पेपर लीक के मुद्दे को बड़ा चुनावी हथियार बनाना चाहती है। इसी उद्देश्य के लिए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को देहरादून उतारा गया। पूरी संभावना है कि 20 जुलाई से शुरू हो रहे संसद के मानसून सत्र में राहुल गांधी राजस्थान के कोटा और उत्तराखंड के देहरादून में आयोजित “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम के बहाने नीट यूजी पेपर लीक का मुद्दा उठाकर केंद्र और राज्य सरकार को घेरने का प्रयास करें।

Show More

The News Adda

The News अड्डा एक प्रयास है बिना किसी पूर्वाग्रह के बेबाक़ी से ख़बर को ख़बर की तरह कहने का आख़िर खबर जब किसी के लिये अचार और किसी के सामने लाचार बनती दिखे तब कोई तो अड्डा हो जहां से ख़बर का सही रास्ता भी दिखे और विमर्श का मज़बूत मंच भी मिले. आख़िर ख़बर ही जीवन है.

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!