News Buzzन्यूज़ 360

आठ करोड़ का ट्रांसफर बना हत्या की वजह! माँ ने दी 12 लाख में बेटे की सुपारी, तिब्बती मार्केट शूटआउट में पुलिस का खुलासा

प्रॉपर्टी विवाद के चलते मृतक की माँ व उसके सहयोगियों द्वारा उसे रास्ते से हटाने के लिये 12 लाख रुपए में अभियुक्तों से किया था सौदा घटना की साजिश में शामिल तथा अभियोग में नामजद मृतक की माँ सहित उसके 02 अन्य सहयोगियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार।

Share now
Dehradun Arjun Sharma murder case: देहरादून में एक बार फिर माँ-बेटे के रिश्ते तार-तार हो गए हैं। करोड़ों की प्रॉपर्टी के विवाद में एक माँ ने साथियों के साथ मिलकर साजिश रचते हुए अपने ही बेटे की 12 lakh की सुपारी देकर हत्या करा दी।  बुधवार को देहरादून की तिब्बती मार्केट के सामने सरेराह हुए अर्जुन शर्मा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए यही दावा किया है। गुरुवार शाम को देहरादून के एसएसपी अजय सिंह ने प्रेसवार्ता कर बताया कि मृतक अर्जुन शर्मा और उनकी माँ के बीच कर्नल पिता के नाम पर बलिदानी कोटे से परिवार को मिली गैस एजेंसी के लोन चुनाने को लेकर झगड़ा चल रहा था। झगड़े की वजह एक बने इस प्रॉपर्टी विवाद में मृतक की मां बीना शर्मा ने ही बेटे अर्जुन की हत्या करवाई थी। एसएसपी ने बताया कि मां ने शूटरों को 12 लाख रुपए में सुपारी दी थी जिसमें से तीन लाख रुपए एडवांस के रूप में दे दिए थे और शेष रकम काम होने के बाद देनी थी।
मर्डर के बाद मृतक अर्जुन शर्मा की पत्नी अभिलाषा शर्मा ने अपनी सास बीना शर्मा, उसके सहयोगी विनोद उनियाल व उसकी पत्नी संगीता उनियाल तथा एसके मेमोरियल हॉस्पिटल के मालिक डॉ0 अजय खन्ना पर प्रॉपर्टी विवाद में हत्या कराने का शक जताते हुए प्रार्थना पत्र दिया था। इसी के आधार पर जांच शुरू करते हुए तथा दोनों हत्यारोपियों की गिरफ़्तारी के बाद हुई पूछताछ के आधार पर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि मां बीना शर्मा ने 25 दिन पहले ही बेटे की हत्या की साजिश रचनी शुरू कर दी थी। मृतक की मां शातिर अपराधियों की तरह अपने बेटे की हर गतिविधि पर नजर रख रही थी। कुछ दिन पहले ही उसने गैस एजेंसी के मैनेजर से बेटे अर्जुन की मूवमेंट की जानकारी भी ली थी।

पुलिस को तहक़ीक़ात में पता चला कि पिछले दिनों बीना शर्मा ने जीएमएस रोड की अपनी एक प्रॉपर्टी बेची थी। इस प्रॉपर्टी को बेचने के बाद 14 करोड़ रुपए बीना शर्मा के खाते में आए थे। इसमें से आठ करोड़ रुपए उसने अपने साथी विनोद उनियाल के खाते में भेजे थे। इसके बाद जब अर्जुन ने इसका विरोध किया तो मां ने हत्या की साजिश रची थी।
मर्डर के बाद पुलिस ने शूटर और उसके सहयोगी को अलग-अलग स्थानों पर मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। फायरिंग के दौरान दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है। हत्याकांड के बाद एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए शहर से लेकर देहात तक नाकेबंदी और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।

पुलिस ने बताया कि गुरुवार तड़के रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में चेकिंग के दौरान एक बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस की तरफ से जवाबी फायरिंग की गई और मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया और उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया। इसी दौरान लालतप्पर पुलिस चौकी पर चेकिंग के समय एक स्कूटी सवार बदमाश पुलिस के रोकने पर नहीं रुका। वह वापस मुड़कर एक खंडर फैक्ट्री में घुस गया और पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे भी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी है। दोनों बदमाशों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने उनके पास से दो देशी तमंचे और एक स्कूटी बरामद की है। पूछताछ में दोनों बदमाशों ने तिब्बती मार्केट के सामने हुए हत्याकांड को अंजाम देने की बात कबूल की है। पुलिस ने बताया कि दोनों बदमाशों से लगातार पूछताछ की जा रही है।

देहरादून पुलिस द्वारा बयान पढ़िए-

तिब्बती मार्केट में हुई युवक की हत्या का दून पुलिस ने किया खुलासा
घटना को अंजाम देने वाले दोनों मुख्य अभियुक्त पुलिस मुठभेड़ में हुए घायल
चैकिंग के दौरान अलग-अलग स्थानों पर पुलिस द्वारा रोके जाने पर अभियुक्तों द्वारा पुलिस पर किया था फायर
अभियुक्तों के कब्जे से 02 तमंचे 315 बोर, जिंदा व खोखा कारतूस व घटना में प्रयुक्त स्कूटी हुई बरामद
मृतक व्यक्ति का अपनी माँ व उसके सहयोगियों के साथ सम्पत्ति को लेकर चल रहा था विवाद
विवाद के चलते मृतक की माँ व उसके सहयोगियों द्वारा उसे रास्ते से हटाने के लिये 12 लाख रुपए में अभियुक्तों से किया था सौदा
घटना की साजिश में शामिल तथा अभियोग में नामजद मृतक की माँ सहित उसके 02 अन्य सहयोगियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Dehradun Crime files:

दिनांक: 11/02/2026 को समय करीब 10:30 बजे कोतवाली डालनवाला को सूचना प्राप्त हुई कि तिब्बती मार्केट के पास एक व्यक्ति को अज्ञात व्यक्ति द्वारा गोली मार दी है। उक्त सूचना पर कोतवाली डालनवाला से पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुँचा तथा घायल व्यक्ति को उपचार हेतु दून अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों द्वारा उसे मृत घोषित किया गया। मृतक व्यक्ति की पहचान अर्जुन शर्मा निवासी इंदिरा नगर, थाना बसंत विहार, देहरादून के रूप में हुई है। मृतक अर्जुन शर्मा जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के स्वामी थे। घटना की सूचना पर उच्चाधिकारियों द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण कर उपस्थित अधिकारियों से घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की गयी।

घटना के संबंध में मृतक अर्जुन शर्मा की पत्नी अभिलाषा शर्मा पत्नी स्व0 अर्जुन शर्मा निवासी 41/1 बसन्त विहार देहरादून द्वारा अपनी सास बीना शर्मा का 01- विनोद उनियाल, 02- संगीता उनियाल पत्नी विनोद उनियाल, 03- डॉ0 अजय खन्ना, एस०के० मैमोरियल हास्पिटल के साथ पैसों के लेने-देन होने के कारण उनके पति अर्जुन शर्मा द्वारा इस बात का विरोध करने पर उनका अपनी माँ के साथ विवाद चलने व इस सम्बन्ध में उनका न्यायालय में भी वाद के लम्बित होने तथा उक्त विवाद के चलते अपनी सास सहित उक्त सभी व्यक्तियों द्वारा उनके पति की हत्या कराये जाने का शक होने के सम्बन्ध में दिये गये प्रार्थना पत्र के आधार पर कोतवाली डालनवाला पर मु0अ0सं0: 29/2026 अन्तर्गत धारा 103(1) बीएनएस का अभियोग पंजीकृत किया गया।

घटना की संवेदनशीलता के दृष्टिगत अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु एसएसपी देहरादून द्वारा दिये गये निर्देशों पर तत्काल अलग-अलग टीमों का गठन किया गया, साथ ही सम्पूर्ण जनपद में नाकेबंदी करते हुए जनपद के नगर तथा देहात क्षेत्र में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। घटना स्थल व उसके आस-पास के सीसीटीवी की फुटेजों के अवलोकन से स्कूटी सवार 02 व्यक्तियों द्वारा उक्त घटना को अंजाम दिया जाना प्रकाश में आया।

पुलिस द्वारा लगातार चलाये जा रहे सघन चैकिंग अभियान के दौरान दिनांक: 11-02-26 की रात्रि में रायपुर पुलिस द्वारा लाडपुर क्षेत्र में सीक्यूएआई तिराहे से आगे जंगल की ओर से आ रहे एक व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया गया तो उक्त व्यक्ति पुलिस टीम पर फायर करते हुए जंगल की ओर भाग गया, पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में किये गये जवाबी फायर में उक्त व्यक्ति के पैर पर गोली लग गई, मौके से अभियुक्त के पास से 315 बोर का 01 तमंचा तथा 01 खोखा कारतूस बरामद हुआ। इस दौरान दिनाँक 11-12/02/26 की देर रात्रि डोईवाला पुलिस द्वारा चैकिंग के दौरान लालतप्पड चौकी के सामने बैरियर पर देहरादून की ओर से आ रही एक स्कूटी को रोकने पर स्कूटी सवार व्यक्ति पुलिस को देखकर वापस मुड़कर देहरादून की ओर भागने का प्रयास करने लगा, पुलिस टीम द्वारा पीछा करने पर अभियुक्त पुलिस टीम पर फायर करते हुए पास स्थित बंद पड़ी बिरला फैक्ट्री के अन्दर भाग गया तथा अन्दर से पुलिस टीम पर फायर किया गया। पुलिस टीम द्वारा अपने बचाव में किये गये जवाबी फायर में अभियुक्त के पैर पर गोली लग गई। मौके से पुलिस टीम द्वारा अभियुक्त के कब्जे से 01 तमंचा, 01 जिंदा कारतूस तथा खोखा कारतूस बरामद किया गया। लाडपुर क्षेत्र में घायल बदमाश द्वारा अपना नाम राजीव उर्फ राजू पुत्र अभय राम सिंह निवासी: 61/3 इन्द्रा कालोनी चक्खुवाला कोतवाली नगर देहरादून तथा लालतप्पड क्षेत्र में घायल बदमाश द्वारा अपना नाम पंकज राणा पुत्र अभय राम सिंह निवासी: 61/3 इन्द्रा कालोनी चक्खुवाला कोतवाली नगर देहरादून बताया गया तथा दोनो अभियुक्तों द्वारा परेड ग्राउण्ड तिब्बती मार्केट के पास अर्जुन शर्मा नाम के व्यक्ति की तमंचे से गोली मारकर हत्या करना स्वीकार किया गया। पुलिस द्वारा मुठभेड़ में घायल दोनों अभियुक्तों को उपचार हेतु कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया। अभियुक्तों द्वारा पुलिस टीम पर किये गये जानलेवा हमले के सम्बन्ध में उनके विरूद्ध थाना रायपुर तथा कोतवाली डोईवाला में धारा: 109 बीएनएस तथा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग अभियोग पंजीकृत किये गये।

घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून, पुलिस अधीक्षक नगर/विकासनगर व अन्य अधिकारीगणों द्वारा घटना स्थल व अस्पताल में पहुंचकर घटना के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त करते हुए अभियुक्तों से घटना के सम्बन्ध में पूछताछ की गई।

पूछताछ में उनके द्वारा बताया गया कि वो दोनों सगे भाई हैं तथा मूल रूप से ग्राम देवीखाल, पो0 गुमखाल, कोटद्वार जिला पौड़ी गढ़वाल के रहने वाले हैं तथा वर्तमान में अपने परिवार के साथ चक्खुवाला कोतवाली क्षेत्र में रह रहे हैं। अभियुक्त पंकज राणा, विनोद उनियाल के पास ड्राइवर का काम करता है तथा अभियुक्त राजीव ऑटो चलाने का कार्य करता है। विनोद उनियाल, उनके परिचित डॉ0 अजय खन्ना व मृतक की माँ बीना शर्मा का मृतक अर्जुन शर्मा से प्रापर्टी व पैसों के लेने देन को लेकर विवाद चल रहा था तथा पूर्व में दोनों पक्षों द्वारा एक-दूसरे के विरूद्ध अभियोग पंजीकृत कराये गये थे।

डॉ0 अजय खन्ना की अर्जुन शर्मा की माँ बीना शर्मा से जीएमएस रोड स्थित उनकी सम्पत्ति को खरीदने की एवज में 14 करोड रू0 मे डील हुई थी, जिसमें से अब तक 08 करोड़ रू0 उसके द्वारा बीना शर्मा को दिये जा चुके थे, पर अर्जुन शर्मा द्वारा उसकी माँ द्वारा बेची गई प्रापर्टी पर न्यायालय से स्टे ले लिया गया था। इतने पैसे देने के बाद व प्रापर्टी पर कब्जा न मिल पाने के कारण डॉ0 अजय खन्ना काफी परेशान चल रहा था तथा बीना शर्मा पर अपने पैसे वापस देने का दबाव बना रहा था, जिसे लेकर माँ-बेटे के बीच अक्सर विवाद व झगड़ा होता रहता था तथा मृतक की माँ द्वारा अपने पुत्र से खुद को असुरक्षित बताते हुए उच्च न्यायालय से सुरक्षा प्राप्त की गई थी।

उक्त सम्पत्ति पर अर्जुन शर्मा द्वारा विक्रय पर स्टे लेने तथा मोटी धनराशि देने के बावजूद भी न्यायालय में वाद के लम्बित रहने तथा प्रापर्टी पर मालिकाना हक नहीं मिल पाने पर बीना शर्मा, अजय खन्ना तथा विनोद उनियाल द्वारा अर्जुन शर्मा को रास्ते से हटाने की योजना बनाई तथा उनका दोनों अभियुक्तों से 12 लाख रू0 में सौदा तय हुआ था, जिसमें से 03 लाख रू0 दोनों अभियुक्तों को एडवांस मिल गये थे तथा बाकी के पैसे काम होने के बाद मिलने थे।

पैसों के लालच में दोनो अभियुक्तों द्वारा अर्जुन शर्मा की दिनचर्या की जानकारी करते हुए दिनांक: 11-02-26 को तिब्बती मार्केट के पास अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी। अभियोग की विवेचना के दौरान तथ्य प्रकाश में आये कि घटना से पूर्व तथा घटना के बाद अभियुक्त पंकज राणा द्वारा विनोद उनियाल से व्हाट्सएप के माध्यम से सम्पर्क किया गया था तथा घटना के बाद रात्रि में अभियुक्त उसके घर भी गया था। विवेचना के दौरान गवाहों के बयानों से यह तथ्य प्रकाश में आये कि मृतक अर्जुन शर्मा की मां बीना शर्मा द्वारा अर्जुन शर्मा के मैनेजर विजय से कुछ दिन पूर्व उसकी दिनचर्या के सम्बन्ध में जानकारी ली गई थी, क्योंकि अपनी मां से हुए विवाद के चलते मृतक अर्जुन शर्मा अपने परिवार के साथ इन्दिरा नगर क्षेत्र मे किराये के मकान में रह रहा था। अभियुक्तों से पूछताछ तथा विवेचना के दौरान प्रकाश में आये हत्या के षडयंत्र में शामिल होने सम्बन्धी तथ्यों के आधार पर पुलिस द्वारा अभियोग में नामजद तीन अन्य अभियुक्तों 1- विनोद उनियाल 2- डॉ0 अजय खन्ना तथा 3- बीना शर्मा को गिरफ्तार किया गया, जिनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस द्वारा घटना के सभी तथ्यों पर लगातार गहनता से विवेचना की जा रही है।

मुठभेड में गिरफ्तार हत्याकाण्ड के दोनों मुख्य अभियुक्तों पंकज राणा व राजीव का पुलिस द्वारा न्यायालय से रिमाण्ड कराया गया।

नाम पता अभियुक्तगण:-

1- पंकज राणा पुत्र अभय राम सिंह निवासी- 61/3 इंदिरा कॉलोनी, चक्खुवाला, कोतवाली, देहरादून उम्र 52 वर्ष
2- राजीव उर्फ राजू पुत्र अभय राम सिंह निवासी 61/3 इंदिरा कॉलोनी, चक्खुवाला, कोतवाली, देहरादून, उम्र 50 वर्ष
3- श्रीमती बीना शर्मा पत्नी स्व0 आर0सी0 शर्मा , निवासी 40/1 बसंत विहार,
4- विनोद उनियाल पुत्र घनश्याम उनियाल, निवासी गैलेक्सी लैक्सोटिका अपार्टमेंट, 31 इन्दर रोड डालनवाला।
5- अजय खन्ना, पुत्र जे0पी0 खन्ना निवासी: 12 ई०सी० रोड, डालनवाला, देहरादून

बरामदगी :-

1- घटना में प्रयुक्त 02 तमंचे 315 बोर, जिंदा /खोखा कारतूस
2- घटना में प्रयुक्त स्कूटी

Show More

The News Adda

The News अड्डा एक प्रयास है बिना किसी पूर्वाग्रह के बेबाक़ी से ख़बर को ख़बर की तरह कहने का आख़िर खबर जब किसी के लिये अचार और किसी के सामने लाचार बनती दिखे तब कोई तो अड्डा हो जहां से ख़बर का सही रास्ता भी दिखे और विमर्श का मज़बूत मंच भी मिले. आख़िर ख़बर ही जीवन है.

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!