News Buzzन्यूज़ 360

उत्तराखंड में बड़ी प्रशासनिक सर्जरी: पुलिस से शासन तक 34 अधिकारियों की जिम्मेदारियों में फेरबदल

17 आईपीएस अधिकारियों के तबादले, शासन के कई अहम विभागों में भी बदलाव; एल. फनई को आबकारी विभाग की कमान, आर. राजेश को औद्योगिक विकास और मेहरबान सिंह बिष्ट को गृह विभाग की जिम्मेदारी। तबादला एक्सप्रेस के तहत पुलिस महकमे में नैनीताल, पौड़ी, टिहरी और ऊधमसिंह नगर समेत कई जिलों के पुलिस कप्तान बदल दिए गए हैं।

Share now
  • उत्तराखंड में 17 IPS अधिकारियों का बड़ा फेरबदल, चार जिलों के पुलिस कप्तान बदले
  • नैनीताल से अर्पण यदुवंशी, ऊधमसिंह नगर में मणिकांत मिश्रा और पौड़ी में देवेंद्र पींचा को जिम्मेदारी; श्वेता चौबे को IRB द्वितीय की कमान

देहरादून। धामी सरकार ने बुधवार को प्रशासनिक और पुलिस महकमे में व्यापक फेरबदल करते हुए कुल 34 अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव कर दिया। देर शाम जारी दो अलग-अलग शासनादेशों के तहत 17 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं, जबकि कार्मिक एवं सतर्कता विभाग ने आईएएस, आईपीएस, पीसीएस और सचिवालय सेवा के 17 अधिकारियों के विभागों एवं दायित्वों में बदलाव किया है।

इस प्रशासनिक फेरबदल में कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। आबकारी, औद्योगिक विकास, खेल एवं युवा कल्याण, आयुष, तकनीकी शिक्षा, वित्त, गृह, नियोजन और वन विभाग में नए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, पुलिस महकमे में नैनीताल, पौड़ी, टिहरी और ऊधमसिंह नगर समेत कई जिलों के पुलिस नेतृत्व में बदलाव हुआ है।

शासन के अहम विभागों में बड़े बदलाव

कार्मिक एवं सतर्कता विभाग के आदेश के अनुसार, आईएएस अधिकारी एल. फनई को प्रमुख सचिव आबकारी विभाग बनाया गया है। इससे पहले उनके पास प्रमुख सचिव खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले के साथ उत्तराखंड परिवहन निगम के अध्यक्ष और आयुक्त कृषि उत्पादन की जिम्मेदारी थी।

आईएएस डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा को सचिव तकनीकी शिक्षा से हटाकर सचिव आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, आईएएस बृजेश कुमार संत को औद्योगिक विकास (खनन), आबकारी और महानिदेशक खनन की जिम्मेदारियों से मुक्त करते हुए सचिव खेल एवं युवा कल्याण विभाग बनाया गया है।

आईएएस डॉ. आर. राजेश कुमार को सचिव औद्योगिक विकास (खनन) और महानिदेशक खनन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले वह आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग के सचिव, आयुक्त आवास और उत्तराखंड आवास एवं नगर विकास प्राधिकरण के मुख्य प्रशासक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

आईएएस युगल किशोर पंत को सचिव तकनीकी शिक्षा विभाग बनाया गया है। इससे पहले उनके पास संस्कृति विभाग और सचिवालय प्रशासन विभाग की जिम्मेदारी थी।

आईएएस रंजना राजगुरु को सचिव नियोजन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, आईएएस मेहरबान सिंह बिष्ट को अपर सचिव ऊर्जा एवं सहकारिता विभाग की जिम्मेदारी से हटाकर अपर सचिव गृह विभाग बनाया गया है।

आईएएस मनोज गोयल को अपर सचिव वित्त विभाग नियुक्त किया गया है। आईएएस अभिनव शाह को अपर सचिव सहकारिता विभाग और निबंधक सहकारिता की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

आयुष, श्रम, जलागम और वन विभाग में भी बदलाव

आईएएस रीना जोशी को अपर सचिव श्रम विभाग बनाया गया है। उनके पास पहले राज्यपाल के अपर सचिव और परिवहन विभाग की जिम्मेदारी के साथ उत्तराखंड परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक का दायित्व था। उन्हें राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण का अतिरिक्त प्रभार भी प्राप्त था।

आईएएस विनीत कुमार को अपर सचिव जलागम, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग और अपर निदेशक/परियोजना निदेशक जलागम की जिम्मेदारी दी गई है। इससे पहले उनके पास लोक निर्माण, श्रम, आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग के अपर सचिव तथा अल्पसंख्यक कल्याण से जुड़े दायित्व थे।

सचिवालय सेवा के अधिकारी विक्रम सिंह यादव से अपर सचिव अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की जिम्मेदारी वापस ली गई है, जबकि सचिवालय सेवा की ही अधिकारी महिमा रोंकली को अपर सचिव वन विभाग बनाया गया है।

इसके अतिरिक्त पीसीएस अधिकारी बीएस चलाल को निदेशक दुग्ध विकास और निदेशक महिला डेयरी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इलागिरी को निदेशक दुग्ध विकास एवं महिला डेयरी के पद से हटाकर अपर आयुक्त नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले की जिम्मेदारी दी गई है।

पुलिस महकमे में तेज दौड़ी तबादला एक्सप्रेस, कई कप्तान बदले 

गृह विभाग की ओर से जारी अलग आदेश में 17 आईपीएस अधिकारियों की तैनाती बदली गई है। इसके तहत चार जिलों के पुलिस कप्तान बदल दिए गए हैं।

अर्पण यदुवंशी को एसएसपी नैनीताल बनाया गया है। वह इससे पहले एसडीआरएफ के सेनानायक थे। मणिकांत मिश्रा को एक बार फिर एसएसपी ऊधमसिंह नगर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। देवेंद्र पींचा को एसएसपी पौड़ी और सरिता डोभाल को एसएसपी टिहरी बनाया गया है।

अन्य बदलावों में पंकज भट्ट को आईआरबी प्रथम बैलपड़ाव का सेनानायक, अजय गणपति कुमार को एसडीआरएफ का सेनानायक और हरिश वर्मा को 46वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर का सेनानायक बनाया गया है।

अमित श्रीवास्तव प्रथम को पुलिस अधीक्षक अभिसूचना, अमित श्रीवास्तव द्वितीय को पुलिस अधीक्षक चमोली, विशाखा अशोक भदाणे, जितेंद्र मेहरा और सुरजीत पंवार को पुलिस अधीक्षक पुलिस मुख्यालय की जिम्मेदारी दी गई है।

शाहजहां जावेद खान को पुलिस अधीक्षक फायर सर्विस और जगदीश चंद्र को पुलिस अधीक्षक बागेश्वर बनाया गया है। वहीं, अमित श्रीवास्तव द्वितीय, सर्वेश पंवार और अन्य अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है।

इस फेरबदल के साथ ही प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था और पुलिस नेतृत्व में कई महत्वपूर्ण बदलाव सामने आए हैं। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन के लिहाज से डीएम तबादला एक्सप्रेस कब चलती है ? 

 

IPS तबादलों में सबसे अहम बदलाव
  • अर्पण यदुवंशी एसएसपी नैनीताल
  • मणिकांत मिश्रा एसएसपी ऊधमसिंह नगर
  • देवेंद्र पींचा एसएसपी पौड़ी
  • सरिता डोभाल एसएसपी टिहरी
  • श्वेता चौबे सेनानायक, आईआरबी द्वितीय
  • अजय गणपति कुमार सेनानायक, एसडीआरएफ
  • मंजूनाथ टीसी सेनानायक, 31वीं वाहिनी पीएसी
Screenshot
Screenshot
Screenshot
Screenshot
Show More

The News Adda

The News अड्डा एक प्रयास है बिना किसी पूर्वाग्रह के बेबाक़ी से ख़बर को ख़बर की तरह कहने का आख़िर खबर जब किसी के लिये अचार और किसी के सामने लाचार बनती दिखे तब कोई तो अड्डा हो जहां से ख़बर का सही रास्ता भी दिखे और विमर्श का मज़बूत मंच भी मिले. आख़िर ख़बर ही जीवन है.

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!