देहरादून: उत्तराखण्ड सचिवालय संघ के अध्यक्ष दीपक जोशी की ओर से सभी प्रदेशवासियों को 75वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ दी गयी हैं। साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा स्वतंत्रता दिवस पर विधानसभा भवन भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में झण्डारोहण किये जाने पर मुख्यमंत्री के प्रति अत्यधिक प्रसन्नता का भाव व्यक्त किया है।
सरकार के स्तर पर घोषित ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण की आधारभूत अवस्थापना विकास के प्रति भी मुख्यमंत्री धामी का ध्यान आकृष्ट कराते हुये राज्य आन्दोलन के शहीदों व समस्त आन्दोलनकारियों का सपना साकार कर गैरसैंण को पर्वतीय राज्य की स्थायी राजधानी घोषित करने का ऐतिहासिक फैसला लिये जाने का भी अनुरोध किया है। इसके लिये गैरसैंण सचिवालय हेतु आवश्यक पदों का सृजन कर गैरसैंण में अवस्थापना विकास को एक नया आयाम देने की मांग राज्य सरकार से की गई है।