News Buzzन्यूज़ 360शिक्षासमाजहेल्थ

नशे को ना, जिंदगी को हां: ललित जोशी बोले- युवा शक्ति से बनेगा विकसित भारत

वन्दे मातरम् कैंप में युवाओं से बोले ललित जोशी- नौकरी तलाशने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनें

Share now

 

देहरादून: विकसित भारत की नींव मजबूत करनी है तो युवा शक्ति को नशे से बचाकर शिक्षा, कौशल, उद्यमिता और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना होगा। “नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे महत्वपूर्ण शक्ति हैं।” शिक्षाविद एवं सामाजिक कार्यकर्ता ललित जोशी ने शुक्रवार को देहरादून में आयोजित वन्दे मातरम् कैंप 2026-27 में युवाओं से संवाद करते हुए यह बात कही।

मेरा युवा भारत, उत्तराखण्ड की ओर से आयोजित कैंप में विभिन्न राज्यों से आए युवाओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में नशामुक्ति, उद्यमिता, ध्यान, सामाजिक परिवर्तन, लोक संस्कृति, युवा नेतृत्व और राष्ट्रीय एकता जैसे विषयों पर विभिन्न सत्र आयोजित किए गए।

युवाओं से सीधी बात- नशे को ना, जिंदगी को हां

कैंप के प्रमुख सत्र “Entrepreneurship and Nasha Mukt Yuva for Viksit Bharat” में ललित जोशी ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को नशे से दूर रखकर सकारात्मक दिशा में लगाना समय की आवश्यकता है।

उन्होंने युवाओं से “नशे को ना, जिंदगी को हां” का संदेश अपने साथियों और समाज के दूसरे युवाओं तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त युवा केवल स्वस्थ समाज की पहचान नहीं, बल्कि देश के विकास की महत्वपूर्ण शक्ति हैं।

नौकरी लेने की सोच से आगे बढ़कर रोजगार देने की सोच

ललित जोशी ने युवाओं से केवल रोजगार पाने तक सीमित न रहने और रोजगार सृजक बनने की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने शिक्षा और कौशल के साथ उद्यमिता, नवाचार और नए अवसरों को अपनाने पर जोर दिया।

उनके मुताबिक युवा अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का इस्तेमाल नए विचारों और अवसरों को विकसित करने में करें तो यह व्यक्तिगत सफलता के साथ राष्ट्र निर्माण में भी योगदान देगा।

मेडिटेशन से शुरू हुआ कैंप

वन्दे मातरम् कैंप की शुरुआत ब्रह्माकुमारीज के ध्यान एवं मेडिटेशन सत्र से हुई। इसमें युवाओं को मानसिक एकाग्रता, आत्म-अनुशासन और सकारात्मक सोच के महत्व के बारे में बताया गया।

इसके बाद ड्रग्स एवं सब्सटेंस एब्यूज के दुष्प्रभावों पर जागरूकता सत्र हुआ। युवाओं को नशे के नुकसान और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।

एक्सटेम्पोर में युवाओं ने रखे अपने विचार

कैंप में आयोजित एक्सटेम्पोर प्रतियोगिता में युवाओं ने विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे। स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्रभावना से जुड़े लोकगीतों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में लोक संस्कृति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

सामाजिक कार्यकर्ता अवधेश शर्मा ने उत्तराखण्ड में युवाओं की ओर से किए जा रहे सामाजिक बदलाव पर संवाद किया। वहीं सामाजिक कार्यकर्ता मोहित बिष्ट ने “मेरा युवा भारत संगठन” विषय पर युवाओं की सामाजिक एवं संगठनात्मक सहभागिता पर विचार रखे।

नशामुक्ति से राष्ट्र निर्माण तक जुड़ा संदेश

वन्दे मातरम् कैंप का फोकस युवाओं को नशामुक्ति, स्वस्थ जीवनशैली, उद्यमिता, सामाजिक जिम्मेदारी, युवा नेतृत्व और राष्ट्रभावना से जोड़ने पर रहा। कार्यक्रम में युवाओं को यह संदेश दिया गया कि उनकी ऊर्जा और प्रतिभा का इस्तेमाल व्यक्तिगत विकास के साथ समाज और देश के निर्माण में भी किया जा सकता है।

Show More

The News Adda

The News अड्डा एक प्रयास है बिना किसी पूर्वाग्रह के बेबाक़ी से ख़बर को ख़बर की तरह कहने का आख़िर खबर जब किसी के लिये अचार और किसी के सामने लाचार बनती दिखे तब कोई तो अड्डा हो जहां से ख़बर का सही रास्ता भी दिखे और विमर्श का मज़बूत मंच भी मिले. आख़िर ख़बर ही जीवन है.

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!