मसूरी में विपक्ष पर बरसे नड्डा, सबसे पहले यूसीसी लागू करने पर थपथपाई धामी की पीठ: सीएम ने कहा- उत्तराखंड से निकली समान नागरिक संहिता की गंगा देश के कोने कोने में पहुंचेगी, त्रिवेंद्र के समर्थन में लक्सर में रैली 

TheNewsAdda

  • भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा एवं मुख्यमंत्री धामी ने मसूरी में आयोजित विजय संकल्प रैली में किया प्रतिभाग
  • बीते 10 सालों में प्रधानमंत्री ने राजनीति की परिभाषा, संस्कृति, चाल-ढाल, तौर तरीकों को बदला है: जेपी नड्डा
  • उत्तराखंड को प्रधानमंत्री मोदी ने हमेशा मुख्यधारा में रखा है: जेपी नड्डा
  • यूनिफॉर्म सिविल कोड को लाने में नंबर वन रहा उत्तराखंड: जेपी नड्डा
  • गठबंधन होने के बावजूद विपक्षियों में आपस में मिलने का संकल्प नही: जेपी नड्डा
  • उत्तराखंड के अंदर से निकली समान नागरिक संहिता की गंगा देश के कोने-कोने में पहुंचेगी : मुख्यमंत्री
  • उत्तराखंड के मूल स्वरूप को किसी भी कीमत में खराब नहीं होने दिया जाएगा : मुख्यमंत्री
  • कांग्रेस के काले कारनामों की लिस्ट बहुत लंबी : मुख्यमंत्री

Uttarakhand News: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मसूरी के गांधी चौक में आयोजित विजय संकल्प रैली में प्रतिभाग किया। 

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भगवान केदारनाथ एवं राज्य निर्माण में शहीद आंदोलनकारियों को नमन करते हुए कहा कि हम सभी इस लोकसभा से माला राज्यलक्ष्मी शाह को जिताने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहे हैं। यह लोकसभा चुनाव प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने का चुनाव है। उन्होंने कहा कि 10 साल पहले राजनीति उदासीनता से भरी हुई थी। आम इंसान भी बोला करता था राजनीति से कुछ नही बदलेगा, जैसा चल रहा है वैसा चलेगा, यहां कुछ बदलने वाला नहीं है…!  बीते 10 सालों में प्रधानमंत्री l ने राजनीति की परिभाषा, संस्कृति, चाल ढाल, तौर तरीका बदला है। इसके साथ प्रधानमंत्री ने राजनीति की दृष्टि से संकल्प की परिभाषा बदल दी है।

जेपी नड्डा  ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सख्त फैसला लेते हुए कोरोना काल में सख्त लॉकडाउन लगाया गया और दो महीने के अंदर देश को कोरोना से लड़ने के लिए तैयार किया। पीएम मोदी ने कहा कि जान भी है और जहान भी है। उन्होंने कहा कि हमारे देश में पहले दवाइयां आने में कई कई साल लग जाते थे। परंतु कोरोना के 9 महीने बाद भारत में 2 वैक्सीन बनाई जाती हैं। 220 करोड़ डबल डोज लगाकर कोरोना से लड़ने के लिए देश तैयार हो जाता है। भारत में दुनिया का सबसे बड़ा और सबसे तेज वैक्सीन प्रोग्राम होता है। आज के भारत ने 100 देशों को कोरोना वैक्सीन पहुंचाई। और 48 देशों को मुफ्त में वैक्सीन पहुंचाई।

 

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आज देश में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत लगभग 3 लाख से ज्यादा गांवों को सड़क से जोड़ दिया गया है। उन्होंने कहा कि पहले महिलाएं कई किलोमीटर दूर से पानी लाती थी। आज सबके घर में पानी आ रहा है, शौचालय भी बन गए हैं। और बड़े बड़े टैंक भी बने हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत लगभग 55 करोड़ लोगों को 5 लाख रुपये का सालाना स्वास्थ्य बीमा नि:शुल्क प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के मेनिफेस्टो में 70 साल से ऊपर के हर वर्ग के व्यक्ति को आयुष्मान भारत का लाभ दिए जाने की बात कही गई है। उन्होंने कहा संकल्प पत्र में किन्नर समाज के लोगों को भी आयुष्मान भारत से जोड़ने की बात कही गई है। 

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सैनिकों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए वन रैंक वन पेंशन लागू किया गया है। देश में 1 लाख करोड़ रूपए ओ.आर.ओ.पी पर खर्च हुआ है। उत्तराखंड में 3500 करोड रूपए ओ.आर.ओ.पी  के माध्यम से 1 लाख 26 हज़ार सैनिकों को दिया गया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पहाड़ के बॉर्डर एरिया में बीते 10 सालों में डबल लेन रोड़, ऑल वेदर रोड, डबल लेन पुल का कुल 13525 कि.मी का निर्माण हुआ है। उत्तराखंड के 22 प्रोजेक्ट में 947 किलोमीटर की सड़क बनाई गई है। बॉर्डर में सड़कों के निर्माण से विकास को आगे बढ़ाया जा रहा हैं। 

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा,”उत्तराखंड को प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यधारा में रखा है। मोदी जी ने राजनीति की परिभाषा के साथ सोच भी बदली है। प्रधानमंत्री जी ने देश के अंतिम गांव को देश का पहला गांव बनाया है।”

जेपी नड्डा ने कहा कि वाइब्रेंट विलेज के तहत इन गांवों का विकास हो रहा है जिसमें 51 गांव वाइब्रेंट विलेज योजना में शामिल किए गए हैं,  साथ ही इनके विकास हेतु 758 करोड़ रूपए का बजट खर्च होगा। चारधाम सड़क का निर्माण कार्य हुआ है। ऋषिकेश से कर्णप्रयाग तक रेल लाइन पहुंचाई जा रही है। केदारनाथ का पुनर्निमाण का कार्य हुआ है। मसूरी में पर्यटन के कई विकास कार्य जारी हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड यूनिफॉर्म सिविल कोड में नंबर वन रहा है। बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में आयुष्मान योजना के साथ अटल आयुष्मान को जोड़कर 52 लाख कार्ड बनाए हैं।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि देहरादून में एयरपोर्ट का नया टर्मिनल का कार्य हुआ है। स्मार्ट सिटी में देहरादून को जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि को अगले 5 वर्षों के लिए आगे बढ़ाया गया है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना को भी आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 4 करोड़ पक्के घर गरीबों को दिए गए हैं और अभी संकल्प पत्र में 3 करोड़ और घरों को बनाने की व्यवस्था की गई है। आज हर पंचायत में 3 करोड़ से ज्यादा पैसा विकास योजनाओं के लिए आ रहा है। 

जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा, एनडीए का एक संकल्प पत्र है। परंतु गठबंधन होने के बावजूद विपक्ष में हर पार्टी का अलग-अलग संकल्प पत्र है। उन्होंने कहा कि गठबंधन होने के बावजूद आपस में मिलने का संकल्प नही है। विपक्षी गठबंधन भ्रष्टाचारियों का गठबंधन है। पीएम मोदी ने संकल्प लिया है कि 4 जून के बाद भ्रष्टाचारियों पर और तेज कार्रवाई होगी। जबकि विपक्ष का गठबन्धन भ्रष्टाचारियों को बचाने की बात करता है। उनका जनता से कोई लेना-देना नहीं है। विपक्ष का लेना देना बस अपने परिवार से है। कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में बोफोर्स, अगस्ता वेस्टलैंड, पनडुब्बी, कोयला, 2जी सहित कई घोटाले किए। नड्डा ने कहा कि अखिलेश ने लैपटॉप तो लालू ने चारा घोटाला किया। इन सब घोटालों में घोटाले और परिवार की पार्टियां हैं। 

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सभी से माला राज्यलक्ष्मी शाह को विजयी बनाकर नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाने में अपना योगदान देना का आग्रह किया। 

वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का देवभूमि उत्तराखंड की समस्त देवतुल्य जनता की ओर से स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा को 18 करोड़ से ज्यादा कार्यकर्ताओं वाले विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल होने का गौरव प्राप्त है और ऐसी पार्टी का नेतृत्व जेपी नड्डा द्वारा किया जाता है। उन्होंने कहा कि जेपी नड्डा के नेतृत्व में आज देश के 17 राज्यों में भाजपा और उसके सहयोगी दलों की सरकार है। उन्होने कहा कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की सरलता, सहजता और शालीनता से सभी कार्यकर्ताओं को प्रेरणा मिलती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसभा चुनाव को लेकर आगामी 19 अप्रैल को मतदान करना है। उन्होंने कहा कि विकसित उत्तराखंड और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए 400 पार के नारे को सिद्ध करना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास के कई कीर्तिमान स्थापित किये हैं। पीएम मोदी के नेतृत्व में आधुनिक भारत के साथ आत्मनिर्भर भारत का निर्माण किया जा रहा है। प्रधानमंत्री, देश के 140 करोड़ नागरिकों को अपना परिवार मानकर अंत्योदय के लक्ष्य को लेकर निरंतर कार्य कर रहे हैं। 10 सालों में हर पल हर क्षण देशवासियों को समर्पित किया है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा द्वारा जारी घोषणा पत्र में हर क्षेत्र के उदय की बात कही गई है। घोषणा पत्र में विकसित भारत का संकल्प लिया गया है। राज्य सरकार ने भी राज्य के हित में कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। जो उत्तराखंड को बेहतर और श्रेष्ट राज्य बनाने का मार्ग प्रशस्त करेंगे। उन्होंने कहा कि 2022 विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में हमने समान नागरिक संहिता का संकल्प रखा था। जनता के आशीर्वाद से हमें सरकार में आने का अवसर मिला हमने पीएम मोदी की गारंटी को पूरा करते हुए समान नागरिक संहिता विधेयक पारित कर दिया। भाजपा द्वारा जारी संकल्प पत्र में पूरे देश के अंदर यूसीसी की जरूरत बताई है। यूसीसी को लागू करने की बात कही है। सीएम ने कहा कि उत्तराखंड के अंदर से निकली समान नागरिक संहिता की गंगा देश के कोने कोने में पहुंचेगी। उन्होंने कहा नकल विरोधी कानून को भी संकल्प पत्र में स्थान दिया गया है। जिसे हम राज्य में पहले ही लागू कर चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में लैंड जिहाद पर कार्रवाई हुई है, प्रदेश में दंगारोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून लागू किया हुआ है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों हमने अतिक्रमण हटाने के अभियान को जारी रखने की बात कही थी जिसका कांग्रेस के लोगों ने दुष्प्रचार शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के मूल स्वरूप को बिगाड़ने वाले, हमारी संस्कृति को नुकसान पहुंचाने वाले अतिक्रमण पर भी कांग्रेस राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के मूल स्वरूप को किसी भी कीमत में खराब नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा मसूरी विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए भी कई महत्वपूर्ण कार्य किए है। यहाँ पर्यटन को बढ़ावा देने यातायात सुगम बनाने के साथ क्षेत्र की हर मूलभूत सुविधा को बेहतर बनाने का कार्य जारी है। हाल ही में क्षेत्र की 70 करोड़ की विभिन्न योजनाओं का शुभारंभ किया गया है।  उन्होंने कहा कि एक ओर हमारी सरकार पीएम मोदी के विकास की गारंटी वाली डबल इंजन की भाजपा सरकार है। दूसरी ओर भ्रष्टाचारियों और घोटालेबाजों की देश को लूटने की गारंटी वाली कांग्रेस है।  

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 से पहले कांग्रेस सरकार में हर दिन घोटाले और घपले सामने आते थे। देश में सभी बड़े घोटालों के पीछे कांग्रेस का हाथ है। आज पीएम मोदी के नेतृत्व में भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार किया जा रहा है। यही कारण है कि कांग्रेस और देश के अन्य भ्रष्टाचारी दलों ने मिलकर गठबंधन कर लिया है। जनता का भरोसा खोने के बाद विपक्ष ईवीएम को दोष देता है तो कभी लोकतंत्र को खतरे में बताते हैं। कांग्रेस ये कभी नहीं बताएगी कि हज़ारों सिखों का कत्लेआम करने वाले लोकतंत्र को झूठी बात करते हैं। इन्हीं लोगों ने सत्ता हथियाने के लिए देश में इमरजेंसी लगाकर लोकतंत्र का गला घोटने का काम किया था।  

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के काले कारनामों की लिस्ट बहुत लंबी है आज देश में जितनी भी समस्याएं हैं उनके पीछे कांग्रेस है। आज पीएम मोदी के नेतृत्व में हर एक समस्या का समाधान किया जा रहा है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी चुनावों में कांग्रेस को भारी मतों से हराकर टिहरी गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र का रिकॉर्ड कायम रखते हुए हैट्रिक लगानी है। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि 19 अप्रैल को पहले मतदान करें, फिर जलपान करें। शबीजेपी प्रत्याशी माला राज्यलक्ष्मी शाह को विजयी बनाकर नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाने में अपना योगदान दें। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, भाजपा प्रत्याशी माला राज्यलक्ष्मी शाह, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, देहरादूनमहानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, नेहा जोशी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

सीएम धामी ने की प्रेस वार्ता 

  • मुख्यमंत्री धामी ने देहरादून में भाजपा द्वारा जारी संकल्प पत्र “भाजपा का संकल्प- मोदी की गारंटी 2024” के संबध में एक प्रेस वार्ता को संबोधित किया 
  • विकसित भारत के साथ हर वर्ग के उत्थान की नींव इस संकल्प पत्र में रखी गई: मुख्यमंत्री
  • संकल्प पत्र में उत्तराखंड की तर्ज पर पूरे देश के अंदर यूसीसी को बताया आवश्क : मुख्यमंत्री
  • उत्तराखंड की तर्ज पर पूरे देश में पेपर लीक के लिए प्रभावी कानून लागू करने का संकल्प : मुख्यमंत्री
  • उत्तराखंड के अंदर चल रहे कामों को संकल्प पत्र से और अधिक मजबूती मिलेगी: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को देहरादून स्थित भाजपा मीडिया सेंटर में भाजपा द्वारा जारी संकल्प पत्र “भाजपा का संकल्प- मोदी की गारंटी 2024” के संबध में प्रेस वार्ता की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी पार्टी द्वारा बीते रविवार को संकल्प पत्र देश के सामने प्रस्तुत किया गया है। संकल्प पत्र में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की जनता के सामने 2047 तक विकसित भारत बनाने का रोड मैप रखा गया है। यह सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट, महिला सशक्तिकरण, युवाओं को आगे बढ़ाने, हर व्यक्ति को आगे लाने, समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाने, एवं मोदी की गारंटी का संकल्प पत्र है। भाजपा द्वारा पूर्व में लिए गए संकल्प धरातल में उतरे हैं। देश के समग्र विकास और उज्जवल भविष्य हेतु मोदी की गारंटी है। विकसित भारत के साथ हर वर्ग के उत्थान की नीव इस संकल्प पत्र में रखी गई है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2022 विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमने समान नागरिक संहिता का संकल्प रखा था। जनता के आशीर्वाद से हमने राज्य में समान नागरिक संहिता विधेयक पारित कर दिया। माननीय राष्ट्रपति जी ने भी इसके लिए स्वीकृति प्रदान कर दी है। उन्होंने कहा भाजपा द्वारा जारी संकल्प पत्र में पूरे देश के अंदर यूसीसी को आवश्यक बताया गया है। यूसीसी समाज में कुप्रथा खत्म कर हर वर्ग की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर द्वारा संविधान बनाते समय सोचे गए संकल्प प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत पूरा करेगा। उन्होंने कहा कि पेपर लीक के लिए प्रभावी कानून देश के अंदर लाने का संकल्प पत्र में उल्लेख किया गया है। उन्होंने कहा कि हम उत्तराखंड में पहले ही सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर चुके हैं जिसके परिणामस्वरूप हजारों युवाओं को पूर्ण पारदर्शिता से नौकरियां प्रदान की गई हैं। राज्य में नकल माफियाओं का खेल खत्म हो गया है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि संकल्प पत्र में ‘एक जिला एक उत्पाद’ को बढ़ावा देने का लक्ष्य रखा गया है। राज्य सरकार पहले ही “एक जिला दो उत्पाद” पर कार्य कर रही है। संकल्प पत्र में “एक राष्ट्र एक चुनाव” को लागू करने की गारंटी दी गई है। उन्होंने कहा कि बार-बार चुनाव होने एवं आचार संहिता लगने से विकास कार्य बाधित होते हैं। निश्चित ही एक राष्ट्र एक चुनाव होने से विकास को गति मिलेगी। सीएए के तहत लोगों को नागरिकता प्रदान की जायेगी। देश में सीएए लागू हो गया है। उन्होंने बताया कि उधमसिंहनगर के खटीमा सितारगंज, नानकमत्ता, रुद्रपुर, दिनेशपुर में बंगाल से आए हुए विस्थापित लोग निवास करते हैं। उन सबको भी इस कानून से लाभ मिलेगा। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि संकल्प पत्र में पर्यटन से पहाड़ी राज्यों में विकास को गति देने, पहाड़ी क्षेत्रों के विकास को लेकर महत्वपूर्ण योजनाएं प्रस्तावित हैं। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री की प्राथमिकता में उत्तराखंड एवं अन्य पहाड़ी राज्यों का विकास रहा है। पहाड़ी इलाकों के विकास हेतु इको टूरिज्म, मास्टर प्लान से सुनियोजित विकास,  कनेक्टीविटी, थीमेटिक सर्किट का विकास, जिससे सीमांत क्षेत्रों में संस्कृति एवं जीवनशैली का अनुभव होगा, एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देने के साथ ही अन्य योजनाएं प्रस्तावित हैं। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि संकल्प पत्र में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर अन्य धार्मिक पर्यटन को भी विकसित किया जाएगा, प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य ने धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देते हुए धार्मिक स्थलों का पुनर्निर्माण का कार्य शुरू किया हैं। उन्होंने कहा कि हरिद्वार-ऋषिकेश के बीच गंगा कॉरीडोर, यमुना पर हरिपुर घाट का नवनिर्माण कार्य शुरू कर दिया है।इसके साथ ही टनकपुर में शारदा कॉरिडोर को आगे बढ़ाया जाएगा। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि संकल्प पत्र में “वेड इन इंडिया” जैसे कार्यक्रमों को भी शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के दौरान देवभूमि उत्तराखंड को बेस्ट वेडिंग डेस्टिनेशन बताया था। उन्होंने कहा कि यह संकल्प पत्र हमारे वेडिंग डेस्टिनेशनों को और सशक्त करेगा। उन्होंने कहा कि संकल्प पत्र में गरीब कल्याण की गारंटी सुनिश्चित की गई है गरीब कल्याण अन्न योजना को 2029 तक विस्तार दिया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अतर्गत 3 करोड़ और मकान बनाने की गारंटी दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संकल्प पत्र में 70 साल से ऊपर के हर वर्ग के व्यक्ति को आयुष्मान भारत का लाभ दिए जाने की बात कही गई है। उज्जवला योजना को विस्तार दिया जायेगा। हर घर नल जल योजना जारी रहेगी। पीएम सूर्य घर योजना से बिजली बिल को जीरो करने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। मुद्रा योजना में लोन की सीमा 10 लाख से बढ़ाकर 20 लाख किए जाने। किसानों की आय बढ़ाने के लिए एमएसपी में वृद्धि लिए जाने, 10 करोड़ किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि आगे भी मिलती रहेगी, फूड प्रोसेसिंग हब बढ़ाए जाएंगे। कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर में जोर दिया जाएगा। मध्यम वर्ग परिवारों को पक्के घर, चिकित्सा,  सेवाओं में विस्तार, रोजगार स्वरोजगार के अवसर पैदा किए जाएंगे। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि संकल्प पत्र में हर नागरिक को नई शिक्षा नीति के तहत हाई क्वालिटी शिक्षा प्रदान किए जाने का संकल्प है। ये संकल्प पत्र भारत को विश्व को तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने, ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब, 2036 में ओलंपिक खेलों की मेजबानी हमारे देश को मिली है। खिलाड़ियों के लिए आगे चलकर प्राथमिक से काम करने का संकल्प है। उन्होंने कहा नारी शक्ति को आगे बढ़ाने के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम लाया गया। अब 3 करोड लखपति दीदी बनाए जाने का संकल्प लिया गया है। रामलला प्राण प्रतिष्ठा के स्मरण में रामायण उत्सव बनाए जाने का संकल्प लिया गया है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि संकल्प पत्र में सुरक्षित भारत की गारंटी दी गई है। आतंकवाद पर जीरो टॉलरेंस का संकल्प रखा गया है। सीमांत क्षेत्र में विकास को प्राथमिकता का संकल्प लिया गया है। सैनिकों को और अधिक सशक्त बनाए जाने का संकल्प लिया गया है। उत्तर दक्षिण एवं पूर्वी भारत में भी बुलेट ट्रेन शुरू की जाने का संकल्प लिया गया है। पेट्रोल के आयात को कम, और 5जी नेटवर्क टेक्नोलॉजी के तेजी से  विस्तार , 6जी पर कार्य किए जाने का संकल्प लिया गया है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि संकल्प पत्र के माध्यम से मोदी की गारंटी, देश के सामने प्रस्तुत की गई हैं। उत्तराखंड के अंदर चल रहे कामों को इस संकल्प पत्र से और अधिक मजबूती मिलेगी। और प्रदेश में जनता का भाजपा के प्रति एक तरफा माहौल है। हर एक व्यक्ति नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाने में अपना योगदान देना चाहता है। प्रधानमंत्री का उत्तराखंडवासियों से लगाव है। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

सीएम धामी ने त्रिवेंद्र सिंह रावत के लिए मांगे वोट

  • मुख्यमंत्री ने सुल्तानपुर, लक्सर में आयोजित जनसभा को किया संबोधित
  • विकास करते समय हम किसी से पक्षपात नहीं करते हैं : मुख्यमंत्री
  • जनता की सेवा के लिए पूरी शक्ति और सामर्थ्य से काम कर रही सरकार : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सुल्तानपुर, (लक्सर), हरिद्वार में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ऋषिकेश की जनसभा से सभी को अपना प्रणाम और राम-राम भेजा है। उन्होने कहा कि निश्चित ही इस क्षेत्र के प्रस्तावित विकास कार्य को आगे बढ़ाया जायेगा। उन्होंने कहा कि हरिद्वार लोकसभा से प्रत्याशी त्रिवेंद्र सिंह रावत को सब मिलकर जिताएं। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में कई ऐतिहासिक योजनाएं आगे बढ़ी हैं। नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद गरीब व्यक्ति को आगे बढ़ाने की चिंता, अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक योजनाएं पहुंचने का काम किया गया है। बीते 10 वर्षों में 25 करोड़ देशवासियों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री ने दिन-रात समाज हित में काम किया है, देश की सेवा की है। राज्य सरकार प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में काम करती है। विकास करते समय हम किसी से पक्षपात नहीं करते हैं। हमने सुल्तानपुर को ग्राम सभा से नगर पंचायत घोषित कर विकास कार्यों को गति प्रदान की है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में कई ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। कश्मीर के अंदर धारा 370 का खात्मा, देश में नागरिकता संशोधन कानून लागू, तीन तलाक से मुस्लिम महिलाओं को मुक्ति मिली है, अयोध्या में भगवान श्रीराम का दिव्य व भव्य मंदिर का निर्माण, लोकसभा व विधानसभा में महिलाओं को 33 फीसद आरक्षण दिया गया है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखंड को एक विकसित और आत्मनिर्भर राज्य बनाने की दिशा में हम आगे बढ़ रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने चुनाव से पूर्व किए वादे को पूरा करते हुए राज्य में समान नागरिक संहिता विधेयक पारित कर दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने लंबे समय से चली आ रहे भर्ती परीक्षा में नकल के खेल पर कड़ी कार्रवाई की है। नकल माफियाओं का खेल बंद कर युवाओं को उनका हक दिलाया और नकल विरोधी कानून लागू किया। इसके साथ ही धर्मांतरण रोकने के लिए धर्मांतरण कानून, दंगाईयों से सख्ती से निपटने के लिए दंगारोधी कानून को मंजूरी दे दी गई है। महिलाओं को सरकारी नौकरी में 30 प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार के ग्रामीण क्षेत्रों में भी सड़क, पेयजल, बिजली सहित अन्य सुविधाएं ग्रामीणों को उपलब्ध करा रहे हैं। पेयजल की समस्या को दूर करने के लिए 11 करोड़ रुपए से पाइपलाइन बिछाई जा रही है। अकोड़ा खुर्द से दरगाहपुर गांव को जोड़ने के लिए बाण गंगा नदी पर पुल का निर्माण कराया है। गेब्बू नदी पर भी पुल का निर्माण कराया गया है। सुल्तानपुर से पँचलेश्वर महादेव मंदिर से कंकर खाता तक सड़क का निर्माण कराया गया है। लक्सर को सीधे दिल्ली-देहरादून हाइवे से जोड़ने के लिए शाहपुर भोगपुर से रायसी तक स्टेट हाइवे का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इसके साथ ही बाढ़ सुरक्षा के लिए काम किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार आज जनता की सेवा के लिए पूरी शक्ति और सामर्थ्य से काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा,” पूर्व की सरकारों ने हर वर्ग को वोटबैंक की तरह प्रयोग किया। इन लोगों ने देश का नमक खाकर भी देश को छलने की कुचेष्टा की। विपक्षी दलों ने एकजुट होकर गठबंधन बना लिया, लेकिन यह गठबंधन भी ठगबंधन निकला।

ठगबंधन के ये नेता अब जेल की सलाखों के पीछे पहुंच रहे हैं। नेता या तो जेल में हैं या फिर बेल में हैं। विपक्षियों ने जितना देश को लूटना था वह लूट चुके हैं, परन्तु अब आदरणीय मोदी जी के नेतृत्व में इनकी लूट की दुकानों पर ताला लग चुका है।” 

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी त्रिवेंद्र सिंह रावत को भारी बहुमत से जीताकर प्रधानमंत्री मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने में सबने अपना योगदान देना है।  इस अवसर पर पूर्व विधायक संजय गुप्ता, जिला अध्यक्ष संदीप गोयल, संजीव शर्मा, श्यामवीर सैनी, पूर्व विधायक कुंवर प्रणव एवं अन्य लोग मौजूद रहे।


TheNewsAdda
error: Content is protected !!