
देहरादून: उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 9 और 10 जुलाई 2026 को राज्य के कई जिलों में भारी से अत्यंत भारी बारिश, तेज गर्जना, आकाशीय बिजली और तीव्र वर्षा की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जिलाधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने और आपदा प्रबंधन की तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए हैं।

इधर लगातार खराब मौसम की आशंका को देखते हुए देहरादून, नैनीताल और अल्मोड़ा जिला प्रशासन ने 9 जुलाई (बुधवार) को जिले के कक्षा एक से बारहवीं तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। प्रशासन ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों से आदेश का पालन करने की अपील की है।

जिला मजिस्ट्रेट / अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, नैनीताल ललित मोहन रयाल ने आदेश जारी करते हुए अवगत कराया है कि, निदेशक, भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा दिनांक 08 जुलाई 2026 को जारी किए गए मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जनपद नैनीताल में दिनांक 09 जुलाई 2026 को “ऑरेंज अलर्ट” की चेतावनी जारी की गई है, जिससे जनपद क्षेत्रान्तर्गत भारी से बहुत भारी वर्षा होने की सम्भावना व्यक्त की गई है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में जनपद के समस्त (पर्वतीय एवं मैदानी) क्षेत्रों में वर्षा हो रही है जिसके फलस्वरूप जनपद क्षेत्रान्तर्गत नदियों / नालों / गधेरों में तेज जल प्रवाह होने एवं संवेदनशील स्थलों में भू-स्खलन होने की सम्भावना है, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना घटित हो सकती है। तक्रम में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के दृष्टिगत दिनांक 09 जुलाई 2026 (गुरुवार) को जनपद के समस्त शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों (कक्षा 01 से 12 तक संचालित समस्त शैक्षणिक संस्थाओं) एवं समस्त आंगनबाड़ी केन्द्रों में 01 दिवसीय अवकाश घोषित किये जाने का निर्णय लिया गया है। मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट को देखते हुए दिनांक 09 जुलाई 2026 (गुरुवार) को जनपद नैनीताल के समस्त शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों (कक्षा 01 से 12 तक संचालित समस्त शैक्षणिक संस्थानों) एवं समस्त आंगनबाड़ी केन्द्र बंद रहेंगे।
जिला मजिस्ट्रेट ने मुख्य शिक्षाधिकारी, नैनीताल एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, नैनीताल को निर्देश दिए हैं कि उपरोक्त समस्त शैक्षणिक संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों में उक्त आदेश का अनुपालन कराना सुनिश्चित करायेंगे।
किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने सम्बन्धित के विरूद्ध आवश्यक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
9 जुलाई को इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और चम्पावत जिलों में भारी से अत्यंत भारी बारिश की संभावना है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
10 जुलाई को भी जारी रहेगा बारिश का दौर
10 जुलाई को पौड़ी, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, चम्पावत और बागेश्वर जिलों में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। जबकि देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
प्रशासन अलर्ट मोड पर
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों को संवेदनशील और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, राहत एवं बचाव दलों को तैयार रखने, सड़क मार्गों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
इसके अलावा जिला सूचना अधिकारियों को मौसम संबंधी चेतावनियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के लिए कहा गया है, ताकि लोगों तक समय रहते सही जानकारी पहुंच सके।
लोगों के लिए एडवाइजरी
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशवासियों से मौसम विभाग की चेतावनियों का गंभीरता से पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि—
* अनावश्यक यात्रा से बचें।
* पर्वतीय और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से परहेज करें।
* नदी, नालों और बरसाती गधेरों के पास न जाएं।
* खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें।
* किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन या आपातकालीन सेवाओं से संपर्क करें।
* केवल सरकारी और आधिकारिक स्रोतों से जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
उन्होंने सभी विभागों को 24×7 सतर्क रहने तथा किसी भी संभावित आपदा से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन और मानवबल उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए हैं।



