News BuzzPURE पॉलिटिक्सन्यूज़ 360

2027 को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस का जोश हाई! अब खड़गे आ रहे चुनावी बिगुल फूँकने, क्या करेगी भाजपा?

Uttarakhand Politics: राहुल गांधी के बाद अब खड़गे की एंट्री, 2027 चुनाव से पहले कांग्रेस ने तेज किया अभियान

Share now
17 जुलाई को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के ज़रिए देहरादून से मोदी-धामी डबल इंजन सरकार पर बिना नाम लिए तीखा हमला बोला था। अब कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे आठ अगस्त की हल्द्वानी भाजपा सरकार के ख़िलाफ़ हल्लाबोल करेंगे। पेपर लीक और चढ़ावा चोरी जैसे मुद्दों को जहां कांग्रेस धार दे रही है, वहीं भाजपा के लिए स्थिति असहज बनती दिखाई दे रही है।
Adda Pure Politics: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर प्रदेश की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस का जोश आजकल हाई है। वजह है प्रदेश कांग्रेस नेताओं को मिल रहा जनता का ज़बरदस्त रिस्पांस! गढ़वाल और कुमाऊं के पर्वतीय जिलों में प्रदेश कांग्रेस नेताओं ने परिवर्तन संकल्प यात्रा निकाली जिसमें नेताओं ने मंच पर एकजुटता दिखाई तो सामने जुटी भीड़ ने देहरादून से लेकर दिल्ली तक पार्टी रणनीतिकारों को फीलगुड का संदेश दे दिया। सबसे अहम फैक्टर यह है कि जिस तरह से उत्तराखंड दौरे के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को रिस्पांस मिला है उसने पार्टी नेताओं को ख़ासा उत्साहित कर दिया है।
चार जून को राहुल गांधी मौसम बिगड़ने के चलते अल्मोड़ा और पौड़ी का दौरा नहीं कर पाए थे लेकिन जिस तरह से प्रदेश कांग्रेस के इन दोनों कार्यक्रमों में भारी भीड़ जुटी उसने कांग्रेस का जोश बढ़ा दिया तो सत्ताधारी दल भाजपा को बेचैन कर दिया। रही सही कसर 17 जुलाई को देहरादून में आयोजित राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम ने पूरी कर दी थी जिसमें भारी बारिश और सरकार की अड़चनों के बावजूद युवाओं का पूरा हुजूम उमड़ा था। खासकर ‘धुरंधर’ सिंगर जैस्मिन सैंडलस को राहुल गांधी के कार्यक्रम के दिन परेड मैदान बुलाकर प्रयास किया गया कि युवाओं की भीड़ बन्नू स्कूल मैदान में न जुटे लेकिन ‘छात्रों की गूंज’ कार्यकम में अच्छे खासे छात्रों/ युवाओं का जुटना बड़ा सियासी संदेश दे गया।

अब कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे आठ अगस्त को हल्द्वानी में चुनावी शंखनाद करने पहुंच रहे हैं। खड़गे के कार्यक्रम को सुपरहिट बनाने के लिए पूरी प्रदेश कांग्रेस ने ताक़त झोंक दी है। ख़ासकर उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय सचिव एवं बंगाल प्रभारी प्रकाश जोशी महारैली की तैयारियों में जुटे हुए हैं। रोचक बात यह है कि आठ अगस्त को जब खड़गे हल्द्वानी में गरजेंगे, तब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी युवा संवाद कार्यक्रम करने यहां आएंगे। हालांकि अभी सीएम के कार्यक्रम की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
 अगर ऐसा हुआ तो देहरादून के बाद हल्द्वानी में सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच एक ही दिन में एक ही शहर में वार-पलटवार का दूसरा दौर देखने को मिलेगा। गौर हो कि देहरादून में राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम के दिन सीएम धामी ने अग्निवीर युवा संवाद कार्यक्रम किया था।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे के दौरे के बाद पार्टी नेताओं की तैयारी सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा को उत्तराखंड दौरे पर बुलाने की है। खास बात यह है कि ऐसे में जब उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत 2027 के चुनाव अभियान की ड्राइविंग सीट पर नज़र नहीं आ रहे हैं, तब प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, कैंपेन कमेटी चीफ प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ हरक सिंह रावत और करण माहरा जैसे नेता फ्रंट फुट पर खेलते हुए दिखाई दे रहे हैं। जिस तरह से कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा लगातार उत्तराखंड के दौरे कर रही हैं उससे नेताओं की परस्पर खेमेबाजी पर भी विराम लगता दिख रहा है। यह देखना दिलचस्प होगा है कि टिकट बँटवारे तक मुख्य विपक्षी पार्टी में नेताओं की आपसी खींचतान पर ब्रेक लगा रहता है नहीं!
खड़गे के दौरे से पहले देहरादून जिले में कांग्रेस दिखाएगी दम
परिवर्तन संकल्प यात्रा के दूसरे चरण में उत्तराखंड कांग्रेस जिले की कैंट, धर्मपुर, मसूरी, राजपुर रोड, सहसपुर और विकासनगर विधानसभा सीटों पर सियासी माहौल गर्माएगी। कांग्रेस कैंपेन कमेटी के अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में दो से चार अगस्त तक देहरादून जिले की इन सीटों पर परिवर्तन संकल्प यात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान पार्टी के दूसरे दिग्गज नेता भी मौजूद रहेंगे।  उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह के मुताबिक दो अगस्त को विकासनगर और सहसपुर विधानसभा सीटों पर परिवर्तन संकल्प यात्रा निकाली जाएगी। डॉ. सिंह ने बताया कि परिवर्तन संकल्प यात्रा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, कैंपेन कमेटी अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, सीडब्ल्यूसी सदस्य करण माहरा और विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी समेत अन्य नेता मौजूद रहेंगे।
उन्होंने बताया कि तीन अगस्त को कैंट और धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में परिवर्तन संकल्प यात्रा निकाली जाएगी जिसकी अगुआई कैंपेन कमेटी के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत और सीडब्ल्यूसी सदस्य करण माहरा करेंगे।
देहरादून जिले के वाद हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले में कांग्रेस परिवर्तन संकल्प यात्रा निकालेगी। बहरहाल, राहुल गांधी जिस अंध में युवाओं खासकर जेन जी को लक्षित मुद्दों पर सरकार की घेराबंदी कर रहे हैं और जंतर मंतर पर चले युवाओं के आंदोलन के कारण धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देने को मजबूर होना पड़ा है, उससे कांग्रेस उत्साहित है।
सवाल है कि क्या कांग्रेस पेपर लीक को लेकर भड़के युवाओं के गुस्से का पॉलिटिकल फायदा चुनावी राज्य उत्तराखंड में उठा पाएगी? उत्तराखंड वह राज्य है जहां कांग्रेस को 2014 से लगातार तीन लोकसभा और दो विधानसभा चुनावों में करारी शिकस्त झेलनी पड़ी है। ऐसे में जब भाजपा जीत की हैट्रिक का दम भर रही है, तब कांग्रेस का 2027 को लेकर जोश हाई होना और पार्टी के कार्यक्रमों में अच्छी खासी भीड़ उमड़ना क्या संकेत दे रहा है!
Show More

The News Adda

The News अड्डा एक प्रयास है बिना किसी पूर्वाग्रह के बेबाक़ी से ख़बर को ख़बर की तरह कहने का आख़िर खबर जब किसी के लिये अचार और किसी के सामने लाचार बनती दिखे तब कोई तो अड्डा हो जहां से ख़बर का सही रास्ता भी दिखे और विमर्श का मज़बूत मंच भी मिले. आख़िर ख़बर ही जीवन है.

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!