
MDDA का बड़ा फैसला: अब हर महीने दो बार होगी जनसुनवाई, सीधे अधिकारियों के सामने रख सकेंगे शिकायत
अब एमडीडीए में शिकायत करना होगा आसान। हर महीने के पहले और आखिरी सोमवार को ‘समाधान दिवस’ आयोजित होगा, जहां नागरिक सीधे अधिकारियों के सामने अपनी समस्या रख सकेंगे।

देहरादून। अगर आपको भवन मानचित्र, अवैध निर्माण, भूमि विवाद या एमडीडीए से जुड़े किसी अन्य मामले में शिकायत है, तो अब उसके लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए ‘समाधान दिवस’ शुरू करने का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के तहत अब हर महीने के प्रथम और अंतिम सोमवार को MDDA मुख्यालय में समाधान दिवस आयोजित किया जाएगा। यहां नागरिक सीधे अधिकारियों के सामने अपनी शिकायत और सुझाव रख सकेंगे। प्राधिकरण का कहना है कि सभी मामलों का नियमानुसार परीक्षण कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
MDDA सचिव मोहन सिंह बर्निया के अनुसार समाधान दिवस प्रत्येक माह के पहले और आखिरी सोमवार को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक प्राधिकरण मुख्यालय, देहरादून में आयोजित होगा। इस दौरान प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजकर तय समय सीमा के भीतर निस्तारित कराया जाएगा।
समाधान दिवस में मुख्य रूप से इन मामलों की शिकायतें दर्ज कराई जा सकेंगी—
* भवन मानचित्र स्वीकृति
* अवैध निर्माण
* भूमि संबंधी मामले
* विकास कार्यों से जुड़ी समस्याएं
* अन्य प्रशासनिक शिकायतें एवं सुझाव
क्या बोले MDDA उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी?
MDDA के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण का उद्देश्य केवल विकास कार्यों को गति देना नहीं, बल्कि जनता और प्रशासन के बीच संवाद को भी मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि समाधान दिवस लोगों को अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों तक पहुंचाने का मंच देगा, जिससे शिकायतों का निस्तारण अधिक पारदर्शी और जवाबदेही के साथ हो सकेगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी और प्रत्येक शिकायत की नियमित समीक्षा भी होगी।
सभी अधिकारियों को दिए गए निर्देश
सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि समाधान दिवस के दौरान प्राप्त प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई करें। किसी भी मामले को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाएगा तथा उसकी नियमित मॉनिटरिंग भी की जाएगी।
MDDA ने लोगों से की अपील
प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि वे समाधान दिवस का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और निर्धारित तिथि व समय पर अपनी शिकायतें एवं सुझाव प्रस्तुत करें। एमडीडीए का मानना है कि यह व्यवस्था जनसुनवाई प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के साथ-साथ सुशासन और जवाबदेह प्रशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।



