
- अमित शाह से मिले धन सिंह रावत, उत्तराखंड में सहकारिता के विस्तार और योजनाओं पर हुई चर्चा
नई दिल्ली/देहरादून, 12 सितंबर। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शनिवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान उत्तराखंड में सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने और किसानों, महिलाओं तथा ग्रामीण युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

डॉ. धन सिंह रावत ने केंद्रीय मंत्री अमित शाह को प्रदेश में सहकारिता के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारी प्रयासों और राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने हाल ही में संपन्न जिला सहकारी बैंकों के चुनावों में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों की सफलता तथा सहकारिता संस्थाओं में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लागू किए गए 33 प्रतिशत आरक्षण के बारे में भी जानकारी साझा की।
योजनाओं की प्रगति पर हुई चर्चा
डॉ. रावत ने गृह मंत्री अमित शाह को दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना, मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना और मिलेट्स मिशन** की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने, पशुधन आधारित ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के अवसर बढ़ाने, मिलेट उत्पादन को प्रोत्साहित करने और पोषण सुरक्षा को मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
तीन जिलों में सहकारिता से जुड़े विषय भी उठे
मुलाकात के दौरान रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और चम्पावत जिलों में जिला सहकारी बैंकों के संचालन तथा सहकारिता क्षेत्र को और अधिक मजबूत बनाने से जुड़े विषय भी केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखे गए।
शाह ने की सहकारिता क्षेत्र के प्रयासों की सराहना
प्रेस बयान के अनुसार, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड में सहकारिता आंदोलन के विस्तार और किए जा रहे नवाचारों के लिए डॉ. धन सिंह रावत की सराहना की। उन्होंने सहकारिता चुनावों में पार्टी को मिली सफलता के लिए भी डॉ. रावत के नेतृत्व की प्रशंसा की।



