
Uttarakhand News: उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी पर आय से अधिक संपत्ति मामले की जांच कराने को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। आज आय से अधिक संपत्ति मामले की जांच कराने को लेकर कांग्रेस डेलीगेशन ने दोबारा पुलिस अधीक्षक विजिलेंस देहरादून से मिलकर शिकायत की है। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल लेकर विजिलेंस एसपी से मिलने पहुंचे पार्टी प्रवक्ता पंकज सिंह क्षेत्री ने कहा कि यदि दूसरी बार शिकायत देने के बावजूद भी विजिलेंस प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी पर आय से अधिक संपत्ति मामले की जांच नहीं करती तो वे न्यायालय जाकर मंत्री के ख़िलाफ़ मुकदमा दर्ज कराएंगे।
उन्होंने कहा कि कृषि मंत्री गणेश जोशी ने अपने पद का दुरुपयोग कर करोड़ों रुपए की संपत्ति अर्जित की हैं जो कि अवैध है। इस अवसर पर पंकज सिंह क्षेत्री के साथ कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुजाता पॉल, उत्तराखंड कांग्रेस सैनिक प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष शोभन सिंह सजवान,कांग्रेस नेता मनीष गौनियाल एवं कांग्रेस नेता प्रवीण भारद्वाज मौजूद रहे।