
- Marks से आगे बढ़ें, Character भी बनाएं: DG बंशीधर तिवारी
- टाइम्स अचीवर्स-2026 समारोह में बोले डीजी सूचना बंशीधर तिवारी, कहा— विकसित भारत के लिए नैतिक नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने वाले युवाओं की है जरूरत

देहरादून। प्रतिस्पर्धा के दौर में जहां छात्रों का पूरा ध्यान अंकों और डिग्रियों पर केंद्रित रहता है, वहीं उत्तराखंड के सूचना महानिदेशक एवं मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने युवाओं को सफलता का अलग मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि अच्छे अंक महत्वपूर्ण हैं, लेकिन जीवन में स्थायी सफलता का आधार चरित्र, नैतिक मूल्य और सामाजिक उत्तरदायित्व होते हैं।
देहरादून के नगर निगम टाउन हॉल में एसबीएस यूनिवर्सिटी और द टाइम्स ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘टाइम्स अचीवर्स 2026′ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए तिवारी ने कहा कि सफलता किसी एक परीक्षा या एक दिन की उपलब्धि नहीं, बल्कि निरंतर सीखने, अनुशासन और सकारात्मक सोच की यात्रा है।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि परीक्षा के अंक और डिग्री करियर के द्वार खोल सकते हैं, लेकिन ईमानदारी, धैर्य, संवेदनशीलता और परिवार से मिले संस्कार ही उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक और सफल इंसान बनाते हैं।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए ऐसे युवाओं की जरूरत है, जो पेशेवर दक्षता के साथ नवाचार, नैतिक नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी को भी अपनाएं। सफलता के साथ विनम्रता और कृतज्ञता बनाए रखना भी उतना ही आवश्यक है।
इस अवसर पर ‘टाइम्स अचीवर्स 2026’ के तहत विभिन्न विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले संस्थानों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षाविद, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

डीजी सूचना के 5 Success Tips
* केवल अंकों पर निर्भर न रहें।
* ईमानदारी और अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाएं।
* सीखने की आदत कभी न छोड़ें।
* परिवार और सामाजिक मूल्यों का सम्मान करें।
* सफलता के साथ विनम्रता बनाए रखें।



