खेलों को बढ़ावा देने को उत्तराखंड-हरियाणा आए एक पाले में: धामी सरकार हरियाणा की तर्ज पर पहाड़ प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर खेल इंफ्रा व सुविधाएं देने को तैयार कर रही एक्शन प्लान

TheNewsAdda

खेलों को बढ़ावा देने के लिये हरियाणा और उत्तराखण्ड बनेंगे सहयोगी

मुख्यमंत्री एवं खेलमंत्री के निर्देश पर राज्य के विशेष प्रमुख सचिव अभिनव कुमार ने खेल विभाग के अधिकारियों के साथ हरियाणा के अधिकारियों से किया विचार विमर्श

दोनों राज्यों के अधिकारियों ने साझा की अपनी-अपनी कार्ययोजना

देहरादून/पंचकुला: खेलों के मोर्चे पर हरियाणा देश में एक अलग पहचान बना चुका है। खेल प्रतियोगिता राष्ट्रीय हों या अन्तराष्ट्रीय हर जगह हरियाणा के खिलाड़ी खूब मेडल जीतते हैं। उत्तराखंड में भी प्रतिभाओं की कमी नहीं फिर चाहे हॉकी की स्टार वंदना कटारिया हों या बैडमिंटन के नए चैंपियन लक्ष्य सेन। लेकिन इसे खेल सुविधाओं का अभाव कहिए या फिर खेल प्रतिभाओं को निखारने की कार्ययोजना न होना, राज्य के खिलाड़ियों को सही समय पर उचित मंच, मदद और मार्गदर्शन नहीं मिल पाने से राज्य मेडल तालिका में हमेशा पिछड़ जाता है।

अब धामी सरकार ने ठान लिया है कि खेलों की दुनिया में भी सैन्य क्षेत्र में अपना शौर्य दिखाने वाले राज्य के युवाओं को तराशा जाएगा। इसी कड़ी में हरियाणा की मनोहर लाल खट्टर सरकर के साथ उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार मिलकर एक्शन प्लान बनाएगी ताकि पहाड़ प्रदेश के युवाओं को बेहतर संसाधन मिल सकें और वे अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकें।

इसी लक्ष्य को लेकर सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा खेल मंत्री रेखा आर्य के निर्देशानुसार राज्य के विशेष प्रमुख सचिव अभिनव कुमार खेल विभाग के अधिकारियों को लेकर पंचकुला स्थित खेल विभाग, हरियाणा के मुख्यालय में हरियाणा राज्य में संचालित विभिन्न खेल योजनाओं की जानकारी के सम्बन्ध में वहां के अधिकारियों के साथ बैठक करने पहुंचे।

बैठक में विशेष प्रमुख सचिव अभिनव कुमार के अलावा उत्तराखंड की तरफ से खेल निदेशक गिरधारी सिंह रावत, संयुक्त निदेशक खेल डॉ० धर्मेन्द्र प्रकाश भट्ट रहे। जबकि हरियाणा की ओर से खेल निदेशक पंकज नैन, आई०पी०एस० एवं अपर निदेशक खेल विवेक पदम सिंह ने हिस्सा लिया।

बैठक में हरियाणा में संचालित खेल प्रशिक्षण कार्यक्रमों, प्रशिक्षकों की तैनाती, खेल अवस्थापना सुविधाओं का विकास एवं अनुरक्षण, खेल नर्सरियों की स्थापना, खिलाड़ियों के कल्याणार्थ संचालित विभिन्न योजनाओं के साथ-साथ खेलों में उच्च प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राजकीय सेवा में नियुक्ति दिये जाने सम्बन्धी प्रक्रिया पर हरियाणा की ओर से प्रस्तुतिकरण दिया गया एवं उस पर विस्तार से चर्चा की गयी। उत्तराखंड के विशेष प्रमुख सचिव अभिनव कुमार ने राज्य की नई खेल नीति एवं छात्रवृत्ति योजनाओं के सम्बन्ध में जानकारी दी।

बैठक में हरियाणा की ओर से सुझाव दिया गया कि छात्रवृत्ति के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर खेल नर्सरियां विकसित की जाएं जिससे स्थानीय स्तर पर किशोर-किशोरियों को खेल सम्बन्धी प्रशिक्षण प्राप्त हो सके एवं वे उच्च स्तरीय प्रशिक्षण हेतु तैयार हो सकें।

बैठक के बाद उत्तराखण्ड के अधिकारियों द्वारा ताऊ देवी लाल खेल परिसर पंचकुला का भी निरीक्षण किया गया एवं खेल अवस्थापना सुविधाओं तथा उनके संचालन के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की गयी।


TheNewsAdda
error: Content is protected !!