News Buzzन्यूज़ 360

Uttarakhand News: 25 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा सेतु, सरकार आपके द्वार’ अभियान, हर ब्लॉक-तहसील में लगेंगे शिविर

उत्तराखंड में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 25 सितंबर से 07 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा सेतु, सरकार आपके द्वार’ अभियान आयोजित किया जाएगा।

Share now

देहरादून: उत्तराखंड में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 25 सितंबर से 07 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा सेतु, सरकार आपके द्वार’ अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत प्रदेश के सभी ज़िलों में ब्लॉक और तहसील स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों का चयन कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने की व्यवस्था की जाएगी।

सचिवालय में शनिवार को कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल की अध्यक्षता में अभियान की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। बैठक में अधिकारियों को शिविरों के सफल आयोजन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य शिविर से लेकर सरकारी योजनाओं की जानकारी तक

‘सेवा सेतु, सरकार आपके द्वार’ शिविरों में स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय शिविर लगाए जाएंगे। विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल और प्रदर्शनी के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

शिविरों में पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने के लिए आवेदन पत्र भरने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सफलता की कहानियों का प्रस्तुतीकरण भी किया जाएगा।

विशेषज्ञ डॉक्टरों की मौजूदगी में होंगे मेडिकल कैंप

अधिकारियों को शिविरों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की मौजूदगी में मेडिकल कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा ट्री प्रोटेक्शन एक्ट और मानव-वन्यजीव संघर्ष के संबंध में आमजन को जागरूक करने के लिए भी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

हर ब्लॉक और तहसील में कम से कम तीन दिन चलेंगे शिविर

राज्य आपदा प्रबंधन के उपाध्यक्ष डॉ. विनय रोहिला ने बताया कि ‘सेवा सेतु’ अभियान 25 सितंबर से 07 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। प्रत्येक तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे और हर शिविर कम से कम तीन दिन संचालित किया जाएगा। कार्यक्रमों की रिपोर्टिंग भी की जाएगी।

जिलाधिकारियों को कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश

कैबिनेट मंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को शिविर की तिथि, स्थल, नोडल अधिकारी, योजनाओं और उपलब्धियों सहित विस्तृत कार्ययोजना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पहले आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रमों से अलग स्थानों पर शिविर आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा जा सके।

शिविरों के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए होर्डिंग्स और बैनर आदि लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

लाभार्थियों को मौके पर आवेदन की सुविधा

महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने बताया कि अभियान के दौरान विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां पात्र लाभार्थियों का चयन करने के साथ आवेदन पत्र भरने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। पात्र लोगों को संबंधित योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी की जाएगी।

बैठक में सचिव विनय शंकर पाण्डेय, सी. रविशंकर, राजेन्द्र कुमार, अपर सचिव रोहित मीणा, सीसीएफ वन राहुल, सीडीओ देहरादून अभिनव शाह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सभी जनपदों के जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

 

Show More

The News Adda

The News अड्डा एक प्रयास है बिना किसी पूर्वाग्रह के बेबाक़ी से ख़बर को ख़बर की तरह कहने का आख़िर खबर जब किसी के लिये अचार और किसी के सामने लाचार बनती दिखे तब कोई तो अड्डा हो जहां से ख़बर का सही रास्ता भी दिखे और विमर्श का मज़बूत मंच भी मिले. आख़िर ख़बर ही जीवन है.

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!