

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जन्मदिन बुधवार को प्रदेश में अलग-अलग कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। जन्मदिन के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई नेताओं ने मुख्यमंत्री धामी को शुभकामनाएं दीं। वहीं मुख्यमंत्री ने अपना जन्मदिन देहरादून में दिव्यांग बच्चों के बीच मनाया और युवाओं से तीन महत्वपूर्ण संकल्प लेने का आह्वान किया।
मोदी ने दी बधाई, उत्तराखंड की प्रगति का किया उल्लेख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड की प्रगति और गरीबों के सशक्तिकरण की दिशा में मुख्यमंत्री के प्रयासों का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री की शुभकामनाओं के लिए उनका आभार जताया।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने भी मुख्यमंत्री धामी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उत्तराखंड की संस्कृति के संरक्षण और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के प्रयासों का उल्लेख किया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री धामी को बधाई देते हुए उत्तराखंड की विशिष्ट पहचान और समृद्ध विरासत को संरक्षित रखते हुए विकास को गति देने की बात कही। वहीं केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और मंगलमय जीवन की कामना की।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी पुष्कर सिंह धामी को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने बाबा केदारनाथ से मुख्यमंत्री धामी के यशस्वी, स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की प्रार्थना की।
दिव्यांग बच्चों के बीच काटा जन्मदिन का केक
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जन्मदिन को इस बार अलग अंदाज में मनाया। वह देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान पहुंचे और वहां अध्ययनरत बच्चों के साथ जन्मदिन की खुशियां साझा कीं।
मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ केक काटा, उनसे बातचीत की और उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि बच्चों के बीच बिताया गया समय जीवन को नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है। प्रत्येक बच्चे में प्रतिभा और संभावनाएं होती हैं और उन्हें आगे बढ़ने के लिए अवसर, प्रोत्साहन और विश्वास मिलना चाहिए।
धामी ने कहा कि दिव्यांगजनों का सशक्तिकरण केवल सरकार का विषय नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को समान अवसर और सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने बच्चों से जीवन की चुनौतियों का आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ सामना करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों का स्नेह और उनके चेहरों की खुशी उनके लिए जन्मदिन का सबसे विशेष और यादगार उपहार है।
‘युवा संकल्प दिवस’ के रूप में मनाया जन्मदिन
मुख्यमंत्री धामी ने अपने जन्मदिन को ‘युवा संकल्प दिवस’ के रूप में भी मनाया। देहरादून के रेंजर्स ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया और युवाओं से संवाद किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की युवा शक्ति विकसित और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण की प्रमुख आधारशिला है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प में आज की युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार, स्टार्टअप और खेल के क्षेत्र में युवाओं को अवसर उपलब्ध कराने पर काम कर रही है। प्रयास यह है कि उत्तराखंड के युवाओं को रोजगार के लिए मजबूरी में अपना घर, गांव या प्रदेश न छोड़ना पड़े। युवा केवल रोजगार तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले भी बनें।
मुख्यमंत्री ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, ऑटोमेशन और डिजिटल टेक्नोलॉजी में तेजी से हो रहे बदलावों का जिक्र करते हुए युवाओं से भविष्य की जरूरतों के अनुरूप अपने कौशल को विकसित करने का आह्वान किया।
उन्होंने पर्यटन, होमस्टे और स्थानीय उत्पादों के जरिए स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी जोर दिया।
युवाओं से लिए तीन संकल्प
जन्मदिन के मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं से तीन संकल्प लेने का आह्वान किया।
पहला संकल्प: जीवन में एक बड़ा लक्ष्य निर्धारित किया जाए और उसे हासिल करने के लिए पूरी मेहनत की जाए।
दूसरा संकल्प: खुद नशे से दूर रहें और अपने साथियों को भी नशे से दूर रखने का प्रयास करें।
तीसरा संकल्प: जीवन में जिस भी क्षेत्र में सफलता मिले, अपने ज्ञान, अनुभव और सामर्थ्य का कुछ हिस्सा उत्तराखंड के विकास के लिए समर्पित करें।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से तकनीक और मोबाइल का सकारात्मक उपयोग करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल केवल मनोरंजन के लिए नहीं, बल्कि ज्ञान और कौशल बढ़ाने के लिए भी किया जाना चाहिए।
उन्होंने सोशल मीडिया पर आधी-अधूरी और भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने तथा किसी भी जानकारी को तथ्यों की कसौटी पर परखने की बात कही।
नशे से दूर रहने का संदेश
युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके सपनों और भविष्य को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

प्रदेशभर में हुए कार्यक्रम
मुख्यमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर प्रदेशभर में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। भाजपा की ओर से इस दिन को ‘युवा संकल्प दिवस’ के रूप में मनाया गया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्रियों, विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
क्यूआर कोड स्कैन कर मुख्यमंत्री के जन्मदिवस से जुड़ी तस्वीरें प्राप्त कर सकेंगे आमजन
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों एवं उनसे जुड़े विशेष क्षणों की तस्वीरें अब आमजन भी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।
इसके लिए एक क्यूआर कोड उपलब्ध कराया गया है। आमजन अपने मोबाइल फोन से क्यूआर कोड को स्कैन कर मुख्यमंत्री के जन्मदिवस से संबंधित तस्वीरों की फोटो गैलरी तक पहुंच सकते हैं तथा अपनी पसंद की तस्वीरें देख एवं डाउनलोड कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता की। क्यूआर कोड के माध्यम से इन अवसरों से जुड़ी तस्वीरें आमजन के लिए सहज रूप से उपलब्ध कराई गई हैं।
क्यूआर कोड को मोबाइल कैमरे अथवा क्यूआर स्कैनर से स्कैन कर तस्वीरें प्राप्त की जा सकती हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस पर मुख्यमंत्री आवास में उमड़ा आत्मीयता का माहौल, मंत्रीगण, अधिकारी-कर्मचारी और जनप्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के अवसर पर 16 सितंबर, बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में आत्मीयता और उत्साह का वातावरण रहा। मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं देने के लिए प्रदेश सरकार के मंत्रीगण, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी एवं अधिकारी-कर्मचारी मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। सभी ने मुख्यमंत्री से भेंट कर उनके स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री आवास पर दिनभर शुभकामनाएं देने वालों का सिलसिला चलता रहा। मंत्रीगण, जनप्रतिनिधियों और शासन-प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों में मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई देने को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। सभी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्यमंत्री को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं और उनके सफल एवं उज्ज्वल जीवन की कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी का आत्मीयता से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि साथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों का यह स्नेह और शुभकामनाएं उनके लिए विशेष महत्व रखती हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सेवा का दायित्व एक सामूहिक जिम्मेदारी है और सभी के सहयोग एवं समन्वय से ही राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाया जा सकता है।
लंबे समय से साथ कार्य कर रहे मंत्रीगण, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई देने के लिए उत्साहित नजर आए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की जनता और प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की सेवा करना उनके लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राज्य को विकसित उत्तराखंड की दिशा में आगे ले जाने के लिए सरकार, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों-कर्मचारियों की टीम भावना के साथ कार्य करना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर मुख्यमंत्री आवास में दिनभर बधाई एवं शुभकामनाओं का सिलसिला जारी रहा। इस अवसर पर मंत्रीगण, जनप्रतिनिधि, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, अपर सचिव बंशीधर तिवारी सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा कर्मचारियों सहित विभिन्न वर्गों के लोगों ने मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं दीं और उनके स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।




