

कालाढूंगी। उत्तराखंड में महिला सशक्तिकरण को पर्यटन और स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा ऐलान किया है। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में पर्यटन सत्र 2026-27 के दौरान महिलाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 70 अतिरिक्त जिप्सियों का पंजीकरण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने रविवार को कालाढूंगी में आयोजित नारी शक्ति सम्मान समारोह में यह घोषणा करने के साथ ही क्षेत्र के विकास के लिए छह महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।
राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने खेल, शिक्षा, कृषि, स्वरोजगार सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 22 महिलाओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि महिलाओं के संघर्ष, साहस, परिश्रम और उपलब्धियों को नमन करने का अवसर है।
कालाढूंगी को छह विकास योजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री ने कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए छह घोषणाएं कीं। इनमें 200 विद्युत पोलों की स्थापना, ग्राम गुजरौड़ा के नवाड़ तोक सैलानी में सड़क का नवनिर्माण और गोडापड़ाव बाईपास मार्ग से बजवालपुर-किशनपुर मार्ग का चौड़ीकरण शामिल है।
इसके अलावा कालाढूंगी में मिनी स्टेडियम का निर्माण और कालाढूंगी अस्पताल का उच्चीकरण किया जाएगा। वहीं, कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए पर्यटन सत्र 2026-27 में 70 अतिरिक्त जिप्सियों का पंजीकरण होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाओं के साथ रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे।

मातृशक्ति का सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण सर्वोच्च प्राथमिकता : धामी
मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। भारतीय संस्कृति में नारी को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। नारी का वास्तविक सम्मान तभी संभव है, जब उसे समान अवसर मिलें, उसके निर्णयों को महत्व दिया जाए और वह आत्मनिर्भर बनकर अपने सपनों को साकार कर सके।
उन्होंने उत्तराखंड की महिलाओं के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद प्रदेश की महिलाओं ने परिवार, खेती, पशुपालन और सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
अपने बचपन के अनुभव साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने अपनी माता के संघर्ष, अनुशासन और परिश्रम को अपनी प्रेरणा बताया। उन्होंने कहा कि पहाड़ की मातृशक्ति का मनोबल हिमालय से भी ऊंचा और मजबूत है।
साढ़े तीन लाख से अधिक महिलाएं बनीं लखपति दीदी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में महिला सशक्तिकरण के लिए सरकार कई स्तरों पर काम कर रही है। सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है।
उत्तराखंड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 71 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों से पांच लाख से अधिक ग्रामीण महिलाएं जुड़ी हैं। इन समूहों के माध्यम से महिलाएं स्वरोजगार अपनाकर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं। प्रदेश में साढ़े तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना के माध्यम से महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है, जबकि मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना के जरिए महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
हाउस ऑफ हिमालयाज से जुड़ीं 5,500 महिलाएं, छह करोड़ से अधिक का कारोबार
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के पारंपरिक उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किया गया ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है। इस ब्रांड से लगभग 5,500 महिलाएं जुड़ी हैं और अब तक छह करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री दर्ज की जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होने के साथ महिलाओं की आय बढ़ाने के नए अवसर भी तैयार हो रहे हैं।
नंदा गौरा योजना से बेटियों को आर्थिक संबल
मुख्यमंत्री ने कहा कि नंदा गौरा योजना के तहत पात्र बालिकाओं के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं उत्तीर्ण करने के बाद 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। महिला सुरक्षा और समान अधिकारों की दिशा में प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू की गई है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं ने महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम भी महिला नेतृत्व को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि मातृशक्ति के सहयोग और आशीर्वाद से उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प साकार होगा।
समारोह में सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक बंशीधर भगत, सरिता आर्य, दीवान सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, महापौर गजराज बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।



