News Buzzन्यूज़ 360पर्यावरण

ऋषिकेश के सात मोड़ पर क्यों मचा बवाल? पेड़ कटान के खिलाफ उतरे पर्यावरणविद, NHAI के दूसरे हाईवे पर उठाया बड़ा सवाल

सात मोड़ को फोरलेन/सिक्सलेन करने से हाथियों का हैबिटेट प्रभावित होने और मानव-वन्यजीव संघर्ष बढ़ने की चेतावनी | रात 8 से सुबह 6 बजे तक यातायात बंद कर नेपाली फार्म रूट इस्तेमाल करने का सुझाव

Share now
ऋषिकेश सात मोड़ पर पेड़ कटान के विरोध में पर्यावरणविदों ने NHAI पर सवाल उठाए। हाथियों के हैबिटेट और मानव-वन्यजीव संघर्ष को लेकर चेतावनी, रात 8 से सुबह 6 बजे यातायात बंद करने का सुझाव।
देहरादून: ऋषिकेश के सात मोड़ पर सड़क चौड़ीकरण के लिए प्रस्तावित पेड़ कटान को लेकर पर्यावरणविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों का विरोध तेज हो गया है। देहरादून प्रेस क्लब में आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में ऋषिकेश और देहरादून से पहुंचे वक्ताओं ने सड़क चौड़ीकरण के नाम पर पेड़ कटान और वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने सवाल उठाया कि जब नेपाली फार्म-देहरादून फोरलेन हाईवे (NH-7) पहले से मौजूद है, तो एनएचएआई द्वारा दूसरा हाईवे क्यों बनाया जा रहा है?

वक्ताओं ने कहा कि सात मोड़ क्षेत्र हाथियों के लिए महत्वपूर्ण और प्रमुख गलियारा है। यहां बड़े पैमाने पर पेड़ कटान और सड़क निर्माण से हाथियों के आवास और उनके आवागमन के रास्ते प्रभावित होंगे, जिससे आने वाले समय में मानव-वन्यजीव संघर्ष बढ़ने का खतरा है।

‘हाथियों को चारों तरफ से कंक्रीट के जाल में घेरने जैसा’ 

पर्यावरणविद् हिमांशु अरोड़ा ने प्रेस वार्ता की शुरुआत करते हुए विकास के मौजूदा मॉडल पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “हम लगातार वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास को नष्ट कर रहे हैं। एक तरफ ऋषिकेश सात मोड़ की सड़क को फोरलेन या सिक्सलेन करना और दूसरी तरफ थानों की सड़क का चौड़ीकरण करना—यह हाथियों को चारों तरफ से कंक्रीट के जाल में घेरने जैसा है। अगर हम उनके रहने की जगह और चलने के रास्ते छीन लेंगे, तो जानवर आखिर जाएंगे कहां? मजबूरन वे इंसानी बस्तियों का रुख करेंगे, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष खतरनाक स्तर पर पहुंच जाएगा।”

देहरादून में जंगल कटान के आंकड़ों पर उठाया सवाल

अनूप नौटियाल ने आरटीआई से मिले आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि उत्तराखंड राज्य के गठन के बाद पिछले 25 वर्षों में प्रदेश के समस्त जंगलों के कटान का 47 प्रतिशत हिस्सा अकेले देहरादून जिले में हुआ है।

उन्होंने कहा, “अगर महज 25 सालों में देहरादून में इतने व्यापक स्तर पर पेड़ों और जंगलों का कटान हुआ है तो आने वाले वर्षों में बचा हुआ जंगल भी पूरी तरह साफ कर दिया जाएगा। इसके बाद देहरादून सिर्फ एक कंक्रीट का जंगल बनकर रह जाएगा।” उन्होंने इस कथित विकास मॉडल को ‘पर्यावरण संहार’ की संज्ञा दी।

‘सात मोड़ हाथियों का प्रमुख गलियारा’

ऋषिकेश की पर्यावरण कार्यकर्ता शैफी ने कहा कि उन्हें किसी भी कीमत पर जंगलों और पेड़ों का कटान मंजूर नहीं है। उन्होंने कहा, “जिस सात मोड़ की सड़क को चौड़ा करने की बात की जा रही है, वहां यातायात का कोई भारी दबाव नहीं है। सबसे बड़ी बात यह है कि यह क्षेत्र हाथियों का एक बेहद प्रसिद्ध और प्रमुख गलियारा है।”

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सड़क निर्माण कार्य शुरू हुआ तो अगले 4-5 वर्षों तक जंगल में निर्माण के कारण पैदा होने वाली अशांति से हाथी और अन्य वन्यजीव अपनी जगह छोड़ने को मजबूर हो सकते हैं।

वक्ताओं ने हाल ही में डोईवाला में हुई घटना का भी हवाला दिया, जहां उनके अनुसार एक-दो दिन पहले हाथी के हमले में एक व्यक्ति की जान चली गई। उनका कहना था कि सात मोड़ पर पेड़ काटे गए तो हाथियों के भटकने के कारण इस तरह की घटनाएं और तेजी से बढ़ सकती हैं।

‘नेपाली फार्म-देहरादून फोरलेन पहले से मौजूद, फिर दूसरा NH-7 क्यों?’’

प्रेस वार्ता में NHAI की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए। शिल्पी ने कहा, “जब एक तरफ नेपाली फार्म से देहरादून जाने वाला फोरलेन हाईवे पहले से ही शानदार स्थिति में मौजूद है, तो ठीक उसी के समानांतर एनएचएआई द्वारा दूसरा एनएच-7 हाईवे क्यों और किस फायदे के लिए बनाया जा रहा है? यह सरकारी धन और पर्यावरण दोनों की खुली बर्बादी है।”

रात 8 से सुबह 6 बजे तक सात मोड़ पर यातायात बंद करने का सुझाव

सात मोड़ क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए ओमिनी ने वैकल्पिक व्यवस्था का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि यह मार्ग वन्यजीवों के लिए बेहद संवेदनशील है और करीब 50 वर्ष पहले ऋषिकेश-देहरादून मार्ग रात के समय बंद किया जाता था।

उन्होंने सुझाव दिया कि आज भी रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक सात मोड़ मार्ग को यातायात के लिए पूरी तरह बंद किया जा सकता है। इस दौरान रात का यातायात नेपाली फार्म-देहरादून फोरलेन सड़क की ओर डायवर्ट किया जा सकता है। उनका कहना था कि इससे वन्यजीवों को रात में सुरक्षित आवाजाही का अवसर मिलेगा।

‘सड़क चौड़ी करने से हादसे नहीं रुकते’

नितिन ने सात मोड़ को खत्म कर सड़क को सीधा करने और इससे दुर्घटनाएं रोकने के सरकारी दावों पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि दिल्ली-जयपुर हाईवे और दिल्ली-आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे जैसे नए फोरलेन और सिक्सलेन मार्गों पर भी गंभीर दुर्घटनाएं होती रहती हैं।

उन्होंने कहा, “चौड़े हाईवे बनने से वाहनों की रफ्तार बढ़ती है, जिससे दुर्घटनाएं घटती नहीं बल्कि और अधिक बढ़ जाती हैं।”

अगले एक महीने तक जारी रहेगा आंदोलन

सात मोड़ को बचाने के अभियान के तहत युवाओं ने आगामी एक महीने के कार्यक्रमों की रूपरेखा भी साझा की। 15 अगस्त को सात मोड़ पर विशेष जागरूकता एवं देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यहां से बाइक रैली भी गुजरेगी। रक्षाबंधन पर जंगलों में पेड़ों को रक्षासूत्र बांधकर पेड़ों और जंगलों को बचाने का संकल्प लिया जाएगा।

9 सितंबर को हिमालय दिवस के अवसर पर “यह कैसा हिमालय दिवस?” शीर्षक से वृहद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए जाएंगे।

इसके अलावा हर रविवार सात मोड़ पर पेड़ कटान के विरोध में प्रदर्शन और जागरूकता अभियान जारी रखने की घोषणा की गई है।

सरकार से सड़क चौड़ीकरण का फैसला वापस लेने की मांग

प्रेस वार्ता के अंत में सभी वक्ताओं ने सरकार से पर्यावरण और वन्यजीवों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सड़क चौड़ीकरण के फैसले को तत्काल वापस लेने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि मांग नहीं मानी गई तो आंदोलन को और तेज तथा व्यापक किया जाएगा।

प्रेस वार्ता में जया सिंह, इरा चौहान, रूचि सिंह, अनीश लाल, संजय, वासु खन्ना, शिल्पी और कनीश उपस्थित रहे।

ऋषिकेश सात मोड़ पर पेड़ कटान के विरोध में पर्यावरणविदों ने NHAI पर सवाल उठाए। हाथियों के हैबिटेट और मानव-वन्यजीव संघर्ष को लेकर चेतावनी, रात 8 से सुबह 6 बजे यातायात बंद करने का सुझाव।
Show More

The News Adda

The News अड्डा एक प्रयास है बिना किसी पूर्वाग्रह के बेबाक़ी से ख़बर को ख़बर की तरह कहने का आख़िर खबर जब किसी के लिये अचार और किसी के सामने लाचार बनती दिखे तब कोई तो अड्डा हो जहां से ख़बर का सही रास्ता भी दिखे और विमर्श का मज़बूत मंच भी मिले. आख़िर ख़बर ही जीवन है.

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!