
- देहरादून और बागेश्वर सहित उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
देहरादून। उत्तराखंड में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देहरादून और बागेश्वर सहित कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए लोगों और प्रशासन को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान देहरादून और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, तेज गर्जना और बिजली चमकने की संभावना है। वहीं पौड़ी, पिथौरागढ़ सहित कुछ अन्य पर्वतीय जिलों के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।
बारिश की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे न जाने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने तथा मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है। बागेश्वर में एहतियात के तौर पर जिला प्रशासन ने स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश भी जारी किए हैं।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और सक्रिय मौसम प्रणालियों के कारण उत्तराखंड में बारिश की गतिविधियां तेज हुई हैं। इसके साथ ही अगले कुछ दिनों में प्रदेश में मानसून के और अधिक सक्रिय होने की संभावना है।
आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग के सचिव विनोद कुमार सुमन ने नागरिकों से अपील की है कि मौसम विभाग एवं प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन अथवा आपदा नियंत्रण कक्ष से तत्काल संपर्क करें।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), देहरादून द्वारा जारी नवीनतम मौसम पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के विभिन्न जिलों में 01 एवं 02 जुलाई को कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है। इसे देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केन्द्र (SEOC) ने सभी जिलाधिकारियों को आवश्यक सतर्कता एवं एहतियाती उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 01 जुलाई को देहरादून एवं बागेश्वर जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश (ऑरेंज अलर्ट) की संभावना है। इसके अतिरिक्त टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चम्पावत, ऊधमसिंह नगर एवं पिथौरागढ़ जिले में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में गर्जन, आकाशीय बिजली, तेज वर्षा तथा 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।
इसी प्रकार 02 जुलाई को देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी, नैनीताल एवं बागेश्वर जिले में भारी से बहुत भारी बारिश (ऑरेंज अलर्ट) जारी किया गया है। वहीं हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग एवं चमोली जिले में भारी बारिश तथा पर्वतीय क्षेत्रों में गर्जन, आकाशीय बिजली एवं तेज हवाओं की संभावना व्यक्त की गई है।
राज्य आपातकालीन परिचालन केन्द्र ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि संवेदनशील क्षेत्रों की सतत निगरानी की जाए, राहत एवं बचाव दलों को हाई अलर्ट पर रखा जाए तथा किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सड़क अवरुद्ध होने की स्थिति में संबंधित विभाग तत्काल मार्ग खोलने की कार्रवाई करें। सभी विभागीय अधिकारी, आपदा प्रबंधन से जुड़े नोडल अधिकारी एवं आईआरएस प्रणाली के अधिकारी सक्रिय रहें तथा अपने मोबाइल एवं संचार माध्यम निरंतर चालू रखें।
इसके अतिरिक्त पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग गतिविधियों पर मौसम की स्थिति के अनुसार आवश्यक प्रतिबंध लगाने, विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, नगर क्षेत्रों में नालियों एवं कल्वर्टों की सफाई कराने, आवश्यक खाद्य सामग्री एवं चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध रखने तथा जिला सूचना अधिकारियों के माध्यम से मौसम संबंधी चेतावनियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए हैं।



