News Buzzन्यूज़ 360शिक्षा

CM धामी का दून यूनिवर्सिटी को बड़ा तोहफा: अंबेडकर के नाम केंद्रीय पुस्तकालय, मिलेंगी 2 इलेक्ट्रिक बसें; 5 विदेशी भाषाओं पर भी फोकस

दीक्षारम्भ सत्र में मुख्यमंत्री का युवा संवाद, 11.20 करोड़ की बायोलॉजिकल साइंस लैब और 17.39 करोड़ के केंद्रीय पुस्तकालय का लोकार्पण

Share now
  • दून यूनिवर्सिटी में CM धामी की 4 बड़ी घोषणाएं, छात्रों को मिलेंगी 2 इलेक्ट्रिक बसें; अंबेडकर के नाम पर होगा केंद्रीय पुस्तकालय

देहरादून। दून विश्वविद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने छात्रों के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने ऐलान किया कि विश्वविद्यालय के केंद्रीय पुस्तकालय का नाम अब बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर रखा जाएगा, जबकि विद्यार्थियों के लिए दो इलेक्ट्रिक बसों की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा विश्वविद्यालय के कम्युनिटी रेडियो स्टेशन 88.4 एफएम के संचालन के लिए दो पद सृजित किए जाएंगे और विदेशी भाषा विभागों को मजबूत किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने गुरुवार को दून विश्वविद्यालय में दीक्षारम्भ सत्र 2026-27 एवं युवा संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने नए विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय जीवन सिर्फ कक्षा और परीक्षा तक सीमित नहीं है। यह युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण, नई सोच विकसित करने और भविष्य की दिशा तय करने का महत्वपूर्ण दौर है।अंबेडकर के नाम होगा केंद्रीय पुस्तकालय

मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय के 17 करोड़ 39 लाख रुपये की लागत से निर्मित केंद्रीय पुस्तकालय भवन का लोकार्पण किया। इसी दौरान उन्होंने घोषणा की कि केंद्रीय पुस्तकालय का नाम बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर रखा जाएगा।

इसके साथ ही 11 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से बने बॉयोलॉजिकल साइंस प्रयोगशाला भवन का भी लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री के मुताबिक नई सुविधाओं से विश्वविद्यालय में पढ़ाई और शोध गतिविधियों को गति मिलेगी।छात्रों के लिए दो इलेक्ट्रिक बसें

दून विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए मुख्यमंत्री ने दो इलेक्ट्रिक बसों की व्यवस्था करने की घोषणा की। विश्वविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों की आवाजाही को देखते हुए यह घोषणा सीधे छात्रों से जुड़ी प्रमुख घोषणाओं में शामिल है।

वहीं, विश्वविद्यालय में शुरू किए गए 88.4 एफएम कम्युनिटी रेडियो स्टेशन के सफल संचालन के लिए कार्यक्रम समन्वयक और तकनीकी सहायक के दो पद सृजित करने की भी घोषणा की गई।

स्पेनिश से जापानी तक, विदेशी भाषाओं पर फोकस

मुख्यमंत्री ने दून विश्वविद्यालय में विदेशी भाषा विभागों को मजबूत करने की घोषणा भी की। इसके तहत स्पेनिश, जर्मन, फ्रेंच, चाइनीज और जापानी भाषा विभागों के लिए यथोचित पद सृजित किए जाएंगे।

सरकार का कहना है कि इन विभागों को इस तरह मजबूत किया जाएगा कि दून विश्वविद्यालय के साथ-साथ राज्य के अन्य शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों को भी कौशल आधारित शिक्षा मिल सके और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हों।

बड़े सपने देखिए और उन्हें पूरा कीजिए: सीएम धामी 

युवा संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए लगातार मेहनत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा शक्ति होती है। जिस देश का युवा सपने देखने का साहस, उन्हें पूरा करने का संकल्प और कठिन परिश्रम की क्षमता रखता है, उसे आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता।

उन्होंने कहा कि आज का दौर नवाचार का है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप उच्च शिक्षण संस्थानों में एआई, मशीन लर्निंग और बिग डेटा जैसे आधुनिक विषयों को बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रदेश में वैज्ञानिक अनुसंधान को प्रोत्साहित करने के लिए साइंस सिटी और एस्ट्रो पार्क जैसी परियोजनाओं पर भी काम किया जा रहा है।

पांच साल में 34 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी सहयोग दे रही है। UPSC, NDA और CDS की लिखित परीक्षा पास करने वाले युवाओं को साक्षात्कार की तैयारी के लिए 50 हजार रुपये तक की सहायता दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता के लिए राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। मुख्यमंत्री के अनुसार इसी व्यवस्था के परिणामस्वरूप पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति मिली है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपनी क्षमताओं को पहचानने, विश्वविद्यालय में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने और राष्ट्र निर्माण में भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प में युवाओं की भूमिका निर्णायक है।

 

कार्यक्रम में विधायक विनोद चमोली, दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल, मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविंद सिंह, अपर सचिव मनमोहन मैनाली समेत विश्वविद्यालय के प्राध्यापक मौजूद रहे।

दून विश्वविद्यालय के दीक्षारम्भ सत्र में CM पुष्कर सिंह धामी ने 2 इलेक्ट्रिक बसों, अंबेडकर के नाम पर केंद्रीय पुस्तकालय और विदेशी भाषा विभागों को मजबूत करने समेत कई घोषणाएं कीं।

दून विश्वविद्यालय में मुख्यमंत्री ने युवाओं से किया संवाद, बोले-बदलती तकनीक के अनुरूप ‘फ्यूचर रेडी’ बनें युवा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दून विश्वविद्यालय में छात्र-छात्राओं से संवाद किया। संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने पलायन रोकने, युवाओं को रोजगार से जोड़ने, उत्तराखंड को उच्च शिक्षा का हब बनाने, विज्ञान, तकनीक एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के दौर में रोजगार की नई संभावनाओं तथा देहरादून में यातायात जाम की समस्या के समाधान को लेकर मुख्यमंत्री से सवाल पूछे।

पलायन रोकने और युवाओं को रोजगार से जोड़ने से संबंधित सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अब रिवर्स माइग्रेशन की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना एवं सौर स्वरोजगार योजना सहित पर्यटन, उद्योग और फिल्म नीति के माध्यम से युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने और उनके माध्यम से स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसर बढ़ाने के लिए भी राज्य सरकार द्वारा निरंतर कार्य किया जा रहा है।

उच्च शिक्षा को मजबूत करने के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उच्च शिक्षण संस्थानों के आधुनिकीकरण और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है। देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी का निर्माण किया जा रहा है, जिससे प्रदेश में विज्ञान एवं अनुसंधान के क्षेत्र में नए अवसर उपलब्ध होंगे तथा युवाओं को आधुनिक वैज्ञानिक संसाधनों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

विज्ञान, तकनीक एवं एआई के दौर में रोजगार की संभावनाओं से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीकी बदलावों के साथ रोजगार के स्वरूप में परिवर्तन हो रहा है और नई संभावनाएं भी तेजी से सामने आ रही हैं। उन्होंने युवाओं से कहा कि उन्हें बदलती तकनीक के अनुरूप अपने कौशल को विकसित करते हुए ‘फ्यूचर रेडी’ बनना होगा। सरकार भी युवाओं को आधुनिक कौशल एवं नई तकनीकों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

देहरादून में यातायात जाम की समस्या के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इसके स्थायी समाधान की दिशा में गंभीरता से कार्य कर रही है। बिंदाल और रिस्पना नदी के ऊपर एलिवेटेड रोड के निर्माण की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से देहरादून शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और जाम की समस्या के समाधान में मदद मिलेगी।

Show More

The News Adda

The News अड्डा एक प्रयास है बिना किसी पूर्वाग्रह के बेबाक़ी से ख़बर को ख़बर की तरह कहने का आख़िर खबर जब किसी के लिये अचार और किसी के सामने लाचार बनती दिखे तब कोई तो अड्डा हो जहां से ख़बर का सही रास्ता भी दिखे और विमर्श का मज़बूत मंच भी मिले. आख़िर ख़बर ही जीवन है.

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!